Sunday, August 2, 2026
Home Blog Page 15

बाढ़ से फसलों के नुकसान का राजस्व टीम ने किया आकलन

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: शुक्रवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में राजस्व टीम ने चिरचिटा व गल्हेता गांव के जंगल में हिंडन नदी में आई बाढ़ के बाद हुई फसलों के नुकसान का आकलन किया।
राजस्व टीम ने ट्रैक्टर से जंगल में हिंडन नदी किनारे पर स्थित खेतो में पहुंचकर फसल की स्थिति का जायजा लिया। राजस्व टीम ने बताया की बाढ़ के कारण जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है, उन सभी किसानों को सरकार मुआवजा देगी। राजस्व टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज देगी। वहीं राजस्व टीम ने मौके पर ही खेतों को नाप कर जिन किसानों की फसल का नुकसान हुआ है उनकी लिस्ट बनाई। इस मौके पर लेखपाल विरेंद्र बैंसला, लेखपाल मुकुल कुमार, लेखपाल रामपाल यादव, सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।

शिक्षक सतीश कौशिक का डीएम ने फूल माला पहनाकर किया सम्मान

बागपत। जिला अधिकारी बागपत जेपी सिंह ने अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा खेकड़ा के ब्लॉक अध्यक्ष शिक्षक सतीश कौशिक का फूल माला पहनाकर सम्मान किया।
जिलाधिकारी जेपी सिंह, भगवान परशुराम धाम खेड़ा मंदिर बालैनी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए थे। उन्होंने अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के खेकड़ा ब्लॉक अध्यक्ष सतीश कौशिक व उनकी टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सतीश कौशिक हमेशा सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहते हैं और उनके द्वारा गरीब कन्याओं की शादी कराना, गरीब बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में सहयोग करना, मेधावी बच्चों का सम्मान करना व समय-समय पर वृक्षारोपण आदि जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं, जिसकी सभी लोग प्रशंसा कर रहे हैं। इस मौके पर बागपत शुगर मिल के जनरल मैनेजर वीपी पांडे, महंत सूरज मुनि महाराज, महंत देव मुनी महाराज, खेकड़ा तहसील उपाध्यक्ष ओमदत्त शर्मा, खेकड़ा ब्लॉक संगठन मंत्री देवेंद्र शर्मा, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह बसी, कार्यक्रम के संयोजक राकेश शर्मा, राजपाल शर्मा, राधेश्याम शर्मा, रविदत्त शर्मा, सुशील कुमार आदि मौजूद थे।

मतदान केंद्र बनाते समय मूलभूत सुविधाओं का रखा जाए ध्यान: जिलाधिकारी

  • जिलाधिकारी ने अर्हता दिनांक 01.01.2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों व अधिकारियों के साथ की बैठक
  • निर्भीक होकर मतदाता करें मतदान
  • 2 किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं हो कोई मतदान केंद्र

बागपत: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के तैयारियों के दृष्टिगत 14 जुलाई 2023 से 24 जुलाई 2023 के मध्य विधानसभा बार बूथों के कमरों का सत्यापन किया गया, जिसके क्रम में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में अर्हता दिनांक 01.01.2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली के मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में राजनैतिक दलों व अधिकारियों के साथ बैठक कर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा अगर कोई बिल्डिंग क्षतिग्रस्त हो या किसी कारणवश बिल्डिंग परिवर्तन की आवश्यकता होगी तो इसे समय रहते कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा मतदान के समय मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल के अनुसार ही मतदान केंद्र बनाया जाए। उन्होंने कहा मतदाताओं की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। मतदाता निर्भीक होकर मतदान करें। कोई भी मतदान केंद्र 2 किलोमीटर से अधिक दूरी पर ना हो। मतदान केंद्र पर सभी मूलभूत हो सुविधा जैसे: प्रकाश, शौचालय, रैम्प, पानी, लाइट आदि की हो व्यवस्था। लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 स्वतंत्र, निष्पक्ष ,पारदर्शी सकुशल संपन्न हो सके जिसको लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां कर दी है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, एसडीएम बड़ौत सुभाष कुमार, एसडीएम खेकड़ा ज्योति शर्मा, आरएलडी जिला अध्यक्ष रामपाल धामा, आरएलडी युवा जिला अध्यक्ष श्रीकांत धामा, भाजपा, बसपा आदि के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण के लिए पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को किया जागरूक

