Sunday, August 2, 2026
Home Blog Page 26

बड़े ही धूमधाम से मनाया गया शांतिनाथ भगवान का जन्म, तप और निर्वाण महोत्सव

मेरठ: प्रातः 7:00 मंदिर परिसर में अभिषेक एवं शांति धारा हुई जिसमें शांतिनाथ भगवान की मूलनायक प्रतिमा पर अभिषेक करने का सौभाग्य संजीव जैन सीए को प्राप्त हुआ एवं स्वर्ण झारी से शांति धारा करने का सौभाग्य सुभाष चंद जैन को प्राप्त हुआ। इसी के साथ रजत शांति धारा करने का सौभाग्य राकेश अंकित सौरभ रमाकांत अतुल को प्राप्त हुआ।
इसके उपरांत विधानाचार्य प्रमोद शास्त्री द्वारा पूजन एवं शांति विधान कराया गया जिसमें मुख्य 16 किलो का निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य रमेश चंद जैन श्रृंगारिका परिवार को प्राप्त हुआ। जिसके अतिरिक्त 1 किलो 600 ग्राम के 25 लड्डू अन्य भक्तों ने श्री जी के समीप अर्पित किए, जिसमें अनिल, मुकेश, कपिल, राजीव, दीपक, उमेश, अजय, विनोद, नवीन, मनोज, अनुराग आदि का सहयोग रहा।
साँय 7:30 बजे मंदिर परिसर में बड़े ही भक्ति भाव से भगवान श्री शांतिनाथ भगवान के तीनों कल्याणक बड़े ही भक्ति भाव से मनाए गए, जिसमें कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। जिसके उपरांत सम्पदा, संस्कृति, अक्षिता, अंशिका, शिल्पी, अर्जवि द्वारा शांतिनाथ भगवान पर लघु नाटिका दिखाई गई। जिसके साथ-साथ संजय एवं कपिल ने अपने भजनों से सभी का मन मोह लिया, जिसमें सभी भक्तों ने भक्ति नृत्य कर शांतिनाथ भगवान के जयकारे लगाए।
जिसके उपरांत 16 दीपकओ के 3 थालों से महाआरती का आयोजन हुआ। अंत में मंदिर कमेटी के विनोद, विपिन, कपिल, सुभाष, श्रियंश, राकेश ने सभी को ध्यानवाद किया।

मेरठ: शासनादेशों को नहीं मानते लो.नि.वि. के अधिशासी अभियन्ता

मेरठ: लो.नि.वि. के अधिशासी अभियन्ता, सरकार द्वारा जारी शासनादेशो को ही नहीं मानते है। शासनादेश के अनुसार सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी को सेवानिवृत्ति की तिथि पर पेंशन आदि देशको का भुगतान कर्मचारी के खाते में भुगतान की व्यवस्था की गयी है, परन्तु जीशान अहमद सेवानिवृत्त कार्य अभिकर्ता को कोई भुगतान दो माह बाद भी नहीं किया गया। वही करोना से मृत्यु होने वाले कर्मचारी स्व.ओमकार सिंह के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावे का भुगतान कालातीत बताकर रोका गया हैं। इसी प्रकार जिन कर्मचारियों को वर्ष 2001 से नियमित किया जाना था उन्हें शासनादेश के बावजूद वर्ष 2003 से नियमित किया गया है। नई पेंशन स्कीम के अन्तर्गत एन.एस.डी.एल. में कर्मचारी के वेतन से काटे गये अंशदान की धनराशि तथा सरकार के अंशदान को नये प्रान खातो में जमा नही किया गया जिससे कर्मचारियो को लाखो रू० का नुकसान हो रहा है सरकारी कर्मचारी की मृत्यु पर पीडित परिवार को एक लाख रू0 की अनुकम्पा निधि का प्रावधान है। अधिशासी अभियन्ता आश्रितो के परिवारों के प्रार्थना पत्र उच्चाधिकारियो को अग्रसारित नही कर रहे है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन पुनरीक्षित नहीं की जा रही है।
उक्त मांगो को समय बद्ध निस्तारण हेतु कई बार लिखित एवं मौखिक वार्ता हो चुकी है परन्तु अधिशासी अभियन्ता प्रान्तीय खण्ड शासनादेशों के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं कर रहे जिसको लेकर नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ लो.नि.वि. जनपद शाखा मेरठ द्वारा दिनांक 18/05/2023 से प्रान्तीय खण्ड लो.नि.वि. के कार्यालय के समक्ष अनिश्चित कालीन धरना देंगे। मुख्य अभियन्ता, लो.नि.वि. मेरठ एवं अधीक्षण अभियन्ता मेरठ वृत्त, लो.नि.वि. मेरठ ने अधिशासी अभियन्ता प्रान्तीय खण्ड लोनिवि मेरठ को मांगों का निस्तारण करने के लिए आदेशित किया है।

लखनऊ में देश की पहली नाइट सफारी को मिली मंजूरी, टूरिस्ट ट्रेन समेत कई सौगात

लखनऊ : लखनऊ में कई सुविधाओं से लैस देश की पहली नाइट सफारी (Kukrail Night safari) बनने जा रही है। यहां एक नये चिड़ियाघर की भी स्थापना होगी। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने नाइट सफारी की स्थापना करने पर आखिरकार मंजूरी प्रदान कर दी है। जानकारी दे दें कि कुकरैल में 350 एकड़ की जमीन पर एक नाइट सफारी बनाई जाएगी। यह नाइट सफारी सिंगापुर की विश्व की पहली नाइट सफारी की तर्ज पर बनाई जाएगी। नाइट सफारी और चिड़ियाघर के लिए 1500 करोड़ का बजट तय किया गया है।
पहली नाइट सफारी
याद दिला दें कि पिछले महीने ही सेन्ट्रल जू अथॉरिटी की टेक्निकल कमेटी ने राजधानी लखनऊ की कुकरैल नाइट सफारी के साथ ही प्राणि उद्यान परियोजना को सहमति दी थी। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना आभार भी व्यक्त किया था। पिछले साल ही योगी सरकार ने सिंगापुर के दैसा ही देश के पहले नाइट सफारी के साथ ही जैव विविधता पार्क यहां बनवाने का फैसला किया था। वैसे तो देश में कई सफारी बनाए जा चुके हैं लेकिन जब बात आती है नाइट सफारी की तो लखनऊ में ऐसी पहली नाइट सफारी होगी।
विश्व स्तरीय सुविधा
विश्व स्तरीय सुविधाओं के तर्ज पर नाइट सफारी में ट्रेन की सवारी के साथ ही जीप की सवारी करवाई जाएगी, साथ में स्थानीय गाइड भी रखा जाएगा। इसके अलावा कैनोपी वाक और कैंपिंग जैसी एक्टिविटी भी की जाएगी। ट्रैक, दीवार पर्वतारोहण के साथ ही ट्री टॉप रेस्टोरेंट की भी सफारी में सुविधाएं जी जाएंगी। नेचर ट्रेल और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की भी योजना है।
खुले आसमान के नीचे होगे जानवर
बटरफ्लाई इंटरप्रिटेशन सेंटर के साथ ही 75 एकड़ में तेंदुआ सफारी बनाने की प्लानिंग है। 60 एकड़ में भालू सफारी तैयार किया जाएगा और 75 एकड़ में आपको यहां टाइगर सफारी का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। बाड़े में वन्य जीवों को न रखकर योजना है कि उन्हें खुले आसमान के नीचे केटल ग्रिड में रहने दिया जाए।
ओपन एयर चिड़ियाघर
ओपन एयर चिड़ियाघर के रूप में इसे विकसित किया जाएगा। रात में जानवरों के लिए यहां पर चंद्रमा की रोशनी के जैसी ही रोशनी देने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए मंद प्रकाश फैलाने की व्यवस्था होगी। दिन में पर्यटकों के लिए लेटेस्ट थीम पार्क भी तैयार करवाया जाएगा।

