Tuesday, August 4, 2026
Home Blog Page 74

स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लगाया वैक्सीनेशन कैम्प

छपरौली: क्षेत्र के गाँव लूम्ब में स्वास्थ्य विभाग छपरौली द्वारा स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लगाया वैक्सीनेशन कैम्प।
बच्चों को वैक्सीनेशन के लिए क्षेत्र के गाँव लूम्ब में स्थित आर्यन गैलैक्सी एकेडेमी में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को वैक्सीनेशन करने के लिए स्वास्थ्य विभाग (सीएचसी) छपरौली द्वारा वैक्सीनेशन कैम्प लगाकर 50 विधार्थियों को वैक्सीन लगाई गयी। स्कूल प्रबंधक अनंगपाल आर्य एवं अभिभावकों ने वैक्सीनेशन टीम का सहयोग किया।
वैक्सीनेशन के समय सीएचसी टीम में ममता, नीतू, राजीव सहित स्कूल प्रबंधक अनंगपाल आर्य, प्रधानाचार्य अमित कुमार, निशांत, पूनम, मोनिका, वर्षा, अंजू मनीषा, उपस्थित रहे और युवराज, सूर्या उपाध्याय, अर्पित, अन्नू, वंश, अगम, गर्वित, यश, दीपांशु, सावन आदि बच्चों को वैक्सीनेशन की गयी।

भाजपा किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी को स्मरण पत्र सौंपकर जनसमस्याओं के निराकरण की मांग की

नजीबाबाद। भाजपा किसान मोर्चा नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी नजीबाबाद को स्मरण पत्र सौंपकर जनसमस्याओं के निराकरण की मांग की।
उप जिलाधिकारी नजीबाबाद को दिए गए 11 सूत्री स्मरण पत्र में मांग की गई कि क्षेत्र में जारी भारी मात्रा में अवैध रेत बजरी व मिट्टी खनन को तत्काल रोका जाए। नौसिखिए रिक्शा चालकों द्वारा बिना नंबर की दौडाई जा रही अवैध ई-रिक्शाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए। क्षेत्र में जारी अवैध जुआ सट्टे पर तत्काल अंकुश लगाया जाए। उचित दर विक्रेताओं द्वारा राशन वितरण में की जा रही अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जाए। लाला भोजाराम नेत्र चिकित्सालय में तत्काल नेत्र सर्जन की नियुक्ति की जाए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल पूर्णकालिक चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति की जाए। मंडी समिति परिसर में भारतीयों द्वारा अवैध रूप से डालकर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डेंटल सर्जन, आर्थोपेडिक सर्जन व अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर खून व मूत्र की समस्त जांचे उपलब्ध कराई जाएं। अघोषित विद्युत कटौती से मुक्ति दिलाई जाए। नगर में अवैध रूप से काट कर बेचे जा रहे बकरे के मीट को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि सभी समस्याओं का निराकरण शीघ्र अति शीघ्र किया जाए।
भाजपा किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी नजीबाबाद मनोज कुमार से कहा कि हमने इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए विगत दो मई को ज्ञापन सौंपा था जिस पर अभी तक कोई दृष्टिकोण कार्यवाही नहीं होने के कारण हमें दोबारा आपको याद दिलाना पड रहा है। जिससे शासन की मंशा के अनुरूप शासन जारी रह सके और सरकार की छवि धूमिल होने से बचाई जा सके। नगर अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा ललित पाल के नेतृत्व में नगर महामंत्री मृत्युंजय पाल, नगर मीडिया प्रभारी संजय जैन पत्रकार, मंत्री वीरवती, मनमोहन कश्यप, कपिल कुमार, दीपक शर्मा, अक्षय कुमार, आकाश सिसोदिया सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