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: बिजवाड़ा के बीपी इंटर कॉलेज में बुधवार को
महिला सशक्तिकरण जागरुकता अभियान के तहत हुई गोष्ठी में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को जागरूक किया। गोष्ठी में महिला सशक्तिकरण व महिलाओं के सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान के संबंध में एनएस सिरोही ने महिला संबंधी अपराध व महिला सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने महिला संबन्धी अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु जारी हेल्प लाइन 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्प लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, 112 पुलिस हेल्प लाइन, 1098 चाईल्ड हेल्प लाइन के सम्वन्ध में जानकारी दी। महिला पुलिस बीट अधिकारी रश्मि चौधरी ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि अगर आप के आसपास कोई भी अपराध घटित होता है या किसी के साथ अन्याय होता है तो तत्काल उपरोक्त नंबर पर सूचना दें। जिससे समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस हमेशा आपके साथ है। डरने की जरूरत नहीं है।बसुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस हर समय आपके लिए तत्पर है। राजगुरु तोमर के संचालन में हुई गोष्ठी में प्रबंधक राहुल तोमर, प्रधानाचार्य नीरज कुमार अग्रवाल, गुलशन कुमार, ममता सिंह, सोनम कुमारी, किरण त्रिपाठी, एसआई विकास चहल, प्रदीप कुंडू आदि मौजूद रहे।
उधर कंपोजिट विद्यालय बरनावा व शेखपुरा गांव मे भी अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ। जिसमें महिला हेड कांस्टेबल आंचल त्यागी ने छात्राओं व महिलाओं को जागरूक किया। इस दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक ऋषिपाल सिंह, राजीव मोहन, शालू सिंह, रुचि शर्मा, अरुण त्यागी आदि मौजूद रहे।

सुभारती पैरामेडिकल साइंसेज विभाग में ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन

मेरठ: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के पैरामेडिकल साइंसेज विभाग द्वारा ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। जिसमे नए छात्र-छात्राओं को विभाग और विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पैरामेडिकल साइंसेज के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डा.पंकज किशोर मिश्रा एवं अन्य शिक्षकों द्वारा द्वीप प्रज्जवलन तथा सरस्वती वंन्दना से हुआ।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डा.मीनाक्षी मिश्रा एवं सुश्री याशिका भारद्वाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा गीत-संगीत नृत्य तथा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विगत वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं को प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रोफेसर डा.पंकज किशोर मिश्रा, डा.उमेश कुमार, डा.अंशु कुमार सिंह, डा.मीनाक्षी मिश्रा, आर.के. मानिक, आकाश कुमार, काजल त्यागी, हिबा खान, आंकाक्षा सिंह, राहुल, पुष्पेन्द्र कुमार राजपूत, अंकित कुमार, समृति, याशिका भारद्वाज, शोभित, विशान्त पाल और शिवानी उपस्थित रहें।

दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के गड्ढों से हुई मासूमों की मौत पर दिया जाए मुआवजा: डा.अजय तोमर

बागपत: जनपद बागपत में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफिल्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर के फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण के लिये खोदे गए गड्ढों में भरे बरसात के पानी में डूबने से दो नोनिहालों की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
रालोद के वरिष्ठ नेता एवं छपरौली के पूर्व विधायक डा.अजय तोमर ने बताया कि दोनों नोनिहाल जनपद के बड़ौत थाना क्षेत्र के ग्राम लोहड्डा के निवासी मृतक लविश तथा चांद एक ही परिवार से संबन्धित थे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह दो अन्य बच्चों को बचाया। कई रोज़ से हो रही बरसात के कारण गड्ढों में बनी दलदल के कारण यह हादसा हुआ। इन दो मासूमों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक बच्चों की उम्र सात से नौ वर्ष के बीच है। रालोद वरिष्ठ नेता एवं छपरौली क्षेत्र के पूर्व विधायक डा.अजय तोमर ने बताया कि मंगलवार को लोकदल के एक प्रतिनिधिमंडल ने लोहड्डा गांव पहुंचकर पीड़ित दोनों परिवारों से मिलकर दुख साझा किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चौधरी जयंत सिंह को उक्त घटना से अवगत कराया तथा जनपद और प्रदेश स्तर पर तथा कंपनी से मुआवजा राशि दिये जाने की मांग की।