जानिए ज्योतिषाचार्य पंडित अतुल शास्त्री से आज का राशिफल

  • अगर कोई व्यक्ति शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या महादशा के अशुभ प्रभाव को कम करना चाहता हैं तो शनिवार के दिन किसी शनि मंदिर में जाकर शनिदेव को तेल, काला तिल और पलाश का फूल अर्पित करें. ऐसा करने से शनि के अशुभ प्रभाव कम होने लगते है। जानिए ज्योतिषाचार्य पंडित अतुल शास्त्री से आज का राशिफल
  • मेष
    आज नवीन वस्त्राभूषण पर व्यय होगा। यात्रा लाभदायक रहेगी। लॉटरी व सट्टे के चक्कर में न पड़ें। बेरोजगारी दूर होने के योग हैं। प्रयास करें। किसी बड़ी समस्या से छुटकारा मिलेगा। अज्ञात भय रहेगा। निवेश शुभ रहेगा। भाग्य का साथ मिलेगा।
  • वृष
    आज आय बनी रहेगी। व्यवसाय में ध्यान दें। चिंता तथा तनाव रहेंगे। फालतू खर्च होगा। कुसंगति से हानि होगी। पुरानी व्याधि उठ सकती है। सावधानी आवश्यक है। क्रोध न करें। किसी भी निर्णय के लेने में जल्दबाजी न करें। विवेक से कार्य करें।
  • मिथुन
    आज परिवार के सदस्यों का सहयोग प्राप्त होगा। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। बेचैनी रहेगी। थकान महसूस होगी। प्रतिद्वंद्वी सक्रिय रहेंगे। कोई भी निर्णय सोच-समझकर करें। जल्दबाजी न करें। मेहनत का फल पूरा-पूरा मिलेगा। मान-सम्मान मिलेगा।
  • कर्क
    आज नौकरी में कार्यभार बढ़ेगा। आय में कमी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। कार्य की गति रुकेगी। शोक समाचार मिल सकता है। कानूनी अड़चन आ सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें।
  • सिंह
    आज प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। पठन-पाठन व लेखन में मन लगेगा। वस्तुएं संभालकर रखें। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। यात्रा मनोरंजक रहेगी।
  • कन्या
    आज कोर्ट व कचहरी के काम बनेंगे। व्यवसाय लाभदायक रहेगा। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। काफी समय से अटके काम पूरे होंगे। आय में वृद्धि होगी। वरिष्ठ वक्तियों का मार्गदर्शन मिल सकता है। आने-जाने में दुर्घटना का भय रहेगा। लेन-देन में जल्दबाजी न करें।
  • तुला
    आज जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। नौकरी में मातहतों का सहयोग मिलेगा। व्यवसाय लाभदायक रहेगा। प्रसन्नता रहेगी। विवाद के मौके टालें। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। चिंता तथा तनाव रहेंगे। वरिष्ठ मार्गदर्शन करेंगे।
  • वृश्चिक
    आज बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। पार्टनरों से मतभेद दूर होंगे। शत्रु मौका ढूंढेंगे, सावधान रहें। ऐश्वर्य के साधनों पर व्यय होगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। दुकान, फैक्टरी व शोरूम इत्यादि की प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे।
  • धनु
    आज किसी बड़े काम के होने से प्रसन्नता रहेगी। मातहत साथ देंगे। परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी। काफी समय से अटके कामों में गति आएगी। व्यवसाय ठीक चलेगा। भाग्य का साथ रहेगा। आर्थिक नीति में परिवर्तन संभव है।
  • मकर
    आज किसी बाहरी व्यक्ति का सहयोग मिलेगा। जल्दबाजी व लापरवाही से बड़ी हानि हो सकती है। विवाद को बढ़ावा न दें। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। बनते काम में विघ्न उत्पन्न होगा। तनाव रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। घर-बाहर अशांति रहेगी।
  • कुंभ
    आज निवेश शुभ रहेगा। अध्यात्म में रुचि रहेगी। सत्संग का लाभ मिलेगा। प्रतिद्वंद्वी घुटने टेकेंगे। जल्दबाजी में लेनदेन नहीं करें। कानूनी अड़चन दूर होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाणी पर नियंत्रण रखें। तनाव रहेगा। घर में सुख-शांति रहेगी।
  • मीन
    आज उत्साह तथा प्रसन्नता में वृद्धि होगी। यात्रा लाभदायक रहेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। निवेश शुभ रहेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी।

बागपत: उड़ान युवा मंडल द्वारा प्रौद्योगिकी के अभिनव प्रयोग से किया जा रहा लोगों को जागरूक

विकास बड़गुर्जर, ब्यूरो चीफ
बागपत। नेहरू युवा केन्द्र बागपत से सम्बद्ध उड़ान युवा मंडल ट्यौढी की पहल पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सप्ताह के उपलक्ष्य में ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें 245 लोगों ने प्रतिभाग किया। प्रश्नोत्तरी में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के महत्व, साइबर क्राइम, भविष्य का कामकाज, उद्योग 4.0, नवाचार और 21वीं सदी विषय के साथ साथ बागपत में लॉन्च किए गए नगर निकाय निर्वाचन एप से संबंधित प्रश्न भी शामिल किए गए थे। प्रतियोगिता के उपरांत उड़ान युवा मंडल की ओर से सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किए गए।
उड़ान युवा मंडल अध्यक्ष अमन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य लोगों में बढ़ते साइबर क्राइम और इंटरनेट मीडिया के प्रयोग की जानकारी देना था। 245 लोगों ने प्रतिभाग कर उद्देश्य को पूर्ण किया जिसमें 25 लोग पूर्ण स्कोर प्राप्त कर विजेता बने जिनके नाम कॉन्टेस्ट 360 वेबसाइट पर घोषित किए गए है।
ऑनलाइन आयोजित किए जाने वाली गतिविधियों में लोग अपनी सुविधा के अनुसार प्रतिभाग कर पाते है। प्रत्येक माह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के दिवसों पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित कर जन जागरूकता फैलाने के प्रयास जारी रखेंगे।

जिलाधिकारी ने बागपत कलेक्ट्रेट प्रांगण में श्री अन्न कैफे का किया शिलान्यास

  • श्रीअन्न कैफे में मिलेट्स आधारित खाद्य उत्पाद भी बनाया जाएगा
  • स्वयं सहायता समूह कीमहिलाएं श्री अन्न कैफे का करेंगी संचालन और बढ़ेगी आए
  • श्री अन्न कैफे को संचालित करने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का चयन