भगवान राधा कृष्ण की परिक्रमा रथयात्रा निकाली

  • बिनौली के प्राचीन शिव मंदिर में चल रही प्राण प्रतिष्ठा

बिनौली। प्राचीन शिव मंदिर बिनौली में चल रही प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के सातवें दिन गुरुवार को भगवान राधा कृष्ण की मूर्ति की परिक्रमा रथयात्रा भक्तजनों ने बैंडबाजों का साथ निकाली।
पंडित शिव हरि के निर्देशन में प्रातःकाल हवन कर मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान पूर्वक भगवान राधा कृष्ण की मूर्तियों का अभिषेक किया गया। इसके उपरांत भक्तजनों व पीले वस्त्र धारण कर महिलाओं ने बैंडबाजों के साथ भगवान राधा कृष्ण की पूरे गांव में परिक्रमा रथयात्रा निकाली। रथयात्रा में महिलाएं मंगल गीत गाती गाते व भक्तजन भगवान राधा कृष्ण की जय जयकारों के नारे लगा रहे थे। गांव में कई जगह पुष्प वर्षा से परिक्रमा रथयात्रा का स्वागत किया गया, जो मुख्य बाजार से होकर पूरे गांव की परिक्रमा कर वापस मंदिर में आकर सम्पन्न हुई। प्राण प्रतिष्ठा की आयोजक विमला देवी ने बताया कि शुक्रवार को मंदिर में भगवान राधा कृष्ण की मूर्तियों को स्थापित कर पूजा अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन होगा।
परिक्रमा रथयात्रा में श्रीपाल जांगिड़, महिपाल जांगिड़, सुनील जांगिड़, प्रधान उपेंद्र धामा, विनय धामा, पूर्व प्रधान मा. रमेश धामा, श्रीपाल धामा, मोनू वर्मा, सत्यप्रकाश वर्मा, महावीर विश्वकर्मा, प्रेम भाटिया, रवि भाटिया, गुड्डू भाटिया, राजीव धामा आदि शामिल रहे।

आँखें के पर्यावरण संरक्षक ने नन्हीं परी आरोही के जन्मदिन पर भेंट किया पौधा

सरधना: क्षेत्र के गांव गोटका में सामाजिक संस्था आँखें के पर्यावरण संरक्षक विकास कुमार बड़गुर्जर ने नन्हीं परी आरोही समनिया के जन्मदिन पर पौधा भेंट कर उसके जीवन की मंगल कामना करते हुये,उपस्थित परिवार के सदस्यों को पवित्र अवसरों पर पौधा रोपण करने का संकल्प दिलाया।
आँखें के पर्यावरण संरक्षक विकास बड़गुर्जर ने कहा पेड़-पौधें धरती का आभूषण है, इनके बिना जीवन की कल्पना भी सम्भव नहीं है। इसीलिए पौधों का रोपण या सरंक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारा नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर विकास बड़गुर्जर, सचिन कुमार, अमित, आविश, अनुराग, आर्यन, रवि कुमार, अमित, आरोही, रेणु, आशा, मोनिका, अमृता आदि उपस्थित रहे।

नैनो यूरिया किसान गोष्ठी में किसानों को सांसद ने किया सम्बोधित

हापुड़। नैनो यूरिया किसान गोष्ठी में सांसद ने किसानों को सम्बोधित करते हुए तरल आधारित यूरिया को अपनाने का आवाहन किया।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने यहां कृषि विज्ञान केंद्र, बाबूगढ़ सभागार में नैनो यूरिया किसान गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे।
गोष्ठी में उप कृषि निदेशक विपिन बिहारी द्विवेदी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, विकास कुमार, डा.अशोक, डॉक्टर वीरेंद्र पाल गंगवार, डा.प्रमोद, कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र बाबूगढ़, डॉक्टर भूपेंद्र चौधरी मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक इफको आदि उपस्थित रहे।

कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा : संजय कुमार

रायपुर सादात। नगीना देहात पुलिस ने बिना हेलमेट और नाबालिग लड़कों की गाड़ी चलाने पर शिकंजा कसते हुए अनेक लोगों के चालान किए।
रायपुर सादात चौराहे पर मनोज कुमार सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। नाबालिग वाहन चालकों तथा बिना हेलमेट के यात्रा करने वालों के चालान काटे गए। नगीना देहात थाने के सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार तथा कांस्टेबल संजय कुमार, सुधीर कुमार, राहुल व मनोज कुमार की पुलिस टीम ने रायपुर सादात चौराहे को छावनी में तब्दील कर दिया और आने-जाने वालों की सख्ती के साथ चेकिंग की। इस दौरान सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने नाबालिग बच्चों के गाड़ी चलाने तथा बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वालों पर अपना पूरा फोकस रखा। उन्होंने किसी भी नाबालिग गाड़ी चलाने वाले को नहीं छोड़ा और उनके चालान काटे। उन्होंने कहा नाबालिग यदि गाड़ी चलाता है तो उसमें माता-पिता की भी लापरवाही शामिल होती है। नाबालिग के गाड़ी चलाने पर माता-पिता भी बराबर के भागीदार हैं। बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों को उन्होंने जमकर फटकार लगाई और कहा पूरी मजबूती के साथ पुलिस प्रशासन हेलमेट पहनने के फायदे समझाता है और फिर भी लोग अपनी जान की परवाह किए बगैर बिना हेलमेट गाड़ी चलाते हैं। आए दिन हेलमेट न पहनने के कारण बाइक सवार लोगों के साथ बड़ी घटनाएं घटती हैं लेकिन अपनी जान की परवाह कोई नहीं करता साथ ही कानून का भी उल्लंघन करता है। उन्होंने सख्ती के साथ रायपुर सादात चौराहे पर चेकिंग चलाकर कई लोगों के चालान काटे और मनचलों पर भी शिकंजा कसा। थाना अध्यक्ष संजय कुमार का कहना है प्रतिदिन पुलिस वाहन चेकिंग करती है। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दिव्यांगजनों के लिए कदम से कदम मिलाकर खड़ी हैं सरकार: नरेंद्र कश्यप

