Sunday, August 2, 2026
Home Blog Page 7

बिनौली के शूटरों ने दिल्ली में जीता रजत पदक

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर

बिनौली:दिल्ली के डॉक्टर कर्णी सिंह शूटिंग रेज में हुई 11 इंडियन ओपेन शूटिंग चैम्पियनशिप में राइफल क्लब बिनौली के शूटर अभय धामा ने सटीक निशाना साधते हुए सिल्वर पदक जीता। पदक विजेता शूटरो को रालोद नेता गगन धामा ने पुरस्कृत किया।
रेंज बिनौली राइफ़ल क्लब कोच सचिन कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि 21से 31 अक्टूबर तक हुई चैम्पियनशिप में रेंज के अभय धामा ने दस मीटर एयर पिस्टल (आईएसएसएफ) सीनियर वर्ग पुरुष स्पर्धा में सिल्वर पदक जीता। इस अवसर पर अमित धामा,जितेंद्र धामा, राजीव गोस्वामी, सुधांशू जैन, उपेंद्र धामा, विपिन धामा, संदीप धामा, महक सिंह धामा, नीरज धामा उर्फ टिल्लू,वीरेंद्र धामा,अशोक धामा, सुरेश शर्मा,आदि मौजूद रहे।

भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयन्ती धूमधाम से मनाई

  • लौह पुरुष के जन्म दिवस के अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का किया गया आयोजन
  • जिलाधिकारी ने “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय एकता की दिलायी शपथ और चित्र पर किया माल्यार्पण
  • जनपद के समस्त कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता की दिलाई गई शपथ

बागपत। राष्ट्रीय एकता के सूत्रधार भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की 148वीं जयन्ती जनपद में उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गयी और कलेक्ट्रेट पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरदार बल्लभभाई पटेल जी व पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी के के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार बागपत में सरदार बल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस को “राष्ट्रीय एकता दिवस” के रूप में मनाए जाने के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सम्भ्रान्त नागरिकों, विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए कहा,”मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वंय को समर्पित करुंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका है। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने की भी सत्य निष्ठा से संकल्प करता हूॅं”।
जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के कार्यालयों में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता अखंडता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी भास्कर पांडे, डिप्टी कलेक्टर आदि उपस्थित रहे।

शास्त्र स्मरण प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त कर सुधांशु आश्रम कानपुर के छात्रों ने ऐतिहासिक जीत हासिल की

  • सुधांशु महाराज ने गुरुकुल के सभी विजेता छात्रों को ‘चरैवेति चरैवेति’ का संदेश दिया

कानपुर। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान लखनऊ द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में महर्षि वेदव्यास अंतरराष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ बिठूर कानपुर के छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक जीत हासिल की। लखनऊ में बाल्मीकि जयंती पर आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिताओं में सुधांशु आश्रम कानपुर के छात्र प्रांशु दुबे ने प्रदेश स्तर पर शास्त्र स्मरण (तर्कसंग्रह) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर कानपुर मंडल का पूरे प्रदेश में नाम रोशन किया। इसी प्रतियोगिता में उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष के छात्र अनिकेत शुक्ला ने प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर कानपुर का नाम रोशन किया।
साथ ही प्रदेश के प्रत्येक मंडल से चयनित प्रतिभागियों के बीच प्रदेश स्तर पर 4 घंटओं तक चलने वाली भव्य श्लोक अंताक्षरी प्रतियोगिता में महर्षि वेदव्यास अंतरराष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ के छात्र रोहित द्विवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस अवसर पर सुधांशु आश्रम के छात्रों ने 23000 से भी अधिक की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
समापन व सम्मान समारोह का आयोजन उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के प्रेक्षा गृह में हुआ जहां पर सभी विजेताओं को संस्थान के निदेशक श्री विनय कुमार श्रीवास्तव व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सभी छात्रों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूज्य सुधांशु महाराज ने गुरुकुल के सभी विजेता छात्रों को ‘चरैवेति चरैवेति’ का संदेश देते हुए शुभकामनाओं सहित अपना शुभ आशीर्वाद प्रदान किया।
साथ ही विश्व जागृति मिशन के वरिष्ठ पदाधिकारी मनोज शास्त्री व गुरुकुल के प्रबंधक आचार्य रजनीश, कथावाचक आचार्य कुलदीप ने लखनऊ पहुंचकर विजेता छात्रों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर गुरुकुल के आचार्य ताराचन्द शास्त्री, गौरव वशिष्ठ, कामिनी भट्ट, लक्ष्य त्रिवेदी, अभिषेक शुक्ला, सुशील कुमार मिश्रा, महेंद्र श्रीवास्तव आदि सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गुरुकुल में पुष्पमाला द्वारा विजेता छात्रों का स्वागत सम्मान किया।

मतदाता जागरूकता को लेकर रालोद ने की बैठक

ब्यूरो चीफ,विकास बडग़ुर्जर

बिनौली:रछाड़ गांव में सोमवार को मतदाता जागरूकता को लेकर रालोद की बैठक हुई। बैठक में रालोद के खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने भाजपा पार्टी पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के लोग रालोद समर्पित गांवो में वोट कटवाने में लगे पड़े है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों को अपने मत के प्रति जागरूक करने का आवाहन किया।