विकास बड़गुर्जर, ब्यूरो चीफ
बागपत: श्री अन्न कैफे बागपत की शान प्रोजेक्ट के तहत जिसमे मिलेट्स आधारित खाद्य उत्पाद बनाया और बेचा जाएगा, जिसके लिए जिलाधिकारी राजकमल यादव ने आज कलेक्टर प्रांगण में श्रीअन्न कैफे का शिलान्यास (भूमि पूजन) किया और कहा कि इस कैफे में मिलेट्स पर आधारित खाद्य सामग्री का उत्पादन किया जाएगा और उन्हें चयनित समूह द्वारा विक्रय भी किया जायेगा। जिसके लिए गौरीपुर जवाहर नगर की स्वयं सहायता समूह की चयनित 10 महिलाओं का चयन किया गया है। महिलाओं को सशक्त व स्वालंबन बनाए जाने के लिए जिलाधिकारी निरंतर कटिबंध है। श्री अन्न कैफे में मिलेट्स आधारित खाद्य उत्पाद जैसे रागी, ज्वार बाजरा के डोसे, रागी केक, रागी अप्पम, ज्वार बाजरा के ढोकले, मल्टी ग्रेन बिस्किट, इडली तथा अन्य खाद्य पदार्थ को विक्रय किया जाएगा।
श्री अन्न कैफे शुरू करने पर जोर दिया गया जिलाधिकारी ने श्री अन्न कैफे अच्छे से संचालित करने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बधाई दी और कहा की इस से एक बागपत को नई पहचान मिलेगी और आपकी एक आय भी बढ़ेगी। इस अवसर पर सहायक खाद सुरक्षा आयुक्त मानवेंद्र सिंह सहित समूह की दीदियां आदि उपस्थित रही।

कर्नाटक:सिद्धारमैया होंगे मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार बनेंगे डिप्टी सीएम

  • 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों का एक समूह भी उस दिन शपथ लेगा। 

नई दिल्ली: कर्नाटक में सरकार गठन को लेकर लंबे मंथन के बाद कांग्रेस आखिरकार आम सहमति बनाने में कामयाब रही। सिद्धारमैया कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पार्टी की ओर से बुधवार देर रात इस बारे में आधिकारिक घोषणा की गई। राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण 20 मई को बेंगलुरु में दोपहर 12:30 बजे होगा। इससे पहले आज शाम 7 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। कांग्रेस की ओर से राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया गया है, मेल के जरिए उन्हें इसकी सूचना दी गई। इस बाबत आज राजभवन को पत्र भी भेज दिया जाएगा। कर्नाटक के लिए कांग्रेस के तीनों ऑब्जर्वर सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया और भंवर जितेंद्र सिंह आज शाम विधायक दल की बैठक से पहले बेंगलुरु पहुचेंगे।
सिद्धारमैया को आज शाम बेंगलुरु में होने वाली बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना जाएगा। कैबिनेट गठन की चर्चा लगभग पूरी हो गई है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में सरकार गठन पर आम सहमति बनाने और समाधान खोजने के लिए बुधवार रात भर काम किया। डीके शिवकुमार के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी की बुधवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में समाधान निकाला गया। एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला भी इस वीसी में मौजूद थे। बेंगलुरु के कांतिरावा स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारी जोर-शोर से चल रही है। सिद्धारमैया (75 वर्षीय कुरुबा नेता) दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे। वह 2013 से 2018 तक राज्य के सीएम रह चुके हैं।
इससे पहले बुधवार को, कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि कांग्रेस आलाकमान ने डीके शिवकुमार को 6 विभागों के साथ उपमुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की थी। हालांकि, कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने इन खबरों को खारिज कर दिया था और मीडिया से अटकलें नहीं लगाने का आग्रह किया था। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जनता परिवार के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले जमीनी नेता सिद्धारमैया 2006 में एचडी देवेगौड़ा की जनता दल (सेक्युलर) से निकाले जाने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए। वह देवराज उर्स के बाद 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्नाटक के केवल दूसरे मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस के तीन पर्यवेक्षकों द्वारा पार्टी आलाकमान को भेजी गई एक रिपोर्ट के अनुसार, वकील से राजनेता बने सिद्धारमैया का मुख्यमंत्री के रूप में चयन से आश्चर्य नहीं हो सकता है, क्योंकि उनके पास स्पष्ट रूप से 85 विधायकों का समर्थन था।
सिद्धारमैया लोकप्रियता में आगे
डीके शिवकुमार को कांग्रेस की एतिहासिक जीत का शिल्पकार माना जा रहा है लेकिन राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सिद्धारमैया लोकप्रियता के मामले में सबसे आगे हैं। इसके अलावा शिवकुमार के खिलाफ दर्ज केस भी उनके और सीएम पद के बीच में आ गए।
बता दें कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनावों में, कांग्रेस ने 135 सीटें झोली में डालकर जोरदार जीत हासिल की है जबकि सत्तारूढ़ भाजपा को 66 और और पूर्व प्रधानमंत्री एच। डी। देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले जनता दल (सेक्युलर) ने 19 सीटें हासिल कीं।