  • मंत्री ने दिव्यांग जनों को किये उपकरण वितरित और पहनाई गले में माला
  • जनपद में 6735 दिव्यांग जनों को मिल रही पेंशन
  • सभी दिव्यांगों के पास होंगे दिव्यांग उपकरण

बागपत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर हर पात्र व्यक्ति को सरकार की योजना से लाभान्वित करने के लिए निरंतर मुख्यमंत्री के निर्देशन में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जनपद बागपत में नरेंद्र कश्यप राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन विभाग उत्तर प्रदेश का जनपद बागपत में एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम लगा, जिसमें उन्होंने कलेक्ट्रेट लोक मंच से दिव्यांगजनों को दिव्यांग उपकरण वितरित किए। जिसमें राज्य मंत्री ने 56 मोटराइज्ड साइकिल,10 बैसाखी,20 व्हीलचेयर,15 हीयरिंग,10 स्मार्ट कैन नेत्रहीनों के लिए वितरित किए गए और दिव्यांग जनों से मधुर संवाद किया और उन्हें गले में फूल माला पहनाकर उनका हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी दिव्यांगजन बिना पेंशन के बिना दिव्यांग उपकरण से वंचित नहीं रहेगा। सभी का सम्मान होगा। सभी को उपकरण वितरित किए जाएंगे, यही सरकार की मंशा है। मंत्री ने अपने विभाग की योजनाओं के संबंध में आम व्यक्ति को बताया और उस योजना का किस प्रकार लाभ लिया जा सकता है उन्होंने योजना के संबंध में बहुत ही सरलता के साथ प्रकाश डाला। मंत्री ने कहा दिव्यांग जनों के कर्तव्य स्थान तक पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री ने मोटराइज्ड ट्राई साइकिल की व्यवस्था की है जिससे कि दिव्यांग अपने कर्तव्य स्थान तक आसानी और सरलता तक पहुंच सके। ऐसे दिव्यांग जनों के लिए व्यवस्था की गई है जिन-जिन की दिव्यांगता 70-80 90% से अधिक है। मंत्री ने बागपत जिला अधिकारी के कार्यों की सराहना की उन्होंने कहा यह जनपद का बहुत अच्छा मैनेजमेंट है कि यहां पर बहुत जल्द मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरित हो गई है। हम सब का कर्तव्य दिव्यांगों की सेवा करना है और उनका से पुण्य कमाना है।
जनपद बागपत में वर्तमान में 6735 दिव्यांग जनों को पेंशन वितरित की जा रही है, जिसमें उन्हें प्रतिमाह उनके बैंक खाते में ₹1000 की धनराशि भेजी जाती है। इस योजना से कोई भी दिव्यांगजन जुड़ सकता है। उसे अपना ऑनलाइन आवेदन करना होगा। उसके लिए उसके पास दिव्यांग प्रमाण पत्र, फोटो, मूल निवास, आय प्रमाण पत्र का होना जरूरी है। ऐसे लाभार्थी इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
जिलाधिकारी राज कमल यादव ने कहा जनपद में जो दिव्यांगजन दिव्यांग उपकरणों से वंचित हैं वे आवेदन करें। उन्हें दिव्यांग उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा दिव्यांगों के लिए जनपद में कैंप भी लगाया जाएगा जिससे कि जनपद में कोई भी दिव्यांगजन बिना उपकरणों,पेंशन से वंचित ना रह सके हम सब की मंशा है सरकार के पात्र व्यक्ति को पात्र योजना से लाभान्वित करना ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रंजीत सिंह, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा सहित आदि उपस्थित रहे।