बैठक में बोलते चौधरी नीरपाल सिंह  

बैठक में उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव का समय बहुत नजदीक है। भाजपा सरकार से सभी वर्ग के लोग त्रस्त व दुखी है।रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी का जनाधार दिनों दिन बढ़ रहा है। किसान और युवा एकजुट हो गया है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव के लिए संक्षिप्त पुनरीक्षण मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम शुरू हो गया। उन्होंने भाजपा पार्टी पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करने तथा सत्ता पक्ष के लोगों पर रालोद के गढ़ व समर्पित गांवों में वोट कटवाने के कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों को अपने अपने मत के प्रति जागरूक रहने का आवाहन किया, ओर कार्यकर्ताओ व युवाओं से जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील मतदाता केंद्र व निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपने अपने वोट की जांच करने को जागरूक किया साथ ही 1 जनवरी 2024 तक जिनकी 18 वर्ष उम्र हो रही है उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल करवाने का आवाहन किया। बैठक में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री किसान मसीहा स्व. चौधरी चरण सिंह की विचार धारा को जन जन तक पहुचाने के लिए आगामी 29 नवम्बर को सहारनपुर शुरू होने जा रही संदेश रथ यात्रा को सफल बनाने का आवाहन किया।

बैठक की अध्यक्षता ब्रह्म सिंह, संचालन मास्टर ओमबीर सिंह तोमर ने किया। बैठक में राजू तोमर सिरसली, गगन धामा, मास्टर, तिलकराम, राजपाल सिंह, आंनद, ओमपाल, दिलावर सिंह, धर्मबीर सिंह, पप्पू मुखिया, वेदपाल, जयप्रकाश, वीरेंद्र धामा आदि शामिल रहे।

 

 

फ्लोर डेल्स विद्यालय ने मनाई 50वीं वर्षगांठ

मेरठ। गढ़ रोड स्थित मुरारी पुरम के फ्लोर डेल्स विद्यालय में शनिवार को 50वीं वर्ष गांठ मनाई गई। ‘स्वर्णिका’ अर्थात (सफलता के सुनहरे 50 वर्ष)। स्वर्णिका का शुभारंभ प्रधानाचार्या कुसुम गोयल व मुख्य अतिथि (प्रो.वॉइस चांसलर ) वाई विमला, डॉक्टर बृजभूषण, प्रेम मेहता, कर्नल नरेश, प्रिंसिपल अविनाश अलग द्वारा द्वीप प्रज्वलित करके किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम गोयल ने विद्यालय की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष में सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके उपरांत रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने बालकों ने सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
स्वर्णिका की विशेष प्रस्तुति में भारत नाटक, डांसिंग बाल और पंजाबी भांगड़ा ने सभी दर्शकों को जोश और उत्साह से भर दिया। आर्मी डांस को देखकर सभी भाव-विभोर हो गए। स्कूल की व्यवस्था बनाए रखने में सभी अध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में कार्यक्रम की सराहना करते हुए हेड मिस्ट्रेस अर्चना सूदन ने अतिथि व सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए इस स्वर्ण उत्सव का समापन किया।

शरद पूर्णिमा पर मॉरीशस में श्री विष्णु सहस्रनाम और त्रिपुरभैरवी पाठ से आर्यम पुष्पार्चन संपन्न