किरेन रिजिजू से छिना कानून मंत्रालय, अर्जुन मेघवाल को जिम्मेदारी

नई दिल्ली: मोदी कैबिनेट में बड़ा बदलाव हुआ है। किरेन रिजिजू को कानून मंत्री पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अर्जुन राम मेघवाल को कानून मंत्री बनाया गया है। किरेन रिजिजू बतौर केंद्रीय कानून मंत्री लगातार चर्चा में रहे और उन्होंने पिछले दिनों न्यायपालिका और सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
पीएम नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्रिमंडल में बदलाव को मंजूरी दी है। अब किरेन रिजिजू को कानून मंत्रालय से बदलकर भू विज्ञान मंत्रालय दिया गया। वहीं, रिजिजू की जगह अर्जुन राम मेघवाल को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा कानून और न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है।
मंत्रालय बदलने पर क्या बोले रिजिजू
किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर कहा, ”माननीय पीएम मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री के रूप में सेवा करना सौभाग्य रहा। मैं सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़, सुप्रीम कोर्ट के सभी जजों, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और सभी लॉ अधिकारियों को हमारे नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएं प्रदान करने में भारी समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं पीएम मोदी के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए तत्पर हूं। एक बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में मैंने जिस उत्साह और जोश के साथ काम किया था, वैसे ही भू विज्ञान मंत्रालय में जिम्मा संभालूंगा।
2021 में कानून मंत्री बने थे रिजिजू
रिजिजू अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट से सांसद बीजेपी सांसद हैं। किरन रिजिजू का जन्म 19 नवंबर, 1971 को अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट कामेंग जिले में हुआ था। उनके पास दिल्ली यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री है। उन्होंने 2004 में पहली बार लोकसभा चुनाव (अरुणाचल पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र) लड़ा और जीत हासिल की। लेकिन वह 2009 के लोकसभा चुनाव में हार गए। 2014 के चुनाव में रिजिजू ने फिर से जीत हासिल की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में गृह राज्य मंत्री बनाए गए।
इसके बाद वे मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल यानी 2019 में खेल मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए थे। जुलाई 2021 में जब कैबिनेट विस्तार के दौरान उन्हें कानून मंत्री बनाया गया था। उन्होंने रविशंकर प्रसाद की जगह यह जिम्मेदारी दी गई।
कौन हैं अर्जुन राम मेघवाल
अर्जुन राम मेघवाल 2009 से बीकानेर से सांसद हैं। मेघवाल का जन्म बीकानेर के किस्मिदेसर गांव में हुआ। उन्होंने बीकानेर के डूंगर कॉलेज से बीए और एलएलबी की। इसके बाद उन्होंने इसी कॉलेज से मास्टर्स डिग्री (एम.ए) की। इसके बाद, फिलीपींस विश्वविद्यालय से एमबीए भी किया। वह राजस्थान कैडर के एक आईएएस अधिकारी रहे हैं और उन्हें राजस्थान में अनुसूचित जाति के चेहरे के रूप में देखा जाता है।
मेघवाल 2009, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में बीकानेर से बीजेपी के टिकट पर सांसद चुने गए। उन्हें 2013 में सर्वश्रेष्ठ सांसद के पुरस्कार से नवाजा गया था। अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान, वह लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक थे। मई 2019 में, मेघवाल संसदीय मामलों और भारी उद्योग और सार्वजनिक उद्यम राज्य मंत्री बने थे। अब उन्हें कानून मंत्रालय का भी प्रभार दिया गया है।
न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर चर्चा में थे रिजिजू
किरेन रिजिजू पिछले कुछ वक्त से लगातार न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। रिजिजू ने पिछले साल नंवबर में कहा था कि जजों की नियुक्ति का कॉलेजियम सिस्टम संविधान के लिए एलियन है। उन्होंने कहा था कि कॉलेजियम सिस्टम में कई खामियां हैं और लोग इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। बाद में उन्होंने कहा था कि रिटायर्ड जज और ऐक्टिविस्ट भारत विरोधी गिरोह का हिस्सा हैं।
पिछले साल नवंबर में सुप्रीम कोर्ट की दो जजों की बेंच ने रिजिजू की टिप्पणियों पर नाराजगी भी जताई थी। बेंच ने कहा था कि शायद सरकार जजों की नियुक्ति को इसलिए मंजूरी नहीं दे रही क्योंकि एनजेएसी को मंजूरी नहीं दी गई। रिजिजू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की टिप्पणियों के खिलाफ जनहित याचिका भी दाखिल की गई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने दो दिन पहले ही इसे खारिज कर दिया था।

अंबाला से बीजेपी सांसद रतन लाल कटारिया का निधन, एक दिन का राजकीय शोक

चंडीगढ़: पूर्व केंद्रीय मंत्री और अंबाला से बीजेपी के सांसद रतन लाल कटारिया का गुरुवार को निधन हो गया। वह 71 साल के थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख ओम प्रकाश धनखड़ समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कटारिया के निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की। खट्टर पंचकुला में कटारिया के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कटारिया पिछले महीने से यहां पीजीआईएमईआर में भर्ती थे। उनके एक सहयोगी ने बताया कि उनका तड़के करीब साढ़े 3 बजे निधन हो गया। कटारिया के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर श्रद्धांजली देते हुए लिखा कि सांसद एवं पूर्व मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें सार्वजनिक सेवा और सामाजिक न्याय के लिए उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।
हरियाणा सीएम मनोहर लाल रतनलाल कटारिया के निवास स्थान पहुंचे
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने सांसद रतन लाल कटारिया के निवास स्थान पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की व परिवार के सदस्यों को ढाढ़स बंधाया। वहीं, सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज़ उठाई। उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।

रतन लाल कटारिया से मिलने अस्पताल पहुंचे थे सीएम मनोहर लाल खट्टर

एक दिन का राजकीय शोक
जानकारी के मुताबिक कटारिया का जन्‍म 19 दिसंबर 1951 को हरियाणा के यमुनानगर जिले के संधली गांव में हुआ था। उनके एक बेटी और दो बेटे हैं। उन्‍होंने कुरूक्षेत्र व‍िश्‍वव‍िद्यालय से बीए ऑनर्स और राजनीत‍िज्ञ व‍िज्ञान में मास्‍टर ड‍िग्री के साथ-साथ एलएलबी भी की थी। उनके निधन से पूरे हरियाणा में शोक की लहर छाई हुई है। कटारिया के निधन पर सीएम खट्टर ने प्रदेश में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर सेक्टर-4 MDC से निकलेगी। सांसद का अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे श्मशान घाट मनीमाजरा में किया जाएगा।
7 जुलाई 2021 तक मोदी सरकार 2.0 में रहे मंत्री
बता दें कि रतन लाल कटारिया ने मोदी सरकार 2.0 में मंत्री बनाए गए थे। उन्होंने 7 जुलाई 2021 तक जल शक्ति मंत्रालय और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वे बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में अंबाला से 16वीं लोकसभा के लिए चुने गए, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राजकुमार बाल्मीकि को हराया था। इससे पहले वह बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में अंबाला से 13वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे।

जीएसटी छापों के विरोध में एडीएम को ज्ञापन सौंपा

अपर जिलाधिकारी प्रशासन आलोक कुमार को ज्ञापन सौंपते व्यापारी नेता

सुनील कुमार यादव, सवांददाता
एटा: उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारिओं ने एक ज्ञापन सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश सरकार के नाम एडीएम प्रशासन कों सौंपा। सीएम के नाम सौपे गए ज्ञापन के माध्यम से एटा उद्योग व्यापार मंडल एटा के पाधिकारियो ने मांग की है कि 2 महीने तक चलने वाले जीएसटी के छापों को रोका जाए।
व्यापारी नेता अतुल राठी का कहना है कि जीएसटी विभाग द्वारा आगामी 16 मई से 15 जुलाई तक चलने वाले सर्वे ,छापे आदि के अभियान को व्यापारी एवम व्यापार हित में तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए। इन छापों की आड़ में व्यापारियों के उत्पीड़न की कार्रवाई होती है। उल्लेखनीय है कि समाचार पत्रों में खबरें आ रही हैं कि 2 महीने तक व्यापारियों के ऊपर जीएसटी के जबरदस्त सर्वे और छापे की कार्रवाई होगी। अतुल राठी का कहना है कि व्यापारियों को भय मुक्त रखने के लिए पूर्व में भी मुख्यमंत्री ने जीएसटी के छापों की कार्रवाई पर रोक लगाई थी। व्यापारी नेता राठी का कहना है कि व्यापारी समाज अपने ऊपर अनावश्यक कार्यवाही एवम शोषण आदि के भय से काफी भयभीत है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी जीएसटी विभाग द्वारा सर्वे ,छापे आदि की ऐसी ही कार्यवाही की गई थी जिससे व्यापारी समाज काफी भयभीत हो गया था।
ज्ञापन सौंपने वाले व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं व्यापारी सदस्यों में मुख्यरूप से अशोक सर्राफ, कल्लू मियां, प्रदीप गुप्ता, राकेश वार्ष्णेय चिकोरी वाले, राकेश वार्ष्णेय आर.के.ज्वैलर्स, अध्यक्ष अतुल राठी, डेविड जैन, कैलाश जैन, अमित गुप्ता, आदेश कुमार गुप्ता, संजीव कुमार जैन, प्रसून वार्ष्णेय, गणेश वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, प्रवेश मिश्रा, उमेश प्रताप सिंह, चंद्रमोहन वार्ष्णेय, धर्मवीर गहलोत, पंकज गुप्ता, साबिर मियां, विनायक गुप्ता, आनंद सर्राफ, दीपक जैन, राजीव जैन, दीपक वार्ष्णेय, नेवी जैन, गोपाल वार्ष्णेय, पुष्पेंद्र वार्ष्णेय सतीश वार्ष्णेय समेत अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी सदस्य मौजूद रहे।
छापों के नाम पर ठगे जाते फिर भी देते भाजपा को वोट
उत्तर प्रदेश का व्यापारी तबका भारतीय जनता पार्टी का बड़ा वोट बैंक माना जाता है। जब जब भाजपा की सरकार आती है तभी अतिक्रमण और जीएसटी छापा और इनकम टैक्स चोरी के आरोप में व्यापारियों पर बड़े-बड़े छापे पड़ते हैं ।जिनकी आड़ में उनका आर्थिक शोषण होता है। फिर भी व्यापारी वर्ग अधिकतर भारतीय जनता पार्टी को ही वोट करता है। केंद्र और अन्य राज्यों में कांग्रेस की या किसी और दल की सरकार होने पर आमतौर पर व्यापारियों को व्यापार कारोबार करने में सहूलियत मिलती है। फिर भी यह लोग उन दलों को वोट नहीं देते। मालूम हो कि मोदी राजस्व बढ़ाना चाहते हैं क्योंकि चुनावी साल है ज्यादा से ज्यादा जीएसटी और जुर्माना वसूल कर वह कल्याणकारी योजनाओं में खैरात बांट कर अगला चुनाव जीतना चाहते हैं। इसी लिए केंद्र के निर्देश पर भाजपा शासित राज्यों की सरकारों को अधिक से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया है। अधिक से अधिक जीएसटी वसूली कैसे हो इसके लिए व्यापारियों पर जीएसटी के छापे डालने और ज्यादा से ज्यादा जुर्माना वसूलने की तैयारी है।