13 मई को मनाया जायगा एकता दिवस

खेकड़ा: 13 मई एकता दिवस के उपलक्ष्य में नगर के अर्वाचीन इंटर कॉलेज खेकडा़ द्वारा समाजिक चेतना एवं भारतीय संस्कृति जन जागरण के लिए एक प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारी स्कूल के प्रांगण में जोरों-शोरों से चल रही है।
उक्त जानकारी देते हुए विद्यालय प्रधानचार्या मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि 13 मई दिन- शुक्रवार को अर्वाचीन इण्टर कालेज एकता दिवस के उपलक्ष में विद्यालय के छात्र- छात्राओं द्वारा भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक चेतना जन जागरण हेतु प्रभात फेरी का आयोजन विद्यालय द्वारा किया जा रहा है। प्रातः 9 बजे स्कूल प्रांगण से शुरु होकर मुख्य बाजार, पाण्डव पुलिया, यादव चौराहा, रेलवे रोड से होते हुए विद्यालय प्रांगण पर समाप्त होगी।

पोस्टर बनाकर पर्यावरण सुरक्षा का लिया संकल्प

तितरोदा के ओमेगा वर्ल्ड स्कूल में पोस्टर दिखाते छात्र-छात्राएं

बिनौली: तितरोदा के ओमेगा वर्ल्ड स्कूल में बुधवार को पोस्टर प्रतियोगिता हुई। जिसमें छात्र छात्राओं ने कृति बनाकर पर्यावरण सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
वर्तमान परिवेश में पर्यावरण संरक्षण विषय पर हुई प्रतियोगिता में कक्षा छह से नौ तक के छात्र छात्राओं ने कई तरह के पोस्टर बनाए। जिनमे पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी उपाय करने का संदेश दिया। निर्णायक मंडल ने कक्षा नौ की वर्णिका जांगिड़ के बनाए पोस्टर को प्रथम, कार्तिक को द्वितीय तथा दीपमशु को तृतीय स्थान के लिए चुना। जबकि अंशिका शर्मा, रितिका, अवनी, दीक्षा, वन्तिका, ईशु तोमर व वैभव की कृति भी सराही गयी। विजेता छात्र=छात्राओं को प्रबंध समिति सदस्य मनोज नैन एडवोकेट, देवेंद्र शर्मा व किरण प्रधान ने स्मृति चिंह देकर पुरस्कृत किया। प्रधानाचार्य केपी सिंह ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प कराया।

नैनो यूरिया भविष्य की खेती के लिए महत्वपूर्ण : डा.ब्रजपाल सिंह

ब्लॉक बिनौली पर किसानों को नैनो यूरिया तरल की जानकारी देते कृषि विशेषज्ञ व गोष्ठी में उपस्थित किसान।

बिनौली। खंड विकास मुख्यालय बिनौली पर बुधवार को कृषक सेवा सहकारी समिति बिनौली के तत्वाधान में इफ्को नैनो यूरिया तरल आधारित विकास खंड स्तरीय किसान गोष्ठी हुई। जिसमें कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि नैनो यूरिया का प्रयोग करने से कम लागत में फसल उत्पादन में इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया तरल भविष्य की खेती के लिए महत्वपूर्ण उत्पाद है।
वरिष्ठ प्रबंधक इफको डा.ब्रजपाल सिंह ने किसानों को बताया कि यूरिया की तुलना में नैनो तरल यूरिया का उपयोग करने से फसलों की गुणवत्ता बढ़ती है। यह सभी फसलों के लिए उपयोगी होती है। सहायक आयुक्त एंव सहायक निबंधक सहकारिता बागपत मोहसीन जमील ने बताया कि यूरिया के माध्यम से फसलों को 50 फीसद नाइट्रोजन मिल पाता है, जबकि ईफको नैनो तरल यूरिया का फसलों में छिड़काव करने पर 80 फीसद नाइट्रोजन फसलों को प्राप्त हो जाता है।इसके चलते ही किसानों को नैनो तरल यूरिया का प्रयोग करना चाहिए।
गोष्ठी में चेयरपर्सन संजू चौधरी, सचिव संजय कुमार, धर्मबीर राणा, संजीव राणा, एडीओ प्रवेंद्र सिंह आदि ने भी किसानों को अधिक फसल उत्पादन के गुर बताए। गोष्ठी की अध्यक्षता संचालक उपभोक्ता सहकारी संघ प्रवीण तोमर व संचालन पूर्व एडीओ योगेंद्र मलिक ने किया। गोष्ठी में प्रधान उपेंद्र धामा, पूर्व प्रधान वेदपाल धामा, ओमबीर सिंह तोमर, जयपाल सिंह, राजू तोमर, रमेश चंद चौहान, अनिल धामा, भारत सिंह, सुनील धामा, यशवीर सिंह, नरेंद्र आदि किसान मौजूद रहे।