  • श्री एथनिक इंडिया मॉरीशस का मसूरी आश्रम में विलय

मसूरी। दक्षिणी अफ़्रीका के देश मॉरीशस में सक्रिय श्री एथनिक इंडिया संस्था का आज शरद पूर्णिमा के अवसर पर आर्यम इंटरनेशनल फाउंडेशन मसूरी द्वारा संचालित भगवान शंकर आश्रम में विलय हो गया। वर्ष 2012 से संचालित मॉरीशस आश्रम भी अब भगवान शंकर आश्रय के नाम से जाना जाएगा। इस अवसर श्री विष्णु सहस्रनाम और त्रिपुरभैरवी पाठ के साथ पुष्प अर्चन किया गया। जिसमें मॉरीशस के अनेक भक्तों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
ट्रस्ट की अधिशासी प्रवक्ता माँ यामिनी श्री ने बताया कि फ़ाउंडेशन के प्रमुख और आश्रम के मुख्य अधिष्ठाता परमप्रज्ञ जगद्ग़ुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेन्द्र कुमार आर्यम महाराज स्वयं इस अवसर पर मॉरीशस पधारे। उन्हीं के सानिध्य और आशीष के साथ समस्त सत्र संपन्न हुए।
ज्ञातव्य हो कि पूज्य गुरुदेव श्री आर्यम महाराज ने अपने पहले आश्रम की स्थापना 11 वर्ष पूर्व मॉरीशस में ही की थी। तब इसका नाम श्री एथनिक इंडिया रखा गया था। आज के बाद यह भी भगवान शंकर आश्रम की शाखा के रूप में जाना जाएगा।इस अवसर पर पूर्व संस्था के सभी पदाधिकारियों ने एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किया। अब सभी गतिविधियाँ भगवान शंकर आश्रम मसूरी से ही नियंत्रित और संचालित होंगी।
आश्रम के सक्रिय सहयोग से फ़्रांस अधिकृत रीयूनियन, मेडागास्कर, केपटाऊन, जॉनसबर्ग, डरबन,शेशल्स, रोड्रिक्स आदि में पहले से जुड़े साथियों को लाभ प्राप्त होगा। फ़ाउंडेशन शीघ्र ही भारत की प्राच्य विद्याओं पर आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए एक यूनिवर्सिटी मॉरीशस में खोलेने के प्रति गंभीर है। इस संबंध में कार्यवाही चल रही है।
आज वर्ष के अंतिम चंद्रग्रहण से पूर्व श्री विष्णु सहस्रनाम और त्रिपुरभैरवी पाठ के साथ भव्य पुष्प अर्चन और वैदिक मंत्रोच्चार से मॉरीशस गूंज उठा।
इस अवसर पर आश्रम के स्थानीय संयोजक नवीन कोसी, प्रिया कोसी, गिरीशा देवी, भगवंती कोसी, किरण नारायण, वीमा बाई, रितिशा बाई, शिखा, नितिन, सवीना, निखिल, सर्वेश्वर, एशा, यजनेश, अनीता, रणजीत आदि लगभग 100 भक्तों ने उपस्थित होकर पूज्य गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आज महर्षि बाल्मीकि जयन्ती के अवसर पर ग्राम पंचायत व नगरीय क्षेत्रों में रामायण का पाठ किया गया

  • महर्षि बाल्मीकि जी की जयंती जनपद में धूमधाम से मनाई गई

बागपत। महर्षि बाल्मीकि वैदिक काल के महान ऋषियों में सम्मिलित है। महर्षि बाल्मीकि को आदि कवि के नाम से भी जाना जाता है, उनके द्वारा रचित विश्व प्रसिद्ध कालजयी कृति रामायण महाकाव्य सामाजिक, मानवीय एवं राष्ट्रीय मूल्यों की स्थापना का आदर्श है। महर्षि बाल्मीकि द्वारा अपने ग्रंथ में वर्णित स्थल जिन्हें राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग आदि के रूप में जाना जाता है। ऐसे लगभग 280 स्थल आज भी सम्पूर्ण भारत में विद्यमान हैं। उत्तर प्रदेश में राम जानकी मार्ग, राम वन गमन मार्ग के अन्तर्गत अनेक स्थल विद्यमान है, जहां पर भारतीय संस्कृति के मूल तत्त्व एवं मान्यताएं आज भी सुरक्षित हैं। ऐसे महान महर्षि बाल्मीकि जी की जयन्ती को सम्पूर्ण प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने समस्त जनपदवासियों को आदि कवि महर्षि बाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दी और जनपद के चयनित स्थलों पर भव्य रूप से जिलाधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। जिसमें ग्राम पंचायत में खंड विकास अधिकारी के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम किए गए, जबकि नगरीय क्षेत्र में समस्त अधिशासी अधिकारियों ने कार्यक्रम कराए। जनपद में छह विकासखंड की चयनित ग्राम पंचायतो में बिनौली, बरनावा, चिरचिटा, बिजवाड़ा, आदमपुर, ढिकाना , बड़का, जोनमाना, जौहड़ी, बुड़पुर, मिलना, मवीकला, किरठल, ढिकोली, पिलाना, बदरखा आदि गांवों में बाल्मीकि जयंती का उत्सव मनाया गया।

इसी के क्रम में नगरीय क्षेत्र बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली के बाल्मीकि मंदिर, दोघट, टिकरी, अग्रवाल मंडी टटीरी, रटोल, अमीनगर सराय आदि मंदिरों पर बाल्मीकि जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्री राम मंदिर, हनुमान मंदिर या बाल्मीकि मंदिर में रामायण का पाठ किया गया जिसमें अधिक से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।
महर्षि बाल्मीकि से सम्बन्धित स्थलों/मंदिरों आदि पर दीप प्रज्वलन/दीपदान के साथ-साथ बाल्मीकि रामायण का पाठ किये गए।
श्री राम व श्री हनुमान तथा रामायण से सम्बन्धित अन्य महत्वपूर्ण चयनित स्थलों/मंदिरों पर भक्तिमय सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ रामायण पाठ/भजन आदि के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

धूमधाम से निकाली महर्षि बाल्मीकि शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: महर्षि बाल्मीकि जयंती रविवार को क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर बिनौली, जिवाना, गढ़ीदुल्ला, रंछाड, शेखपुरा आदि गांव में ग्रामीणों ने शोभायात्रा बैंडबाजों व मनमोहक झांकियों के साथ निकाली।
बिनौली में शोभायात्रा का शुभारंभ महर्षि बाल्मीकि मंदिर से ग्राम प्रधान उपेंद्र धामा व इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने किया। शोभायात्रा में देशक्ति क्रांतिवीर, भारत माता व रथ पर महर्षि वाल्मीकि की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा पूरे गांव की परिक्रमा कर वापस मंदिर पर आकर सम्पन्न हुई। जहां महेंद्र, सोहनवीर, वेदपाल, श्याम लाल, मुकेश, सनोज, कृष्ण, विजय, गगन धामा, मास्टर अमित धामा, गुलवीर धामा, देवेंद्र, कृष्णपाल आदि का सहयोग रहा।
सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। उधर गढ़ीदुल्ला, जिवाना, रंछाड, शेखपुरा आदि गांव में भी ग्रामीणों ने भी शोभायात्रा निकाली।