डीएम ने किया निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर:  जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने नजीबाबाद विकास खण्ड के अन्तर्गत मोचीपुरा गांव में स्थित 55 बीघा क्षेत्र में फैले निर्माणाधीन पार्क एवं तालाब का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उप जिलाधिकारी नजीबाबाद को निर्देश दिए कि तालाब पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाएं और तत्काल उसे कब्जा मुक्त कराते हुए वहां बनने वाले तालाब और पार्क के निर्माण कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने तालाब के कायाकल्प तथा उसके सौन्दर्यकरण के लिये उपस्थित अधिकारियों को उसकी कार्ययोजना बनाने के आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी व अधिकारियों को तालाब की साफ सफाई के साथ-साथ उसके किनारों पर पीपल, पिलखन, बांस के पौधे रोपित करने को कहा और यहां स्थित तालाब में कमल की पौध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने गांव से लगे इस तालाब के सौंदर्यकरण कार्य और उसकी सफाई आदि कार्य में सहयोग करें और श्रमदान भी करें ताकि सभी ग्रामवासी एवं उनके बच्चे इस विशाल भूखण्ड में बनने वाले मनोरंजन पार्क एंव झील का आनंद उठा सकें। उन्होंने ग्राम वासीयों व ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि यह पार्क और तालाब आप लोगों का है तथा इसको सुन्दर बनाने में सहयोग करें जिससे यह पानी से भरा रहे और यह तालाब मॉडल के रूप में तैयार हो आने वाले समय में यहां संबंधित ग्राम वासियों के लिए यह खेलों व पर्यटन के लिये तैयार होगा तथा तालाब के सौन्र्दयीकरण से इसके ओवरफ्लो से ग्रामीणों को निजात मिलेगी।
उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीणों से गावं में बिजली, राशन आदि शासकीय योजनाएं की उपलब्धता के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की, जिसपर सभी ग्रामीणवासियों ने सरकारी जनहित एवं कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होना बताया गया। उन्होंने सभी ग्रामवासियों को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए पानी के कनेक्शन लेने पर बल देते हुए कहा कि इस समय पानी का कनेक्शन बहुत आसानी से प्राप्त हो सकता है जबकि भविष्य में कनेक्शन प्राप्त करने के लिए भारी परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की स्पष्ट मंशा है कि हर घर जल हर घर नल हो अर्थात हर घर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि वे और आने वाली पीढ़ियों को बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने ग्रामवासियों का आहवान किया कि जिनके खेत तालाब से मिले हुए हैं, वे भी अपने खेत के किनारे पर बांस के पौधे लगाएं।
उन्होंने अवर अभियंता को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन पार्क एवं तालाब को मॉडल मनोरंजन पार्क के रूप में डिजाइन करें और भूखण्ड के चारों ओर बांस, पीपल आदि के पेड़ों की फैंसिंग कराएं तथा जगह-जगह लोगों के बैठने के लिए आर्कषक सीटों को भी स्थापित करें ताकि वहां आने वाले लोग वहां बैठ सकें। उन्होंने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि उक्त स्थल पर अधिक से अधिक कार्य मनरेगा योजना के अंतर्गत कराएं ताकि स्थानीय ग्रामवासियों को रोजगार भी उपलब्ध हो सके। गांव में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्री द्वारा जिलाधिकारी से शिकायत की गई कि स्कूल के ऊपर मना करने के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा हाई टेंशन लाईन डाली गई है, जिससे दुर्घटना की सम्भावना बनी हुई है। उक्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर उसे हटवाने की कार्यवाही करें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, उपजिलाधिकारी नजीबाबाद विजय वर्धन तोमर, उपायुक्त मनरेगा वी के यादव, खण्ड विकास अधिकारी शिव कुमारी, अवर अभियंता सुशील कुमार, ग्राम प्रधान मुहम्मद दिलशाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं भारी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।

सफाई कर्मचारियों ने ईपीएफ ना मिलने पर डीएम को दिया ज्ञापन

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर। बुधवार को नगर पालिका परिषद बिजनौर के सफाई कर्मचारियों ने ईपीएफ ना मिलने पर एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौंपते हुए ईपीएफ का भुगतान कराने की मांग की। नगर पालिका परिषद बिजनौर में सफाई कर्मचारी आउट सोर्सिंग पद्धत्ति द्वारा संचालित है। बी०एस० कन्सट्रक्शन कानपुर को संस्था के पास इस का ठेका है। यह संस्था काफी वर्षों से कार्य कर रही है। पालिका के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने कहा की हर माह नगर पालिका परिषद बिजनौर द्वारा कर्मचारियों के ई०पी०एफ० का भुगतान बी०एस० कन्सट्रक्शन फर्म को किया जाता है। लेकिन फर्म नगर पालिका परिषद बिजनौर के अधिकारियों की सांठ-गांठ के द्वारा कर्मचारियों का ई०पी०एफ० का भुगतान कर्मचारियों को नही कर रहा है। भुगतान न करने के उपरांत फर्म का भुगतान रूक जाना चाहिए था। परंतु नगर पालिका परिषद के अधिकारी द्वारा निरंतर संस्था का भुगतान किया जा रहा है। जिससे परेशान होकर सभी सफाई कर्मचारियों ने भुगतान कराने और फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन देनेवालों में रेखा, शारदा, ओमवती, अरुणदेवी, पूजा, रेनू, भगवती, सरोज, शकुंतला, सुमन, बबीता सावित्री देवी, गीता आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