प्रशिक्षणार्थी में कौशल के साथ-साथ दक्षता भी जरूरी : ओपी गोला

नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ओमप्रकाश गोला ने विभाग द्वारा आयोजित आरपीएल ट्रेनिंग के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षणार्थी को कौशल के साथ-साथ इसमें दक्ष होना भी आवश्यक है, तभी वह अपने कार्य में कामयाब हो सकता है।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि पद से संबोधित करते हुए ओपी गोला ने कहा कि वर्तमान समय में जो दिखता है वही बिकता है वाली बात बिल्कुल सही साबित हो रही है। इसलिए हमें अपने कार्य क्षेत्र में दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों का आह्वान किया कि वह व्हाट्सएप, टि्वटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर अपने उत्पादों का अधिक से अधिक प्रचार करें और अपने व्यापार में दिन दूनी रात चौगुनी प्रगति करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे माटी कला बोर्ड प्रशिक्षण संस्थान नजीबाबाद के प्रधानाचार्य सोमप्रकाश ने प्रशिक्षणार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहां कि विभाग के द्वारा आपको प्रशिक्षण देने के साथ-साथ अपने कार्य को प्रारंभ करने के लिए वित्तीय सहायता भी अत्यधिक कम ब्याज दरों में सब्सिडी के साथ उपलब्ध कराई जा रही है। जिसकी सहायता से आप अपने व्यापार को सुचारु रूप से व्यवस्थित कर मुनाफा कमा सकते हैं।
पत्रकार संजय जैन ने कहा कि यदि आपके अंदर दृढ़ इच्छाशक्ति है तो आप स्वरोजगार के माध्यम से स्वयं तो स्थापित हो ही सकते हैं दूसरों को भी रोजगार दे सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को ब्यूटीशियन के उच्च प्रशिक्षण के लिए दिल्ली की मेकअप आर्टिस्ट कषिका जैन के द्वारा प्रशिक्षण दिलाने का आश्वासन दिया।
25 प्रशिक्षणार्थियों को उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ओम प्रकाश गोला, प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य सोम प्रकाश, पत्रकार संजय जैन, ऋषिपाल प्रजापति व कमल प्रजापति द्वारा संयुक्त रुप से प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन संजय सैनी ने किया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण केंद्र के परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।

राज्यपाल ने जिला अस्पताल मे किया सखी वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण

  • पीड़ित महिलाओं को अपनी बहन व बेेटी समझ कर उनकी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर कराना सुनिश्चित करें: राज्यपाल

बिजनौर: राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल द्वारा जिला संयुक्त चिकित्सालय स्थित महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण किया गया। राज्यपाल ने अधिकारियों को महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न इत्यादि मामलों के बारे में चर्चा की और मामलों को शीघ्र निस्तारित करने तथा वन स्टाप सेंटर के तहत सभी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को अस्थायी आश्रय, पुलिस-डेस्क, विधि सहायता, चिकित्सा एवं काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल द्वारा जिला बिजनौर भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का लोकार्पण किया गया। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बिजनौर द्वारा निर्मित किए गए सखी वन स्टॉप सेंटर को रुपए 24,34,686 की लागत से तैयार किया गया।
ज्ञातव्य हो कि वन स्टाप सेंटर हेल्प लाईन महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित वन स्टाप सेंटर योजना (सखी) महिलाओं के लिए मददगार साबित हो रही है। किसी महिला के साथ मारपीट, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न या अन्य कोई घटना होती है तो वन स्टाप सेंटर के माध्यम से पीड़ित को न्याय दिलाया जाता हैै।
राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने जिला अस्पताल में विभागीय अधिकारियों को महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न इत्यादि मामलों के बारे में चर्चा की और मामलों को शीघ्र निस्तारित करने तथा वन स्टाप सेंटर के तहत सभी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को अस्थायी आश्रय, पुलिस-डेस्क, विधि सहायता, चिकित्सा एवं काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि महिलाएं उत्पीडन से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए वन स्टाप सेंटर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क स्थापित कर मद्द पा सकती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीडित महिलाओ को अपनी बहन व बेेटी समझ कर उनकी समस्याओ का निस्तारण प्राथमिकता पर कराना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉक्टर प्रवीन रंजन, संजय कुमार यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

नेहरू की प्रतिमा का सौंदर्यीकरण कराने की कांग्रेसियों ने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