प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में की बैठक

  • शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, टीकाकरण के संबंध में दिये आवश्यक निर्देश
  • वर्षा ऋतु के दृष्टिगत अलर्ट मोड में कार्य करें अफसर
  • प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बागपत: जनपद प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी, राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग, उ.प्र. की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में व बरसात समय को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मंत्री ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि, नदियों का जलस्तर बढ़ जाने से और अलीपुर तटबंध कट जाने से जो किसानों की फसलों को जो क्षति हुई है, उसके लिए संबंधित विभाग फसलों के नुकसान का सर्वे करें और इनके मुआवजे के लिए तैयारी करें। जिससे कि समय से प्रस्ताव भेजा जा सके। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, पशुओं के टीकाकरण संबंधित किसी विशेष में कोई लापरवाही ना की जाए। वर्षा का समय चल रहा है, समस्त अधिकारी अलर्ट मोड में अपने दायित्वों का निर्वहन करें जिससे कि अभी अगस्त और सितंबर का माह भी बरसात का समय है।
सभी अधिकारी अपने दायित्वों के प्रति तैयार रहें। स्वास्थ्य विभाग के संबंधित स्थानों पर समय-समय पर कैंप लगते रहे, पशुपालन विभाग टीकाकरण करते रहे। जिला पंचायत राज अधिकारी को गांव में साफ-सफाई आदि के निर्देश दिए, जिससे कि जनपद का कोई भी व्यक्ति या बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का कोई व्यक्ति अपने आप को असुरक्षित महसूस ना करें, सभी को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखना है।
प्रभारी मंत्री ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि कार्य योजना बनाकर कार्य करें कार्य में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नदियों के तट पर स्थित गांव का भ्रमण किया जाए। समस्त तटबंध भी देखे जाएं, जिससे कि कोई लापरवाही ना हो।
प्रभारी मंत्री ने गाजियाबाद-बागपत के बॉर्डर पर स्थित अलीपुर तटबंध का निरीक्षण किया और सुभानपुर गांव का भी भ्रमण किया और ग्रामवासियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है, किसानों की फसलों को जो क्षति पहुंची उसके लिए मुआवजा दिलाया जाएगा। सरकार किसानों के लिए प्रत्येक आम व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए तत्पर हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आश्वस्त किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से संबंधित जो आज निर्देश प्राप्त हुए हैं, उसे कार्य योजना के अनुसार कार्य को सकुशल संपन्न किया जा रहा है और आगे भी करते रहेंगे। समस्त अधिकारी अपने दायित्व का निर्भन के साथ करेंगे और उन्होंने उपजिलाधिकारी खेकड़ा के बाढ़ के समय किये गए कार्यो की प्रशंसा की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी मोतीलाल व्यास, समस्त एसडीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.महावीर, भाजपा जिला अध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर सहित आदि उपस्थित रहे।

वेंक्टेश्वरा में स्कूल ऑफ नर्सिंग की ओर से नवप्रेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिन्टेशन प्रोग्राम ’अनूगूंज-2023’ का शानदार आयोजन

  • नयी शिक्षा नीति में युवाओं के लिए ढेरों संभावनाएं, लेकिन नर्सिंग दुनिया का सबसे पुनीत एवं मानवीय क्षेत्र: डा.सुधीर गिरि
  • अन्तर्राष्ट्रीय डिमाण्ड के अनुसार विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में ट्रैण्ड प्रोफेशनल्स तैयार कर रहा है वेंक्टेश्वरा समूह: डा.राजीव त्यागी