अग्रवाल प्रशिक्षण एवं समाज सेवा संस्थान ने विदुर कुटी के वृद्ध आश्रम में मनाया मातृ दिवस

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर: अग्रवाल प्रशिक्षण एवं समाज सेवा संस्थान के तत्वाधान में विदुर कुटी के वृद्ध आश्रम में मातृ दिवस मनाया गया। संस्थान सदस्य एवं बच्चे वृद्ध आश्रम में रहने वाली वृद्ध महिलाओं से आशीर्वाद लेने गए। उन्हें सबसे पहले तिलक कर फूलो की माला पहनाई,फिर जग, पंखा, फल, घड़ा, चीनी, मिठाई आदि देकर व चरण-स्पर्श किए। डा.नीलम गुप्ता प्रवक्ता वर्धमान कॉलेज ने कहा कि यह सब आप ही के बच्चे हैं, यदि कभी भी कोई आवश्यकता हो तो आप हमें फोन से सूचित कर सकते हैं। मधु अग्रवाल ने कहा कि मां शब्द सबसे छोटा है और माँ ही सबसे बड़ा काम करती है। संस्थान व्यवस्थापिका सविता अग्रवाल ने कहा कि हमें अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी देने चाहिए, साथ ही उन्हें अपने ही देश में नौकरी करने की प्रेरणा देनी चाहिए क्योंकि जो बच्चे विदेशों चले जाते हैं, वे अपने मां-बाप को अक्सर वृद्ध आश्रम में छोड़ देते हैं। आवश्यकता होने पर और मन होते हुए भी माता-पिता की सेवा नहीं कर पाते, कई तो अपनों के अंतिम संस्कार तक में सम्मिलित नहीं हो पाते हैं। हम लोग अपने बच्चों में विदेश जाने की लालसा जगाते हैं और एक बार विदेश जाने के बाद जब बच्चे वही सेटल हो जाते हैं तो फिर हमें पछतावा होता है। उपाध्यक्ष ऊषा शर्मा ने माँ के ऊपर एक गीत गा कर सबका मन मोह लिया। इस मौके पर शिखा गुप्ता, सविता शर्मा, कुसुमलता अग्रवाल, संध्या गुप्ता, संध्या अग्रवाल, उमा अग्रवाल, शशि शर्मा, शुभ कपूर, ममता शर्मा, पूनम गढ़वाली, रानी भटनागर, प्रदीप अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार नेे आरजेपी इंटर कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर: बिजनौर जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार नेे आरजेपी इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग के “नया सत्र नया सवेरा” कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को प्रेरित करने के लिए पंख पोर्टल व सचेत पोर्टल आदि सरकार की योजनाओं से अवगत कराया।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा कॉलेज की प्रार्थना तथा राष्ट्रगान का निरीक्षण किया गया। प्रार्थना स्थल पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबोधित करते हुए कहा कि यह वर्ष के “अंतरराष्ट्रीय मिलेट” वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। हम सब लोग मिलेटस का सेवन करना ही भूल गए हैं, यदि हम अपने भोजन में मिलेटस का सेवन करें तो हम ब्लड प्रेशर व हृदय रोग संबंधी बीमारियों से दूर रहेंगे। अतः हमें अपने घर जाकर अपने मां-बाप से मिलेट का सेवन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मिलेट के रूप में जो ज्वार रागी मंडवा कोदो जखौरा के रूप में का सेवन करना चाहिए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि गेहूं का सेवन हमारे लिए बहुत हानिकारक है। गेहूं में उपस्थित “ग्लुटिन” नामक प्रोटीन हमारे पाचन क्रिया को बाधित करता है तथा बहुत सारी बीमारियों को न्यौता देता है। उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत में बहुत अधिक मात्रा में मोटे अनाज का सेवन किया जा रहा है तथा बहुत अधिक मात्रा में पैदावार भी की जा रही है।
इस अवसर पर आर.के.शर्मा उपप्रधानाचार्य जी.सी.बिजनौर ,पुनीत कुमार शर्मा प्रधानाध्यापक राजकीय हाई स्कूल जट्टी वाला तथा आनंशु महेश्वरी प्रधानाध्यापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय सबलगढ़ ने भी छात्रों को संबोधित किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य कैप्टन विशन लाल, जिला विद्यालय निरीक्षक व सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और छात्रों को मिलेटस का सेवन करने के लिए भी प्रेरित किया। इस मौके पर उपप्रधानाचार्य गयूर आसिफ, जिला विज्ञान समन्वयक सुधांशु वत्स, डीओसी स्काउट चंद्रहास सिंह, बालेश कुमार, नरेन्द्र सिंह, बृजेश कुमार, सुधीर राजपूत, सुभाष बाबू, मनोज यादव, विनोद कुमार यादव, तेजपाल सिंह, मीना सिंह, अलका रानी, रश्मि चौहान, विनीत कुमार, रेशू शर्मा, वीरेंद्र सिंह, अमन कुमार आदि मौजूद रहे।

कैंम्प में हुई सौ मरीजों की जांच

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर: सेवा भारती बिजनौर द्वारा मेडिकल कैंप सरस्वती शिशु मंदिर सेवा बस्ती जाटान लगाया गया।सेवा भारती जिलाध्यक्ष विनय दुबे एवं जिला मंत्री अरुण श्रीवास्तव के नेतृत्व में लगाया गया। कैंप में विवेक कॉलेज की मेडिकल टीम द्वारा सहयोग किया गया। कैंप मे ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, आंखों की जांच, एलर्जी एवं अन्य बीमारियों की जांच की गई। कैंप के अतिरिक्त दवाइयों का वितरण किया गया। उक्त कैंप में काउंटर का कार्य जिला मंत्री अरुण श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कैंप में लगभग 100 मरीजों की जांच की गई।

गन्ना सर्वे करने गई टीम को वापस लौटाया

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
बिजनौर। गन्ना सर्वे करने जा रही बिलाई शुगर मिल की टीम को गांव से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। गन्ना मूल्य भुगतान न होने से नाराज किसानों ने मिल को गन्ना देना तो दूर की बात, सर्वे तक कराने से साफ इनकार कर दिया है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के आवाहन पर गांव-गांव बिलाई शुगर मिल का विरोध शुरू हो गया है। किसान आगामी सत्र में अपना गन्ना किसी भी कीमत पर बिलाई शुगर मिल को नहीं देना चाहते। बुधवार को बजाज चीनी मिल के सुपरवाइजर रवि कुमार तथा मेल अधिकारी मनोज गिल हल्दौर टीम के साथ ब्लाक के गांव सफीपुर नंगली में गन्ना सर्वे करने पहुंचे। जैसे ही किसानों को इसकी जानकारी मिली तो उनमें आक्रोश फैल गया और किसानों ने एकत्र होकर सर्वे के कार्य को रोक दिया। किसानों ने शुगर मिल के अधिकारियों को अपने बीच बैठाकर गन्ने का बकाया भुगतान मांगा। किसानों ने स्पष्ट शब्दों से कहा कि पहले बकाया गन्ना मूल्य भुगतान करो, बाद में अगले सीजन की तैयारी करो। यदि बिलाई शुगर मिल किसानों का भुगतान नहीं कर सकती तो किसान बिलाई शुगर मिल को गन्ना नहीं देंगे। इन किसानों में हुकम सिंह, बबलू कुमार व सतपाल सिंह समेत किसान, भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