हापुड़। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक गोयल के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने नेहरू की प्रतिमा की मरम्मत करने की मांग की। इस संबंध में डीएम को ज्ञापन सौंपा।
उन्होने कहा कि अतरपुरा चौराहा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा स्थापित है। प्रशासनिक उदासीनता और अनदेखी के कारण प्रतिमा स्थल की हालत दयनीय हो चली है। प्रतिमा स्थल पर चारों तरफ रेलिंग लगी हुई थी जो एक तरफ से पूरी तरह टूट चुकी है। प्रतिमा स्थल के फर्श पर लगा पत्थर भी नीचे धंस रहा है। जो प्रतिमा स्थल कभी अतरपुरा चौराहा की शान बढ़ाता था, आज पूरी तरह से बदहाल हो चुका है। उन्होंने कहा कि 27 मई को पंडित नेहरू की पुण्यतिथि है। इस मौके पर समस्त शहरवासी प्रतिमा स्थल पर आकर राष्ट्र निर्माता के चरणों में श्रद्धांजति अर्पित करते हैं। उन्होंने डीएम मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द प्रतिमा स्थल की मरम्मत कराने के साथ सौंदर्यीकरण कराने की मांग की।

गला घोटू बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं: विक्रम सिंह

जानसठ। जानसठ टीकाकरण टीम को हरी झंडी दिखाकर पशुओं में होने वाली गला घोटू बीमारी से बचाव के लिए खतौली विधायक विक्रम सिंह सैनी ने टीकाकरण अभियान का शुभारंभ गांव कवाल से किया। क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह सैनी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे निःशुल्क टीकाकरण अभियान के अंतर्गत पशुपालक अपने-अपने पशुओं को जानलेवा बीमारी गला घोटू से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य कराएं।
वहीं जानसठ पशु चिकित्सालय में तैनात उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.डी.पी.सिंह ने बताया कि यह टीकाकरण जानसठ तहसील क्षेत्र सहित पूरे जनपद में करीब दो माह चलाया जाएगा। जिसमें पशु पालक गला घोटू बीमारी से बचाव के लिए निशुल्क टीका लगवा सकते हैं। उन्होंने पशु पालकों से अपील की है कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत डोर टू डोर जा रही पशु चिकित्सकों की टीम से वह अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।

उ.प्र.की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गन्ने की आधुनिक पेराई इकाई का उद्घाटन किया

जानसठ। जनपद मुजफ्फरनगर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दौरे के पहले दिन बुधवार को जानसठ तहसील क्षेत्र के गांव चित्तौड़ा झाल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पर गन्ने की आधुनिक पेराई इकाई का विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर फीता काटकर उद्घाटन किया। वहीं उन्होंने इस आधुनिक गन्ना पेराई इकाई मशीन में गन्ने लगाकर इसका शुभारंभ भी किया। इसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में लगाये गए कृषि मेले में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण एवं प्राकृतिक खेती व जैविक खेती संबंधी स्टालों का निरीक्षण कर संबंधित जानकारी ली।
इस कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह सैनी ने बताया कि आज देश में उगाई जाने वाली सब्जियों और फलों पर अधिक पेस्टिसाइड दवाओं और कीटनाशक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे काफी बीमारियां बढ़ रही हैं। आज हमें प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुजफ्फरनगर जिला अधिकारी चंद्र भूषण सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, उप जिलाधिकारी जानसठ जयेंद्र कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला सहित दर्जनों प्रशासनिक अधिकारी एवं कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण मुजफ्फरनगर के उपनिदेशक ओपी चौधरी, जिला कृषि अधिकारी यतेंद्र सिंह, अरुण कुमार, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

अंजना शर्मा को किया जाएगा काव्य रत्न से सम्मानित

अंजना शर्मा

बागपत। हिंदी भवन दिल्ली में आगामी 15 मई को अंतरराष्ट्रीय काव्य संग्रह भारत के भारत रत्न का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न होगा, जिसमें देश- विदेश से 150 से अधिक साहित्यकार शामिल होंगें।
अंतरराष्ट्रीय शब्द सृजन द्वारा आयोजित इस समारोह में देश के ख्याति प्राप्त साहित्यिक सामाजिक एवं राजनैतिक हस्तियों द्वारा काव्य ग्रन्थ का लोकार्पण किया जायेगा।
इस अवसर पर ग्रन्थ के सहभागी रचनाकार अंजना शर्मा पुत्री स्व:प्रेमदत्त शर्मा को काव्य रत्न सम्मान से अलंकृत किया जाएगा, जो स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि होगी। वह मूल रूप से बागपत जिले के कस्बा खेकड़ा की रहने वाली है। भारत रत्न महोत्सव को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है,जिसमें 301 कवियों ने भारत रत्न विजेताओं पर ऑनलाइन काव्यपाठ किया था, उन्ही कवियों में से देश-विदेश के चयनित 215 कवियों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। इस ग्रन्थ में सम्पादन एवं संकलन की भूमिका अंतरराष्ट्रीय शब्द सृजन के अध्यक्ष डा.राजीव कुमार पाण्डेय एवं महासचिव ओंकार त्रिपाठी ने निभाई है।
निकष प्रकाशन दिल्ली द्वारा ऐतिहासिक महत्व के इस ग्रन्थ को प्रकाशित किया गया है। हिंदी साहित्य के इतिहास में पहली बार भारत रत्न प्राप्त विभूतियों को एक स्थान पर काव्य ग्रंथ के रूप में समेकित कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इस काव्य ग्रंथ में अमेरिका, इंग्लैंड, नाइजीरिया, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, कुबैत, अफ्रीका, कनाडा, इंडोनेशिया, दोहा क़तर, ऑस्ट्रेलिया आदि देशों सहित भारत के विभिन्न प्रांतों के रचनाकारों को स्थान दिया गया है।