महर्षि बाल्मीकि के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा लें: मदन भैया

  • क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर सुख-दुख में शामिल हुए, कैंप कार्यालय पर लोगों की जन समस्याएं सुनी

अजय खत्री, सवांददाता
जानसठ। राष्ट्रीय लोकदल के खतौली विधायक मदन भैया ने बाल्मीकि जयंती के अवसर पर विधानसभा के क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को महर्षि बाल्मीकि के जीवन के बारे में विस्तार से बताते हुए और प्रेरणा लेते हुए उनके पद चिन्हों पर चलने की प्रेरणा देनी चाहिए। आज आधुनिक युग में हमें अपने बच्चों को महापुरुषों के जीवन परिचय के बारे में बताना चाहिए।
राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं खतौली के विधायक मदन भैया ने महर्षि बाल्मीकि जयंती पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। विधायक मदन भैया ने कहा कि महर्षि बाल्मीकि ने रामायण जैसे महाकाव्य की रचना नहीं ही नहीं की बल्कि भगवान श्री राम और उनके पुत्र लव और कुश को भी अपने आश्रम में रखकर उन्हें सत्य के मार्ग पर चलने एवं अपनी संस्कृति के बारे में संस्कार दिए। उन्होंने एक गुरु के रूप में माता-सीता और उनके पुत्रों को अपना संरक्षण दिया। उन्होंने बाल्मीकि जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए महर्षि बाल्मीकि के बताएं रास्तों पर चलने की प्रेरणा दी एवं साथ ही उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारते हुए विस्तार से चर्चा की। विधायक ने युवा पीढ़ी से महर्षि बाल्मीकि के बताएं रास्तों पर चलने की प्रेरणा लेने की अपील की।
इससे पूर्व में उन्होंने अपने कैंप कार्यालय पर क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को सुना एवं उनका निराकरण कराया। इसके उपरांत क्षेत्र के गांव नावला, खेड़ी, जोहरा, नगला, तिसंग, कढ़ली आदि गांवों में पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में शरीक हुए। इस दौरान उनके साथ रालोद के अजीत राठी, अमित कुमार, यशपाल नगला दुहेली, प्रदीप कसाना, मनोज कुमार, टीटू, बिट्टू आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

राम नगरी से सीएम योगी ने किया मिशन महिला सारथी का आगाज, महिलाएं यात्रियों को लेकर दौड़ाएंगी बसें

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर राम नगरी अयोध्या पहुंचे। यहां अयोध्या के राम कथा पार्क में मिशन शक्ति के तहत एक भव्य समारोह आयोजित किया गया था। सीएम ने यहां परिवहन निगम की 51 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि इन परिवहन निगम की बसों में एक साथ चालक और परिचालक दोनों ही महिलाएं नजर आएंगी।
सीएम योगी ने दिखाई बसों को हरी झंडी
शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। यहां प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई मिशन शक्ति योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया। रामनगरी अयोध्या की सरजमी से सीएम योगी ने परिवहन निगम की 51 बसों को एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि लखनऊ रीजन में 2 महिला चालक और 15 महिला परिचालकों की तैनाती की गई है। इसी तरह से उत्तर प्रदेश के अन्य डिपो में भी चालक और परिचालक दोनों ही महिलाओं की तैनाती की गई है।
चालक और परिचालक होंगी महिलाएं
सीएम योगी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा पहली बार देखा जा रहा है, जब परिवहन निगम की बसों में महिला चालक और परिचालक दोनों नजर आएंगी। महिलाएं टिकट भी काटेंगी और बस भी चलाएंगी। सीएम ने कहा कि यह प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति योजना से सारथी महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की यह एक बड़ी पहल है।
मिशन महिला सारथी
सीएम योगी ने कहा कि मिशन महिला सारथी को लॉन्च करने के साथ-साथ जो लोग कहते हैं कि महिला वह काम नहीं कर सकती है, वह काम परिवहन निगम कर रहा है। अब महिला परिवहन निगम की बसों में चालक और परिचालक दोनों होंगी। सीएम ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं जब स्वावलंबी होंगी, तो उनका सम्मान बढ़ेगा। महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो सर्वांगीण विकास होगा।
परिवहन निगम में शामिल होंगी इलेक्ट्रिक बसें
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की पहली बस 1947 में चली थी। तब से अब तक एक लंबी दूरी को परिवहन निगम ने तय किया है। आज परिवहन निगम उसमें एक नई प्रगति करते आगे बढ़ रहा है। अब बस स्टेशन भी एयरपोर्ट की तर्ज पर बन रहे हैं। प्रदेश में अब इलेक्ट्रिक बसों का भी परिवहन निगम संचालन करेगा। इलेक्ट्रिक बसों में आवाज न होने के साथ ही गति भी होती है।
इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने वालों को मिलेगी सब्सिडी
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 51 बसें परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हो रही हैं। इसके लिए प्रदेश सरका द्वारा 400 करोड रुपये सेंशन किए हैं। अब प्रदेश की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें भी दौड़ेंगी। सीएम ने कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए प्रदेश सरकार ने एक पॉलिसी बनाई है। प्रदेश में इलेक्ट्रिक बस खरीदने वालों को 20 लाख रुपए तक सब्सिडी मिलेगी। यह बसें डीजल, पेट्रोल और सीएनजी से नहीं चलती है। इन बसों से प्रदूषण भी नहीं फैलता है। इसके अलावा एक बार चार्ज होने के बाद यह बसें 300 किलोमीटर तक फर्राटा दौड़ेंगी। बसों के चार्जिंग के लिए परिवहन निगम स्टेशनों पर चार्जिंग की व्यवस्था भी करेगा।
महिला बस चालक श्वेता उपाध्याय और परिचालक रीना ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा मौका मिल रहा है। अब प्रदेश की सड़कों पर महिला चालकों द्वारा बसें सड़कों पर फर्राटा दौड़ेंगी। सीएम योगी प्रदेश की महिलाओं को बड़ा मौका दे रहे हैं। सीएम योगी के प्रयास से आज महिलाएं फर्श से अर्श पर पहुंच रही हैं।
सीएम योगी की हुई तारीफ
महिला चालक और परिचालकों ने बताया कि सीएम योगी प्रदेश की महिलाओं का बहुत ख्याल रख रहे हैं। आज जब लड़कियां हवाई जहाज और ट्रेन चला रही हैं तो आखिर बस क्यों नहीं चला सकती हैं, उन्हें जब जिम्मेदारी मिली है तो वह उसे ईमानदारी से निभाएंगी। मिशन शक्ति से महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनने का मौका मिल रहा है।