खुशी को देखने के लिए रुक जाते है राहगीर

सतेंद्र सिंह, सवांददाता
कालागढ़ः कालागढ़ में जब हाथियों का दल सड़क पर आता है। तब उनको देखने वाला का तांता लग जाता है। राह चलने वाले हाथियों को देखकर रुक जाते हैं। गौरतलब है कि कालागढ़ में वन विभाग का का एक एलिफैंट केम्प है। जहाँ पालतू हाथियों को रखा गया है। जिसमें हाथियों के दो छोटे बच्चे खुशी और सावन भी है। खुशी से मिलने और उसके फोटो क्लिक करने के लिए लोगों में उत्सुकता देखते ही बनती है। हाथियों का दल जब हाथी घर से बाहर आता है। उसको देखने के लिए सड़क किनारे लोग अलग अलग जगह ठहर जाते हैं। हाथियों को देखने की चाह बच्चों से लेकर बड़ो तक सभी में देखने को मिलती है। हाथियों के साथ महावत अपनी मुस्कान से लोगों को निराश नहीं करते हैं। साथ ही लोगों को हाथियों से दूरी बनाने का आग्रह करते रहते हैं। ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। आपको बता दे कि कुछ साल पहले कर्नाटक से हाथियों के एक दल को कालागढ़ लाया गया था। जिनको कालागढ़ स्थित हाथी घर में रखा गया। जहाँ हाथियों के लिए सभी सुविधा करी गई है। वन विभाग समय समय पर इन हाथियों के सहारे वनो के भीतर और बाहर गश्त करता रहा है। महावत हर रोज हाथियों को अलग अलग दिशाओं में घुमाने के लिए ले जाते हैं। जब हाथी बाहर जाते हैं तब उनके साथ हाथियों के दोनों बच्चे सावन और खुशी साथ होते हैं। आपको बता दे कि खुशी ने अपने जन्म के कुछ दिनों बाद ही अपनी माँ को खो दिया था। जिसके बाद खुशी का पूरा ख्याल उसकी नानी रखती है। साथ ही समय-समय पर उसके खाने-पीने का ख्याल हाथी घर में मौजूद वन विभाग के कर्मचारी भी रखते है। वन विभाग हाथी घर में मौजूद खुशी और सावन का ध्यान अपने बच्चों की तरह रखते हैं।

उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जायेगा: जिलाधिकारी

  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक

मेरठ: बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गयी। सर्वप्रथम उपायुक्त उद्योग द्वारा जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी-प्रशासन व अन्य अधिकारीगण एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। उन्होने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जायेगा।
बैठक एजेण्डा के अनुसार उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इन्दिरापुरम औ. क्षेत्र में 700-800 मी. में डैन्स की सड़क एवं साईड पटरी पर टाईल्स के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों सुधार आदि की मरम्मत के लिए नगर निगम द्वारा 15वें वित्त आयोग में रू0 साढ़े तीन करोड़ से अधिक के 05 कार्य कराये जाने से समिति को अवगत कराया गया तथा इनमें से 04 कार्यो पर टैण्डर की प्रक्रिया पूर्ण कर प्रस्तावित कार्यों को निविदा प्रक्रिया में होने से अवगत कराया गया। उपस्थित नगर आयुक्त महोदय द्वारा समिति को अवगत कराया कि 15 वे वित्त आयोग में औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाली मरम्मत, सुधार एवं निर्माण हेतु लगभग 05 करोड़ के कार्य प्रस्तावित है जिन्हें नियमानुसार निविदा प्रक्रिया के बाद पूर्ण करा दिया जायेगा जिसकी सूची सभी एसोसिएशन को उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है। इसके अतिरिक्त शासन को औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए रू026 करोड़ बजट की मांग की गई है जिसका अनुश्रवण भी सांसद/विधायकगण के माध्यम से कराया गया है।
ट्रांसपोर्टर नगर में यातायात समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी द्वारा एसपी-ट्रेफिक को प्रातः 08:10 बजे के बीच भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने/डायवर्ट करने के निर्देश दिये गये। परतापुर इण्ड.स्टेट मैन्यू. द्वारा परतापुर औ.क्षेत्र में 24 घण्टे जलती लाईट के संबंध में जिलाधिकारी महोदय द्वारा अधीक्षण अभियंता, विद्युत को नवीन जिला विद्युत विकास निधि के अंतर्गत स्वीकृति हेतु आपत्तियों के निस्तारण के साथ आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। मै. नन्द मंगलम के विद्युत लाईन संयोजन के प्रकरण में उपस्थित अधि.अभि.-2 विद्युत द्वारा अवगत कराया गया कि इकाई का संयोजन ऊजीकृत करा दिया गया है।
मै.के.आर.इण्ड. के 12. कि.वा. के ऐक्सिस डिमाण्ड के प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि उपायुक्त उद्योग, इकाईस्वामी एवं संबंधित अधिशासी अभियंता को अपने कार्यालय कक्ष में बुलाकर एक त्रिपक्षीय वार्ता बैठक कर प्रकरण निस्तारित करायें। श्री सुमनेश अग्रवाल द्वारा औ.इकाईयों में विभागों के सर्वे/निरीक्षण में हो रहे उत्पीड़न के बारे में अवगत कराया गया जिसपर जिलाधिकारी द्वारा उ.प्र.प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, श्रम विभाग, बाट माप तोल विभाग, फैक्ट्री एक्ट विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग एवं प्रमुख औद्योगिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों की एक वर्कशॉप उनकी अध्यक्षता में कराने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिये गये जिससे उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान हो सके तथा विभागीय अधिकारी अपने विभाग की पॉलिसी के बारे में भी बता सके। बैठक का संचालन श्री दीपेन्द्र कुमार उपायुक्त उद्योग द्वारा किया गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, अधिशासी अभियंता, नगर निगम, क्षेत्रीय प्रबन्धक, अभियंता यूपीसीडा, एनसीआरटीसी के अधिकारी, सहायक अभियंता, मेरठ विकास प्राधिकरण अधिशासी अभियंता, वि.वि. खण्ड-1, खण्ड-5 पश्चिमांचल वि.वि.नि.लि.मेरठ, एस.पी.-ट्रेफिक, अधिशासी अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सहायक अभियंता, मेविप्रा, निरीक्षक बाट माप विभाग, एनसीआरटीसी के अधिकारी, उपायुक्त जीएसटी, सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग, एसिटेन्ट डायरेक्टर फैक्ट्री एवं औद्योगिक संगठनों से श्रीमती शरिता अग्रवाल, सचिव, वैस्टर्न यू.पी.चैम्बर, बोम्बे बाजार, सुमनेश अग्रवाल, अध्यक्ष आईआईए मेरठ चैप्टर, नितिन कपूर, सचिव, पीमा, रविन्द्र ऐलन, अध्यक्ष मिडफो, कमल ठाकुर, महामंत्री विश्वकर्मा इण्ड. एस्टेट, अश्वनी गुप्ता, मै.सीको इन्फ्राटैक, फरमानुद्दीन, अध्यक्ष कैंची कलस्टर, मेरठ, आशुतोष अग्रवाल सीडीपी-एमएसएमई, डी.के. शर्मा, अध्यक्ष बागपत इण्ड.एसोसिऐशन व अन्य उद्यमीगणों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