मेरठ। श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान में ’स्कूल ऑफ नर्सिंग सत्र-2023’ में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए ओरिन्टेशन प्रोग्राम ’अनूगूंज-2023’ का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान प्रबन्धन एवं प्रशासन ने नवॉन्तुक नर्सिंग छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हे अपने अन्तर्राष्ट्रीय डिमाण्ड के अनुरूप तैयार करने की शपथ दिलाते हुए देश सेवा में जुड़ने का आवहृान किया। इस अवसर पर पुराने छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर समारोह को यादगार बना दिया। समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरि ने सभी नवप्रवेशित नर्सिंग छात्र-छात्राओं को नये सुनहरे भविष्य की शुभकामनाऐं देते हुए उनसे अपना शत-प्रतिशत देते हुए देश सेवा में जुड़ने का आवहृान किया।
वेंक्टेश्वरा संस्थान के टैगौर भवन में आयोजित ‘अनूगूंज-2023’ कार्यक्रम का शुभारम्भ चेयरमैन डा.सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डा.राजीव त्यागी, प्रधान सलाहकार वी.पी.एस.अरोड़ा, सी.ई.ओ. अजय श्रीवास्तव, प्रभारी कुलपति डा.राकेश यादव, नर्सिंग प्रिंसीपल डा.ऐना ऐरिक ब्राउन आदि ने सरस्वती मां की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।
अपने सम्बोधन में समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरि ने कहा कि नयी शिक्षा नीति बहुत ही शानदार है जिसमें सभी क्षेत्रों के युवाओं के लिए ढेरों रोजगार की सम्भावनाऐं निहित है, लेकिन नर्सिंग जैसा पुनीत एवं मानवीय सेवा जैसा कोई दूसरा प्रोफेशन हो ही नहीं सकता। नर्सिंग प्रोफेशनल्स का रोल किसी भी मायने में चिकित्सक से कमतर नहीं है। वेंक्टेश्वरा समूह पिछले एक दशक में विभिन्न क्षेत्रों में हजारों स्किल्ड नर्सिंग प्रोफेशनल्स तैयार कर चुका है। ये बड़े गौरव की बात है कि संस्थान के नर्सिंग प्रोफेशनल्स युवा आज देश एवं दुनिया के विभिन्न हॉस्पीटल्स/स्वास्थ्य संस्थानों में कार्य कर रहे है। लकिन बदलते परिवेश में हमें युवाओं की नयी शिक्षा नीति के अनुरूप राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षित करना होगा ताकि ये युवा राष्ट्रीय/अन्तर्राष्ट्रीय मंचो पर अपनी प्रभावी उपस्थित दर्ज कर सके। प्रतिकुलाधिपति डा.राजीव त्यागी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय युवाओं ने विशेष रूप से नर्सिंग/पैरामेडिकल एवं मेडिकल्स प्रोफेशनल्स ने शानदार तरीके से काम करके भारत का गौरव बढ़ाने का काम किया है। हम अपने यहां प्रवेशित नर्सिंग छात्र-छात्राओ को एक सफल एवं सुरक्षित कैरियर देने के लिए प्रतिबद्ध है। अनूगूंज-2023 कार्यक्रम को कुलपति डा. राकेश यादव, कुलसचिव डा.पीयूष पाण्डेय, संयुक्त कुलसचिव डा.राजेश सिंह ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर मेरठ परिसर से डा.प्रताप सिंह, सी.एफ.ओ.विकास भाटिया, एच.आर.हेड बालाजी मलय्यपन, डा.सी.पी.कुशवाह, डा.विवेक सचान, डा. मोहित शर्मा, मारूफ चौधरी, मंजरी राणा, अनुष्का, रूविना, संजीव कुमार, रश्मि राणा, पूजा ऐरी, नीमा विष्ट, प्रतिभा, रीना नेगी, हरप्रीत कौर, हिमानी, सुमनदीप, पूजा कुमारी, जुनैद, पूजा सिजवाली, अलका सिंह, ब्रजपाल सिंह, दीपक कुमार, प्रीतपाल एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि लोग उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन किए गए आमंत्रित

बागपत: जिला प्रोबेशन अधिकारी तूलिका शर्मा ने बताया कि, महिला एंव बाल विकास मंत्रालय, द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु दो श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किये गये है। जिसमें श्रेणी:
1. बाल बहादुरी पुरस्कार-जिन बालकों ने प्राकृतिक अथवा मानव जनित परिस्थितियों के विरूद्ध निस्वार्थ अद्वितिय साहस का प्रदर्शन किया हो।
2. बाल उत्कृष्टता पुरस्कार-जिन बालको ने खेल/समाज सेवा/विज्ञान एवं तकनीकी /पर्यावरण/कला एवं संस्कृति एवं नवाचार के अन्तर्गत विलक्षण प्रतिमा प्रदर्शित की हो।
आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष से कम हो तथा वह जनपद बागपत का निवासी हो। उक्त सम्बन्धी पात्र आवेदनकर्ता दिनांक 31.08.2023 तक आवेदन आनलाईन पोर्टल https:awards.gov.in पर करते हुए हार्ड कापी जिला प्रोबेशन कार्यालय कमरा न0-08 विकास भवन बागपत में प्रेषित करने का कष्ट करें।

बुढेड़ा इंटर कॉलेज में राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता सहित प्रतिभाओं को किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर 