दुर्गाष्‍टमी पर मंदिरों में उमड़ी भक्‍तों की भीड़

मेरठ। आज दुर्गा अष्टमी धूमधाम के साथ मनाई जा रही है। इस मौके पर मंदिरों में भक्‍तों की भीड़ उमड़ी है। भक्‍तों की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

वेस्टर्न रोड स्थित शाकुंभरी देवी मंदिर में अष्टमी पूजन और भंडारा।

नवरात्र का आठवां दिन माता महागौरी का होता है। इस दिन जिन भक्तों का उपवास पूरा हो जाएगा वे माता महागौरी का पूजन कर उपवास का समापन करेंगे।

भारत ने फिलिस्तीन को भेजी 32 टन राहत सामग्री

नई दिल्ली। भारत ने रविवार को फिलिस्तीन के लोगों के लिए करीब साढ़े छह टन चिकित्सा सहायता और 32 टन आपदा राहत सामग्री भेजी। भारतीय वायु सेना का सी-17 परिवहन विमान राहत सामग्री लेकर मिस्र के अल-अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा,”भारत ने फिलिस्तीन के लोगों को मानवीय सहायता भेजी है। फिलिस्तीन के लोगों के लिए लगभग साढ़े छह टन चिकित्सा सहायता तथा 32 टन आपदा राहत सामग्री लेकर आईएएफ सी-17 मिस्र के अल-अरिश हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ।”
उन्होंने कहा,”सामग्री में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, सर्जिकल सामान, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता संबंधी सामान, जल शुद्धिकरण के लिए टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गाजा के एक अस्पताल में नागरिकों की मौत पर संवेदना व्यक्त करने तथा इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत की लंबे समय से चली आ रही सैद्धांतिक स्थिति को दोहराने के तीन दिन बाद भारत ने यह सहायता भेजी है।
प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को फिलिस्तीन प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से कहा कि भारत फिलिस्तीन के लोगों के लिए मानवीय सहायता भेजना जारी रखेगा। भारत संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) में योगदान के माध्यम से फिलिस्तीन और फिलिस्तीनी शरणार्थियों का समर्थन करता रहा है।

बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 49 शिकायत प्राप्त हुई

  • तहसील दिवस में प्राप्त संदर्भों का एक सप्ताह के अंदर किया जाये निस्तारण
  • जनसामान्य की शिकायतों का गुणवत्ता के साथ समय अंतर्गत करे निस्तारण
  • सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र व्यक्ति हो लाभान्वित
  • कैंप लगाकर दिव्यांग जनों के बनाये दिव्यांग प्रमाण पत्र