अवैध खनन करने वालो पर करें सख्त कार्यवाही: जिलाधिकारी

  • जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियो के साथ की बैठक
  • जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अवैध वाहनो पर कार्यवाही करने के दिये निर्देश

मेरठ: बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा अधिकारियो के साथ बैठक आहूत की गयी। बैठक में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अवैध वाहनो पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। उन्होने नगर निगम के अधिकारियो से टीम बनाकर पार्किंग स्थल को चिन्हित करने, बसो के लिए रूट निर्धारित करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पार्किंग के लिए अपनी निजी भूमि देना चाहता है, इस आशय की विज्ञप्ति समाचार पत्रो में जारी कर दी जाये।
उन्होने समस्त ईओ को अपनी नगर पंचायत/पालिका में वैध टैक्सी स्टैण्ड की जानकारी उपलब्ध कराने तथा ऐसी भूमि जो तालाब के रूप मे कागजो में दर्ज है, परन्तु मौके पर तालाब के स्वरूप में नहीं है उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। साथ ही आयुष्मान भारत तथा पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति लाये जाने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी द्वारा सीओ तथा एसडीएम को निर्देशित करते हुये कहा गया कि अवैध खनन करने वालो पर सख्त कार्यवाही करें। सीओ तथा एसडीएम मौके पर जाकर यह सुनिश्चित कर लें कि जिन व्यक्तियो को खनन की अनुमति दी गयी है वह अनुमन्य से अधिक खनन न कर रहे हो। उन्होने मानक से अधिक आवाज में बजने वाले लाउडस्पीकर की आवाज कम करने अथवा उतरवाकर स्कूल आदि को दान करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, नगर आयुक्त डा.अमित पाल शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर दिवाकर सिंह, एसपी ट्रैफ़िक जितेन्द्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी पीयूष कुमार, समस्त एसडीएम, आरटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

आरक्षित महिला कोच के साथ रैपिडएक्स सुनिश्चित करेगा महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा

  • दिल्ली से मेरठ की दिशा में आगे से दूसरा कोच होगा महिलाओ के लिए आरक्षित

मेरठ: भारत की प्रथम रीजनल रेल, रैपिडएक्स में प्रत्येक ट्रेन में एक कोच महिलाओ के लिए आरक्षित होगा। महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली से मेरठ की दिशा में आगे से दूसरा कोच महिलाओं के लिए आरक्षित होगा। दिल्ली से मेरठ की की दिशा में ट्रेन का दूसरा कोच यानी प्रीमियम कोच के ठीक बाद वाला कोच महिला कोच होगा, जबकि मेरठ से दिल्ली की दिशा में आते हुए यह ट्रेन की आखिरी से दूसरा कोच, यानी प्रीमियम कोच से ठीक पहले वाला कोच होगा। महिला कोच की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक स्टेशन के प्लेटफार्म पर और ट्रेन के दरवाजों के खुलने के स्थान पर साइन या संकेतक लगाए गए हैं। इस आरक्षित महिला कोच में 72 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसके साथ ही, ट्रेन के अन्य डिब्बों में भी महिलाओं के लिए 10 अतिरिक्त सीटें आरक्षित की गयी हैं।
एनसीआरटीसी प्रारम्भ से ही रैपिडएक्स के माध्यम से महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहा है। आरक्षित महिला कोच का प्रावधान इसी दिशा में लिया गया एक कदम है। छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहे महिलाओ की सुविधा का ख़ास ख्याल रखते हुए, हर उस स्टेशन पर जिसे अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के साथ एकीकृत किया गया है, वहाँ पर डायपर- चेंजिंग स्टेशन का प्रावधान भी किया गया है। प्रत्येक रैपिडएक्स ट्रेन में एक ट्रेन अटेंडेंट की नियुक्ति भी की जाएगी जो यात्रियों को ट्रेन में उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने और उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह ट्रेन अटेंडेंट प्रीमियम कोच में तैनात रहेगा और आवश्यकतानुसार जरूरतमंद यात्रियों की सहायता करेगा। एनसीआरटीसी का प्रयास है कि महिलाएँ अपनी यात्रा के दौरान सुरक्षित महसूस करें, चाहे वे अकेले यात्रा कर रही हों या किसी के साथ। इसे सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन परिसर और उसके आसपास चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही स्टेशन परिसर और उसके आसपास विभिन्न गतिविधियों पर नज़र रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रत्येक स्टेशन पर प्लेटफार्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी), ट्रेन में व्हीलचेयर/स्ट्रेचर के लिए आरक्षित स्थान और प्रत्येक स्टेशन पर स्ट्रेचर लाने-ले जाने के लिए लिफ्ट यात्रियों की सुविधा के लिए एनसीआरटीसी द्वारा किए गए विभिन्न उपायों में से कुछ हैं। साथ ही, एलईडी लाइट से प्रकाशित पैदल यात्री-अनुकूल पथ, लिफ्ट/एस्कलेटर, यात्रियों के लिए बैठने की जगह और अन्य यात्री-केंद्रित सुविधाएं स्टेशनों पर सार्वभौमिक पहुंच की सुविधा प्रदान करेंगी। यात्रियों के लिए यात्रा को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए स्टेशनों पर डेडिकेटेड स्टेशन पिक-अप और ड्रॉप क्षेत्र बनाए गए हैं। रैपिडएक्स स्टेशनों तक और वहाँ से यात्रियों के गंतव्य तक उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए एनसीआरटीसी ने कई फर्स्ट/लास्ट कोन्नेक्तिविटी प्रदाताओं के साथ करार किया है। एनसीआर के निवासियों के बाहर आने-जाने के अधिकांश निर्णय यातायात के साधनों के सुरक्षित होने पर निर्भर रहा है। साथ ही परिवहन के उचित साधनों की कमी भी इन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में होने के बावजूद उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं से वंचित कर देती है। इसका खामियाजा विशेषकर महिलाओं को भुगतना पड़ता है। इन महिला-उन्मुख सुविधाओं की उपलब्धता से महिलाओं की प्रगति और सशक्तिकरण में मदद मिलेगी।
रैपिडएक्स को महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों की अलग-अलग जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है। एनसीआरटीसी ने रैपिडएक्स को एक समावेशी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। यह महिलाओं के लिए गेम-चेंजर साबित होगा कि यह उन्हें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और आर्थिक अवसरों तक बेहतर पहुंच प्रदान करने के माध्यम से सशक्त बनाएगा और निर्बाध और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। एनसीआरटीसी का लक्ष्य है कि 2025 तक पूरे 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ को जनता के लिए परिचालित कर दिया जाए। इससे पहले, जल्द ही इसे साहिबाबाद और दुहाई के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता खंड पर परिचालित कर दिया जाएगा