आयुष के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे सरकार: दीपक

बागपत के चमरावल गांव में आयुष के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक यादव

बागपत। जिला पंचायत बागपत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय यादव महासभा के दिल्ली युवा प्रदेश अध्यक्ष दीपक यादव चमरावल गांव में आयुष के घर पहुंचे और उसके परिजनों को सांत्वना दी।
दीपक यादव ने शासन-प्रशासन से आयुष के परिवार वालों को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग की। बता दें कि गत दिनों चमरावल गांव के रहने वाले अरुण कुमार के 6 वर्षीय पुत्र आयुष की बस से कुचलने पर मौत हो गई थी। वह रॉयल कान्वेंट इंटर कॉलेज चमरावल में कक्षा एक का छात्र था। इसको लेकर दीपक यादव चमरावल गांव पहुंचे और उन्होंने आयुष के पिता अरुण कुमार समेत अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। कहा कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं और वह अपने को अकेला ना समझे।

अधिक से अधिक वृक्षारोपण का दिया संदेश

नजीबाबाद। ‘कलम की ताकत पत्रकार महा संगठन ज़िद है बदलाव की’ के सौजन्य से संगठन के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं अतिथियों ने माटी कला केंद्र बोर्ड के परिसर में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम में उपस्थित सभी जन समुदाय से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ-साथ उसका लालन-पालन करने का भी आह्वान किया।
वृक्षारोपण से पूर्व आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा खेल सिंह राजपूत ने कहा कि वृक्षों का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। वर्तमान में मौसम का चक्र बिगड़ने से बचाने के लिए वृक्षारोपण अति आवश्यक है।
अतिविशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख तपराज़ सिंह देसवाल ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ उनकी परवरिश का ध्यान रखना भी अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि हम 500 पौधे लगाते हैं और उनमें से 400 भी जीवित रहते हैं तो हमारा कार्यक्रम सार्थक है। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा लगाए गए पेड़ों के बड़ा होकर वृक्ष बनने पर उनसे मिलने वाले फल, छाया व प्राणवायु ग्रहण करने वाले हमेशा उनकी सराहना करेंगे।
विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा अवधेश कुमार ने कहा कि पत्रकार अपनी पत्रकारिता के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का कार्य तो करते ही हैं। आज उन्होंने एक सकारात्मक उद्देश्य के लिए कार्य करते हुए वृक्षारोपण का भी कार्य किया है ।जिसके लिए उनकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। उन्होंने अपनी ओर से संस्थान माटी कला बोर्ड को 10 वृक्ष देने तथा हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष मुकुल रंजन दीक्षित व अन्य वक्ताओं ने वृक्षारोपण कार्यक्रम के आयोजन के लिए लिए संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बधाई दी तथा अपनी ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का सशक्त संचालन संजय सैनी के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों और मंच पर बैठे सभी विभूतियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। कलम की ताकत पत्रकार महासंगठन जिद है बदलाव की कि ओर से आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के माटी कला प्रशिक्षण बोर्ड के प्रधानाचार्य सोम प्रकाश ने पत्रकारों द्वारा किए गए इस कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि सभी को पत्रकार संगठन से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा संकल्प लेना चाहिए कि अपने जीवन में अपने जन्मदिन पर व अन्य शुभ अवसरों पर एक पेड़ अवश्य लगाएं जिससे हमें शुद्ध वायु, फल, छाया मिल सके। उन्होंने कहा कि वृक्षों से हमारा वातावरण शुद्ध रहता है। वृक्षारोपण के दौरान ब्लाक प्रमुख तपराज सिंह देशवाल ,किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष खेल सिंह राजपूत, विशिष्ट अतिथियों , संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के द्वारा सामूहिक रूप से आम, अशोक ,बेल ,अनार, अमरूद, नीम व अन्य फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर माटी कला ग्राम उद्योग बोर्ड के प्रधानाचार्य ने सभी से अपील करते हुए कहा कि हमारे यहां 57 बीघा जमीन पड़ी है आप आकर उसमें फलदार, छायादार वृक्ष लगा सकते हैं ।कार्यक्रम के आयोजकों में कलम की ताकत पत्रकार महासंगठन जिद है बदलाव की के मंडल अध्यक्ष संजय जैन, मंडल अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ आसिफ हुसैन एडवोकेट , मंडल अध्यक्ष महिला विग सपना वर्मा, जिला अध्यक्ष सोनू आदित्य, नगर अध्यक्ष नमित सिंघल आदि का सराहनीय योगदान रहा। वृक्षारोपण कार्यक्रम में अतुल रुहेला भाजपा नगर महामंत्री, किसान मोर्चा नगर अध्यक्ष भाजपा ललित पाल, नगर महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा मृत्युंजय पाल, मनमोहन सिंह, पत्रकार सरफराज अहमद, शाकिर अली, शाकिर अली बुलंद भारत तथा माटी कला बोर्ड का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत मे संगठन के मंडल अध्यक्ष संजय जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