बागपत। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें 43 शिकायत प्राप्त हुई जिसमें से 9 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जन सामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव कराने के उद्देश्य से माह के प्रथम और तृतीय शनिवार को 10:00 बजे से 2:00 बजे तक तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी के क्रम में आज जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय जन समस्याएं सुनी जिसमें से 49 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिसमें से मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि जो अधिकारी आइजीआरएस पोर्टल पर या तहसील दिवस की किसी संबंधित शिकायत प्राप्त होती है। उसके स्थल के निरीक्षण के समय फोटोग्राफ्स या रिपोर्ट सही से नहीं देगा उनके खिलाफ भी कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय व अन्य अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन गंभीर है। जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव हो इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए माह के प्रथम व तृतीय शनिवार को तहसील दिवस का आयोजन किया जाता है।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शेष संदर्भों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को शासनादेश के अनुसार सीमा अंतर्गत एक सप्ताह के अंतर्गत निस्तारण किया जाए। यदि कोई प्रार्थना-पत्र जटिल समस्या के कारण 07 दिन में निस्तारित नहीं होता है तो उसकी समय अवधि 15 दिन निस्तारण करने की है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस’ में प्राप्त शिकायतों में से कम से कम 05 महत्वपूर्ण तथा संवेदनशील शिकायतों को चिन्हित कर उनके निस्तारण हेतु उन्हें मौके पर टीम भेजकर उसीदिन निस्तारण किया जाता है।
खेकड़ा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 17 शिकायतें आई थी जिसमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
बड़ौत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुई मौके पर 3 शिकायत का निस्तारण किया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय तहसील संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दिव्यांग जनों के हित के लिए दिव्यांग कैंप लगाया जाता है जिसमें दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र बनाए जाते हैं इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश में राशन कार्ड, पेंशन, विद्युत के भी कैंप लगाए जाने के निर्देश दिए हैं जो आज बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में लगाए गए जिसमें 6 दिव्यांग जनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए और जिलाधिकारी ने दिव्यंजन लाभार्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी ने कहा जो प्रमाण पत्र आपको मिल रहे हैं आपके जीवन में बहुत ही लाभ होंगे और आपको इनके माध्यम से पेंशन भी पात्रता के आधार पर मिलेगी।
इस अवसर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर महावीर कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी हेमंत सेठ, तहसीलदार, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित आदि उपस्थित रहे।

भारतीय वैश्य परिवार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अग्रसेन समाज कल्याण ट्रस्ट द्वारा किया गया सम्मानित

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बड़ौत। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के उपलक्ष्य में श्री अग्रसेन समाज कल्याण ट्रस्ट के द्वारा आयोजित विशाल माता की चौकी के अवसर पर सुप्रसिद्व समाजसेवी, शिक्षाविद्, भारतीय वैश्य परिवार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मां अम्बा बालिका डिग्री कालिज ग्वालीखेडा के प्राचार्य। डा.राजीव गुप्ता पुट्ठी को वरिष्ठ समाजसेवी के रूप में सम्मानित किया गया।
श्री अग्रसेन समाज कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष सुनील मित्तल और पदाधिकारियों ने उनको पटका पहनाकर, स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डा.राजीव गुप्ता पुट्ठी ने ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भारतीय वैश्य परिवार महासंघ के पदाधिकारियों ने डा.राजीव गुप्ता पुट्ठी को बधाई और शुभकामनाएं दी।
बधाई देने वालो में संगठन के संरक्षक डा.योगेश जिन्दल, प्रदेश संयोजक राममोहन गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता, प्रदेश मन्त्री नितिन गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष विवेक गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अंकित सिघल, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनीष गर्ग, नगर अध्यक्ष मुदित गुप्ता, युवा नगर अध्यक्ष दीपांशु गुप्ता आदि शामिल रहे।

क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना ही प्राथमिकता: डा.सत्यपाल सिंह

  • क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में 1.46 करोड़ के प्रस्ताव पारित

बिनौली: ब्लॉक परिसर में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत समिति व मिशन शक्ति अभियान फेज 4 की बैठक हुई, जिसमें 1.46 करोड़ के 34 विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में मुख्य अतिथि डा.सत्यपाल सिंह ने कहा कि बागपत का सर्वांगीण विकास करना ही उनकी प्राथमिकता है। हम अपनी जन्मभूमि से नाता जोड़े। जब से देश में पीएम मोदी व सीएम योगी आए हैं तब से प्रदेश में सुरक्षा बढ़ी है। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। वही मिशन शक्ति आभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, व महिलाओं को योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं

पूर्व विधायक सतेंद्र सोलंकी ने कहा कि सांसद डा.सत्यपाल सिंह ने एतिहासिक कार्य किए हैं। बैठक में क्षेत्र के गांवों से आए अलग-अलग विकास कार्यों के रुपए 1.46 करोड़ के 34 प्रस्ताव पारित किए गए। पूर्व बैठक में पारित प्रस्तावों का अनुमोदन भी किया गया। बीडीओ ज्योतिबाला के संचालन में हुई बैठक में ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर, राजेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रमेंद्र धामा, देवेंद्र प्रमुख, उपेंद्र प्रधान, मास्टर प्रहलाद सिंह, केपी सिंह, सुरेंद्र प्रधान, मोहित चौधरी, सूबेदार प्रताप सिंह,राजीव धामा, विक्रम राणा, मोहित सोलंकी, रामपाल हिलवाड़ी, प्रवीण सिरसली आदि मौजूद रहे।