बिनौली: बुढेड़ा के श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में सोमवार को गुर्जर महासभा बागपत के तत्वाधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिसमे खेल व शिक्षा क्षेत्र में प्रतिभावान खिलाड़ी व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महासभा के अध्यक्ष करतार सिंह ने दीप प्रवजलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रतिभा सम्मान युवाओं व विद्यार्थियों को ऊर्जावान बनने में सहायक होता है। उन्होंने गांव के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित कमांडो प्रदीप गुर्जर, संदीप गुर्जर, आर्यन, मनोज, आकाश, अनुष्का, सेंकी, श्रेयांस, हर्ष, खुशी, ऋचा, खुशबू आदि प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्णपाल सिंह ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य है, सम्मान से इनके अंदर नई चेतना जागृत होती है। उन्होंने अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया। कैप्टन महाराम सिंह की अध्यक्षता व प्रवक्ता अरुण मलिक के संचालन में हुए समारोह में देवेंद्र गुर्जर, दिनेश गुर्जर, गजेंद्र सिंह एडवोकेट, तेजपाल सिंह, किरणपाल, जयसिंह, वीर सिंह, नेहा चौधरी, पिंकी चौधरी, मनोज शर्मा, कंवरपाल, धीरज सिंह, प्रवीण आदि मौजूद रहे।

महिला सशक्तिकरण को लेकर महिला बीट पुलिस अधिकारी ने महिलाओं को किया जागरूक

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: सिरसलगढ़ गांव में महिला सशक्तिकरण को लेकर महिला बीट पुलिस अधिकारी रश्मि चौधरी ने महिलाओं को जागरूक किया।
बागपत एसपी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा “महिला सशक्तिकरण व महिलाओं के सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान” के संबंध में दिए गए निर्देश के क्रम में थाना बिनौली प्रभारी एन.एस.सिरोही के निर्देशन में महिला बीट पुलिस अधिकारी, रश्मि चौधरी, द्वारा महिलाओं, बच्चों के साथ महिला सम्बन्धी अपराध, महिला सुरक्षा के सम्बन्ध मे गांव सिरसलगढ़ गांव में जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक किया गया।
महिलाओं व बच्चियों को महिला सम्बन्धी अपराध पर अंकुश लगाने हेतु जारी हेल्प लाइन 1090 वुमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्प लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्प लाइन, 112 पुलिस हेल्प लाइन, 1098 चाईल्ड लाइन के सम्वन्ध में जानकारी दी गई। वहीं महिला पुलिस बीट अधिकारी रश्मि चौधरी ने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि अगर आप लोगों के आसपास कोई भी अपराध घटित होता है या किसी के साथ अन्याय होता है तो तत्काल उपरोक्त नंबर पर सूचना दें जिससे समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस हमेशा आपके साथ है। डरने की जरूरत नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस 24 घण्टे आपके लिए तत्पर है।

भाजपा विधायक ने श्रीदेश जैविक फार्म में किया वृक्षारोपण

बागपत: हम सभी जानते है कि आज के समय में पर्यावरण दूषित हो रहा है और आने वाले कल में हम सब के लिये ख़तरा है और शायद आने वाली पीढ़ी बीमार ही रहे। इसका एक समाधान है की हम सब मिलकर वृक्ष लगाए और पर्यावरण को ठीक रखे।
पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा गांव बागपत के निवासी कर्नल नरेंद्र त्यागी ने सेना से सेवानिवृत होने के बाद अपने गांव में श्रीदेश जैविक एवं प्राकृतिक फार्म की स्थापना की और जैविक खेती आरंभ की। पर्यावरण को सुधारने के लिए वह वर्ष 2020 से वृक्ष लगाते आ रहे है। वर्ष 2022 में इन्होंने अपने फार्म पर वृक्षारोपण उत्सव मनाया था और इस वर्ष भी वृक्षारोपण उत्सव मनाया, जिसमें योगेश धामा विधायक बाग़पत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। श्रीदेश जैविक फ़ार्म पर उन्होंने चीकू, लीची, आडू, सहजन आदि के करीब 50 पौधे लगाये। योगेश धामा ने ग्रामीणों को पर्यावरण में वृक्षों के महत्व को समझाया और बताया कि सभी किसान अपने खेतों में कम से कम एक वृक्ष जरूर लगाये। योगेश धामा ने ग्रामीणों की कच्चे रास्ते की समस्या सुनी और आश्वासन दिया की वह करीब 500 मीटर रास्ते को पक्का कराने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर ग्राम प्रधान दिनेश त्यागी व पूर्व प्रधान सुभाष त्यागी ने भी वृक्षारोपण किया।