नेत्र शिविर में 250 की आंखों की जांच की

बिनौली। श्री जैन स्थानक मंदिर बिनौली में मंगलवार को एडीके जैन नेत्र अस्पताल खेकड़ा की ओर से विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें जिसमें नेत्र विशेषज्ञों ने 250 रोगियों के आंखों की जांच कर 25 मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयन किया है।
नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ स्व.अमोलक चंद जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शिविर में नेत्र चिकित्सक डा.आशीष, डा.संजय शर्मा, सचिन तोमर, रश्मि, किट्टू, आशीष, सान्या शर्मा ने 250 नेत्र मरीजों की आंखों की जांच कर 25 मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयन किया और 70 को चश्में वितरित किये।
शिविर में सत्यप्रकाश गोयल, राकेश जैन, जीवन चंद जैन, विक्की जैन, अनुज जैन, अंकुर जैन, चंद्रकांत कुलश्रेष्ठ, क्षितिज कुलश्रेष्ठ आदि का सहयोग रहा।

स्वामी दयानंद व चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे प्रो.आर्य

  • समाज को जागृत करने में लगाया जीवन
  • गुरुकुल में धूमधाम से मनाया 85 वां जन्मदिन समारोह

बिनौली। जिवाना गुलियांन के गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में अखिल भारतीय वेद प्रचार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वयोवृद्ध शिक्षाविद एवंम वैदिक विद्वान प्रो. बलजीत सिंह आर्य का 85 वां जन्मदिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पहुंचे गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रो.आर्य ने जीवन भर समाज को जागृत करने के कार्य किये।
जन्म दिवस समारोह में मुख्य अतिथि सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि प्रो.बलजीत सिंह आर्य समाज सृजन का वंदनीय कार्य कर रहे है। वे युग प्रवर्तक महर्षि दयानंद सरस्वती व चौधरी चरण सिंह दोनों महापुरुषों की वैदिक विचारधारा को आगे बढ़ा समाज सर्जन के कार्य, युवाओं के चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के जीवन से हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए।

जिवाना के गुरुकुल स्कूल में शिक्षाविद प्रो. बलजीत सिंह आर्य को सम्मानित करते गणमान्य लोग।

समारोह में दूर दराज के गांवों से आए गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रो.आर्य को फूलमालाओं, शाल, स्मृति चिंह, साहित्य भेंटकर सम्मानित कर शुभकामनाएं दी और उनके स्वस्थ्य व दीर्घायु होने की कामना की।  निदेशक डा.अनिल आर्य, डा.सुनील आर्य, प्रधानाचार्य डा.राजीव खोखर ने समारोह में आये अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह का संचालन उपप्रधानाचार्य डा.सुशील वत्स ने किया। इस अवसर पर विधायक प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक डा.अजय तोमर, वीरपाल राठी, साहब सिंह, पूर्व मंत्री ओमवीर सिंह तोमर, सुभाष पहलवान, यशवीर सिंह, डा.मांगेराम यादव, अमित राणा, जय किशोर, सुभाष गुर्जर, डा.कुलदीप उज्ज्वल, ब्रजपाल सिंह शास्त्री, भोला शंकर शर्मा, सुखबीर गठीना, ओमबीर सिंह तोमर, प्रधान वेदपाल धामा, अनिल प्रधान, प्रमेंद्र तोमर, राजू तोमर, गगन धामा, लेखराज प्रधान, महबूब अल्वी, मास्टर अरुण त्यागी, रविंद्र हट्टी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।