हर वोट है जरूरी, मतदाता के रूप में आज ही पंजीकरण करवाएं

  • बूथ लेवल अधिकारी 979 व 102 सुपरवाईजरों को जनता वैदिक इंटर कॉलेज में दिया गया प्रशिक्षण
  • 1 जनवरी 2024 को जिन की उम्र 18 वर्ष हो रही है वे अपना मतदाता सूची में नाम अवश्य दर्ज कराये
  • फार्म 6, 7 व 8 दावे और आपत्तियों के संबंध में विस्तार से दिया प्रशिक्षण
  • दावे और आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक जनपद में चलाया जाएगा

बागपत। भारत निर्वाचन आयोग आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 एवं अर्हता तिथि 01-01-2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (एसवीईईपी) के अन्तर्गत मतदाता जागरूकता हेतु जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जनता वैदिक इंटर कॉलेज, बड़ौत में बूथ लेवल अधिकारी 979 व 102 सुपरवाईजरों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विधानसभा क्षेत्र 50 छपरौली के 340, विधानसभा क्षेत्र 51 बड़ौत के 308 व विधानसभा क्षेत्र 52 बागपत के 331 बूथ लेवल अधिकारीयों को प्रशिक्षण दिया गया।
बूथ लेवल अधिकारी के कर्तव्य बताए गए दावों एवं आपत्तियों को प्राप्त करना, घर-घर जाकर निर्वाचन नामावली का सत्यापन और जांच करें, मतदाताओं के फोटो प्राप्त करना मतदाताओं के मोबाइल नंबर प्राप्त करना, जिन लोगों के नाम हटाए जाने हैं। उन्हें नोटिस जारी करने के संबंध में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करना। सही एवं पात्र व्यक्ति को फोटो पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है जिसमे विशेष अभियान 4 नवंबर 5 नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा जिसमें दावे और आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसंबर को किया जाएगा जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे, फार्म-7 में आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप-8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा और जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा निर्वाचन से जुड़ी प्रक्रिया में आप लोगों को कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसे मनोयोग से मन लगाकर कार्य करें कार्य को जितनी लग्नता के साथ किया जाता है कार्य उतना ही सरल हो जाता है इसलिए अपने दायित्वों का सत्यम निष्ठा ईमानदारी के साथ निर्भन करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, समस्त एसडीएम निकेत वर्मा,वज्योति शर्मा, डिप्टी कलेक्टर मनीष यादव जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र सक्सेना, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत सहित आदि उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति दीदी के तहत छात्राओं और महिलाओं को किया जागरूक

सिंघावली अहीर: गुरूवार को थाना सिंघावली अहीर में कस्बा सराय क्षेत्र अंतर्गत जनता इंटर स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही विजेता टीम को पुरस्कृत कर बधाई देकर हौसला बढ़ाया गया। इस दौरान छात्राओं को गुड टच बेड टच की जानकारी दी वही नवरात्रि शारदीय पर्व पर मिशन शक्ति के विषय में बताया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुनीता मलिक चेयरमैन द्वारा फीता काटकर किया गया।
मिशन शक्ति दीदी चौथे चरण के तहत चलाए जा रहे  जागरूकता आभियान और हेल्पलाइन नंबर जैसे: 1090/1076 1098/181/ 108/1930 साइबर और 112 आदि के बारे में बताया। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है, योजनाएं जैसे सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। थाना सिंघावली अहीर टीम द्वारा बालिकाओं और महिलाओं को पंपलेट भी वितरित किए गए।
इस दौरान प्रधानाध्यापक लोकेश कुमार जनता इंटर कॉलेज व प्रभारी निरीक्षक प्रदीप ढोन्दियाल, सब इंस्पेक्टर दिग्विजय सिसोदिया, महिला कांस्टेबल जूली गिरि, प्रियंका  आदि मौजूद रहे।

 

चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंची राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कहा- दहेज लोभियों से शादी करने से मना कर दें

मेरठ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय में छात्रों को 259 स्वर्ण पदक दिए। वहीं नोएडा और देवरिया की घटना पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दर्द छलक पड़ा और उन्होंने घटानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों पर आपत्ति आ रही है।
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान देवरिया में हुए हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि वह बीते पांच सालों से यूपी को देख रही हैं। इस दौरान देवरिया में जमीन के टुकड़े के लिए 6 लोगों की हत्या हो गई और दो परिवार खत्म हो गए, लेकिन जमीन दोनों में से किसी को नहीं मिली। उन्होंने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा कि ‘आज हमें एक दूसरे को मदद करने की बहुत जरूरत है।’
नोएडा की घटना पर दुखी नजर आई राज्यपाल
वहीं नोएडा में स्कूटर न देने पर बहू को जला कर मार देने की घटना पर भी राज्यपाल काफी दुखी नजर आई। उन्होंने राज्य की बेटियों से आह्वान किया कि जो दहेज मांगे हिम्मत जुटा कर ऐसे घर जाने से मना कर दो। उनका कहना है कि ‘महिलाओं और बेटियों पर आपत्ति आ रही है। ऐसे में दहेज लोभियों से शादी करने से मना कर दें।’
200 छात्रों को बांटे 259 पदक
बता दें कि आज मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय का 35वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान चौधरी चरण सिंह विश्विद्यालय की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कुल 200 छात्रों को 259 स्वर्ण पदक प्रदान किए। जानकारी के अनुसार इस साल का कुलाधिपति स्वर्ण पदक एमडीएस की छात्रा प्रियंका मिश्रा पूर्व राष्ट्रपति डाक्टर शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक एमकाम की छात्रा आरजू को दिया गया।
इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सीसीएसयू की छात्राओं से कहा कि ‘आपकी कामयाबी में मां का अहम रोल है। आज यह मेडल जाकर मां के गले में डाल देना और पैर छूकर मां का आशीर्वाद लेना।’ उन्होंने ये भी कहा कि ‘विश्विद्यालय छात्रों को इंटरव्यू में जाने से पहले तैयार करे ताकि वे फेल न हो।’ उन्होंने युवाओं को नसीहत दी कि सैलरी नहीं काम पर फोकस करे कामयाबी जरूर मिलेगी।