लुहारा गांव में मेहंदी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत

बागपत: युवा चेतना समिति बसौद के द्वारा लुहारा गांव में चलाये जा रहे ब्यूटीशियन के सेंटर पर मेहन्दी प्रतियोगिता करायी गई। इसमें महिलाओं व युवतियो ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में महिलाओं व युवतियों ने अपने-अपने हाथों पर एक से बढ़कर एक सुन्दर मेहन्दी रचाई, जिसकी सभी ने सराहना की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रेशमा, द्वितीय स्थान पर रीता तथा तृतीय स्थान पर मन्तशा व तबस्सुम रही। राबिया तथा रिया को उनकी सुन्दर मेहन्दी के लिए सांत्वना पुरस्कार दिया गया। युवा चेतना समिति बसौद के संस्थापक व अध्यक्ष मास्टर सतार अहमद ने सभी अतिथियों को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया। सेन्टर की अध्यापिका नीतू को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर जिला कोर्डिनेटर नीतू राणा, जिला संयोजिका कोमल राठोर, अध्यापिका नीतू, राखी आदि उपस्थित रही।

किसानों ने की बाढ़ से खराब फसलों का मुआवजा देने की मांग

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: बरनावा गांव में सोमवार शाम किसानों की बैठक हुई। जिसमे हिंडन व कृष्णी नदी में आई बाढ़ से सेंकड़ों किसानों की हजारों बीघा खराब हुई फसल का जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
बैठक में रालोद पूर्व महासचिव राजू तोमर सिरसली ने कहा कि नदियों में बाढ़ आने से हजारों बीघा फसले बर्बाद हुई हैं। जिसके चलते किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ऐसे में शासन प्रशासन को किसानों के विद्युत बिल व कृषि ऋण माफ करने चाहिए तथा जल्द सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की बर्बाद हुई फसलो के मुआवजे की मांग को लेकर रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह के निर्देशन में प्रभावित हर जनपद में ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं। उन्होंने सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।
बैठक में अजमल पठान ने कहा कि हिंडन व कृष्णी नदी में आए पानी से धान, ज्वार, फूल व सब्जियों की हजारों बीघा फ़सल नष्ट हो गई है, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन ने नुकसान का सर्वे नही कराया है।
रमजान की अध्यक्षता में हुई बैठक में फिरोज, युसुफ, इमरान, तैमूर खां, यासीन, रमेश कश्यप, राजकुमार कश्यप, राजेश, सुभाष, नदीम, इरशाद आदि मौजूद रहे।

सब इंस्पेक्टरों को दी भावभीन विदाई

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: बिनौली थाने पर तैनात चार दरोगा का स्थानांतरण सहारनपुर जिले में होने पर उनको विभाग व ग्रामीणों द्वारा विदाई दी गई। इसके लिए थाना परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें थाना प्रभारी इंस्पेक्टर एनएस सिरोही, गणमान्य ग्रामीणों समेत पुलिस स्टॉफ मौजूद रहे। एसआई अशोक कुमार सिंह, राकेश कुमार, यशपाल सिरोही, इंद्रजीत सिंह का स्थानांतरण सहारनपुर हों गया। जिले में पिछले कई सालों से तैनात थे।
आयोजित कार्यक्रम मे इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने कहा कि विभाग उनके कार्यकाल को हमेशा याद रखेगा। वह हमेशा काम के प्रति समर्पित रहे हैं। उनको सहारनपुर जिले में भी इमादारी से कार्य करनी की प्रेरणा देकर शुभकामनाएं दीं। वही थाना प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाने में हमारे चारों साथियों का सराहनीय सहयोग रहा है जो भुलाया नहीं जा सकता। विदाई समारोह में मौजूद एसएसआई धर्म सिंह, एसआई जनार्दन प्रसाद, एसआई विकास चहल, एसआई दिग्विजय सिंह, एसआई श्याम सिंह व समस्त थाना स्टॉफ मौजूद रहे।

श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय संस्थान एवं वीजीआई मेरठ की ओर से “वेंकटेश्वरा मातृशक्ति सम्मान 2023” का शानदार आयोजन

  • मातृशक्ति का सम्मान करते हुए विश्वविद्यालय स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है: डा.सुधीर गिरी

मेरठ। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शैक्षणिक समूह वेंकटेश्वरा ग्रुप की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 51 महिलाओं के साथ-साथ फ्रेंड्स फॉरएवर सामाजिक संस्था, प्रयास एक संस्था, ब्रॉडवे सामाजिक संस्था समेत एक दर्जन एनजीओ संचालित करने वाली सशक्त मातृशक्ति को “वेंकटेश्वरा मातृशक्ति सम्मान 2023” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वेंकटेश्वर समूह के चेयरमैन डा.सुधीर गिरी ने निर्धन मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा एवं निशुल्क एवम सस्ती चिकित्सा सेवाओं का भरोसा दिलाते हुए उनका भविष्य संवारने रने में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
सोमवार को मेरठ के गढ़ रोड स्थित एक होटल में वेंकेटेश्वेरा संस्थान की ओर से आयोजित “वेंकटेश्वरा मातृशक्ति सम्मान समारोह 2023” का शुभारंभ समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरी, प्रति कुलाधिपति डा.राजीव त्यागी, फ्रेंड्स फॉरएवर की अध्यक्षता डा.रुचि गर्ग, भाजपा शहर अध्यक्ष डॉली गुप्ता, ब्रॉडवे के मयंक अग्रवाल आदि ने सरस्वती मां की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर डा.सुरभि अग्रवाल, मंजू गर्ग, ममता सिंगल, मीनू अग्रवाल, पूनम सिंगल, मीनू सक्सेना, आकांक्षा सिंह, डा.पूनम अग्रवाल, डा.सुरभि गोयल, ऋतु चौधरी, रूपा शर्मा, डा.पूजा बंसल समेत सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रही।

मदन भैया ने जनता की समस्याओं को सुना, 1 दर्जन से अधिक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से जाना उनका हाल

  • शनिवार को खतौली एवं रविवार को जानसठ में विधायक मदन भैया जनता से लगातार मिलते हैं।

अजय खत्री, संवाददाता
जानसठ: खतौली से रालोद के विधायक मदन भैया ने क्षेत्र के 1 दर्जन से अधिक गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना। इससे पूर्व में उन्होंने खतौली में स्थित अपने कैंप कार्यालय एवं जानसठ में स्थित डाक बंगले पर पहुंचकर क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण कराया।
रविवार को पूर्व की भांति प्रत्येक सप्ताह के प्रत्येक रविवार को रालोद के खतौली विधायक मदन भैया स्थानीय डाक बंगले पर क्षेत्र से आए जनता की समस्याओं को सुनते हैं। इसके अलावा शनिवार को खतौली में स्थित अपने कैंप कार्यालय पर क्षेत्र से आए जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण कराते हैं। विधायक मदन भैया के सप्ताह में 2 दिन खतौली एवं जानसठ में लगातार बैठने से क्षेत्र में प्रत्येक समाज में उनकी लगातार पेठ बनती जा रही हैं। रविवार को जानसठ डाक बंगले पर पहुंचने पर क्षेत्र से आई जनता ने विधायक मदन भैया का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बिजली एवं डोल संबंधी विवाद को लेकर लोग विधायक से मिले। विधायक मदन भैया ने संबंधित अधिकारियों को फोन कर उनकी समस्याओं का निराकरण कराया।
इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कसाना, प्रभात मोतला, यशपाल प्रधान नगला दुहेली, अमित कुमार, हाजी आशु मलिक, विकास बालियान, मोंटी, सौरभ चौधरी, ओमबीर, सुभाष, अशोक चौधरी, धर्मवीर बालियान आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

पोस्टर बनाकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: मूर्ति देवी बालिका विद्यापीठ बिनौलो में शुक्रवार को विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर छात्राओं ने पोस्टर बनाकर प्रकृति को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
छात्राओं ने चार्ट पेपर पर चित्रों को संचित किया। जिनके माध्यम से छात्राओं ने अपनी अपनी जानकारी साझा की और बताया कि किस प्रकार प्रकृति को बचाया जा सकता है। कुछ छात्राओं ने कविता के माध्यम से भी अपने अपने विचार प्रकट किए। इस अवसर पर प्रबंधक विनोद कुमार गिरि व प्रधानाचार्य बबीता पाराशर ने भी प्रकृति के महत्त्व के विषय मे बताते हुए छात्राओ को जागरूक किया। छात्राओं को समझाते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार छोटे-छोटे योगदान से हम प्रकृति को बचा सकते हैं। इस मौके पर सुनीता, मनीषा, सुषमा, मनीषा सोलंकी, प्राची, शिवानी रुचि आदि मौजूद रही।

जनपद में गोचर/चारागाह भूमि को अतिक्रमण से अवमुक्त कराए जाने के संबंध में चलाया जाए अभियान

  • निराश्रित गोवंश के लिए गोचर की भूमि पर उगाया जाएगा हरा चारा
  • जिलाधिकारी ने गौशालाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक
  • ग्राम पंचायतों में चल रहे निर्माणाधीन गौशालाओं का कार्य 15 दिन के अंदर शीघ्र हो पूर्ण
  • सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किया जाए चिन्हित