 

पीएम मोदी रैपिड रेल की सौगात देने कल आएंगे गाजियाबाद, कई रास्ते रहेंगे बंद, जानें- क्या है ट्रैफिक प्लान

गाजियाबाद। पीएम मोदी कल यानी शुक्रवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के पहले फेज का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी ने मार्च 2019 में दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी। 82 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के जून 2025 तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। पहले चरण जो कि 17 किलोमीटर का है उसका उद्घाटन होने जा रहा है।
इस प्रथम चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक लोग सफर कर सकेंगे। ये दूरी महज कुछ मिनटों में ही पूरी हो जाएगी। पीएम इस दौरान वसुंधरा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शुक्रवार को होने वाले इस उद्घाटन समारोह को देखते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने खास प्लानिंग की है।
भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस के उद्घाटन समारोह में वीवीआईपी से लेकर आम लोग तक शामिल होने वाले हैं। जिसे देखते हुए मोहन नगर और साहिबाबाद में दिनभर भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए भी रुट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है। जोकि सुबह सात बजे से कार्यक्रम के खत्म होने तक लागू रहेगा।
पीएम के आगमन को लेकर खास तैयारी
एडीसीपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पीएम का विमान हिंडन एयरपोर्ट पर उतारने की प्लानिंग है। हालांकि अगर मौसम खराब रहता है तो पीएम का काफिला दिल्ली से ही सड़क के रास्ते कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान मोदीनगर, मुरादनगर, हापुड़ और मेरठ से आने वाली बसें राजनगर एक्सटेंशन, एलिवेटेड रोड से कनावनी से उतरेंगी।
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
उन्होंने बताया कि हिंडन एयरफोर्स गोलचक्कर से मोहन नगर होते हुए साहिबाबाद रेपिडएक्स स्टेशन और जनसभा की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा थाना लिंक रोड रेडलाइट से साहिबाबाद रेपिडएक्स स्टेशन की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वहीं सीआईएसएफ रोड से साहिबाबाद की ओर हल्क वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। लालकुआं से सीमापुरी के बीच वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इसके साथ ही लोनी से भोपुरा हिंडन गोलचक्कर नागद्वार से राजनगर एक्सटेंशन की तरफ, एएलटी चौराहे से राजनगर एक्सटेंशन से रोटरी गोलचक्कर, नागद्वार होते हुए भोपुरा से लोनी की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे। मेरठ से गाजियाबाद की तरफ आने वाले व्यवसायिक वाहन दुहाई पेरिफेरल से गाजियाबाद की तरफ नहीं जा सकेंगे। यहां से सिर्फ जनसभा में जाने वाले वाहनों को छूट मिलेगी।

 

कांग्रेस देश को मजबूत शासन देने में सक्षम: ओमवीर तोमर

ब्यूरो चीफ,विकास बड़गुर्जर
बिनौली: पूर्व राज्यमंत्री ओमवीर तोमर ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो मजबूत शासन देकर विकसित राष्ट्र बनाने में सक्षम है। क्षेत्र के सिरसली व मांगरौली गांव में कार्यकर्ताओं की बैंठक में विचार व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता ओमवीर तोमर ने कहा कि आज केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते देश का किसान बदहाल है। किसानो को अपना फ़सलो का वाजिब दाम तक नही मिल रहा है। सरकारों को किसान मजदूरों के हितो की कोई चिंता नही है। देश इस समय कांग्रेस द्वारा स्थापित रोजगार देने वाले सरकारी उपक्रमो व उद्यमों को कुछ बड़े पूंजीपतियों के हाथों में सौपा जा रहा है। उन्होंने कहा भाजपा देश के आमजन को जाति बिरादरी में बांटकर राजनीति कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा सर्व समाज को एकजुट रखा।
कांग्रेस देश को मजबूत शासन देने मे सक्षम है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत भी किया। सतबीर प्रधान, रामकिशन, पीतांबर, महेंद्र सिंह, रूपेश, सीताराम, रविंद्र, खिलेराम आदि मौजूद रहे।