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बागपत: जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में गोचर/चारागाह भूमि को अतिक्रमण से अवमुक्त कराते हुए निराश्रित गोवंश हेतु हरा चारा उगाए जाने व अस्थाई, स्थाई गौशालाओं, वृह्द गौशाला, कान्हा गौशाला के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सम्बंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों को 31 जुलाई से 3 अगस्त के मध्य गोचर की भूमि को चिन्हित करे और 3 अगस्त से 10 अगस्त के मध्य उन पर पिलर दिशाओं के अनुसार लगा दिए जाएं। गोचर की भूमि पर कोई भी अतिक्रमण करता है, कब्जा करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही भी की जाएगी। संबंधित अधिकारी अवमुक्त गोचर लैंड को चिन्हित करते हुए कार्यवाही करें।
10 अगस्त से 15 अगस्त के मध्य गोचर की भूमि पर बाजरा, चारा लगाए जाने के भी निर्देश दिए और 15 से 20 अगस्त के मध्य पियर घास लगानी होगी, जिसे मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी स्वयं देखेंगे। गोवंश के लिए हरे चारे की नहीं होने दी जाएगी कोई कमी जिला प्रशासन ने बनाई कार्य योजना।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में बनाई जा रही निर्माणाधीन गौशालाओं को 15 अगस्त तक शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बिजरोल,किरठल, इब्राहिमपुर माजरा, डगरपुर की गौशालाओं का निर्माण पहुंच शीघ्र से शीघ्र हो जाए। समस्त संबंधित अधिकारी प्रतिदिन इनका पर्यवेक्षण करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गौशालाओं को संचालित कराया जाना और उनका देखरेख करने का उत्तर दायित्व मुख्य विकास अधिकारी व शहरी क्षेत्र का अपर जिलाधिकारी का रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दोनों नोडल अधिकारी रिव्यू करेंगे कि कितनी प्रगति गौशालाओं के निर्माण कार्य में और व गोवंश को संरक्षित करने में की जा रही है। उन्होंने कहा कि गोवंश को साफ, स्वच्छ, स्थान पर रखा जाए और उन्हें हरा चारा खल चोकर आदि दिया जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला का कार्य करना एक पुण्य का कार्य भी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सरकारी कार्य में अगर कोई बाधा करता है तो उसे चिन्हित करते हो उस पर कार्यवाही करें। गोवंश की सेवा में अपने दायित्व का निर्वहन अफसर शिद्दत के साथ करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एम.एल.व्यास, अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा, एसडीम खेकड़ा ज्योति शर्मा, तहसीलदार बागपत प्रसून कश्यप, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा.रमेश, जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिला पूर्व सैनिकों का प्रतिनिधिमंडल

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बागपत: भूतपूर्व सैनिक समिति बागपत के जिलाध्यक्ष सूबेदार मेजर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में जाकर मिला।
प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात बागपत लोकसभा क्षेत्र से सांसद डा.सत्यपाल सिंह के विशेष प्रयास से संभव हो पाई। वार्ता के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सभी भूतपूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग और भूतपूर्व सैनिकों से सम्बंधित विभिन्न अनियमितताओं जैसे एमएसपी, डिसेबिलिटी पेंशन, वीरांगना संबंधी समस्या को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से वार्ता हुई।
रक्षा मंत्री से वार्ता के दौरान कैप्टन लोकेंद्र सिंह, अध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश व महासचिव एड.गजेन्द्र सिंह हेवा द्वारा रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि आज से 4 वर्ष पूर्व जो भूतपूर्व सैनिक पेंशन आया था, उसकी पेंशन आज पेंशन आने वाले से कहीं अधिक है। यह अनियमितताओं का एक अद्भुत उदाहरण है। दूसरा बिंदु यह बताया कि अगर सैन्य सेवा के दौरान कोई भी सैनिक, अधिकारी विकलांग हो जाता है तो उसमें भेदभाव किया जाता है। यह विकलांगता रैंक के आधार पर नहीं बल्कि मानवता के आधार पर सबको बराबर मिलनी चाहिए। इन बिंदुओं के अलावा भी अन्य बिंदुओं पर सांसद डॉक्टर सतपाल सिंह की उपस्थिति में विचार विमर्श किया गया। मुलाकात के दौरान जिला सचिव भूतपूर्व सैनिक समिति बागपत सूबेदार सत्येंद्र कुमार तुगाना भी उपस्थित रहे। जनपद बागपत से आज जिला भूतपूर्व सैनिक समिति बागपत के पिलाना ब्लॉक द्वारा नरेश ढाका, देवेंद्र ढाका, मेहरू ढाका, शिवराज व यशवीर ढाका के नेतृत्व में दिल्ली में जंतर-मंतर पर पूर्व सैनिकों के चल रहे धरने में लगभग 100 आदमियों के खाने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।