Sunday, August 2, 2026
Home Blog Page 28

हम देश के 20 करोड़ हिंदुओं को जोड़ने का काम कर रहे हैं: प्रवीण तोगड़िया

  • देश की सभी सरकारी बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार का काम करें। साथ ही देश के किसानों को फसलों का अच्छा दाम मिल सके
  • होटल मोती महल में आयोजित हुई पत्रकार वार्ता

शहडोल(म.प्र.) : हमने राम मंदिर के लिए लंबा संघर्ष किया है और अब हम भगवान श्री राम के करोड़ों हिंदू बेटा-बेटियों की सुरक्षा समृद्धि सम्मान स्वास्थ्य संस्कार की चिंता कर रहे हैं। इसके लिए हमने अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वाधान में प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा हनुमान चालीसा सप्ताहिक केंद्र विकसित करने का बीड़ा उठाया है। जहां हिंदू परिवार की सुरक्षा के लिए कई परिवारों को जागृत करने का काम किया जाएगा इसके अलावा हम बेरोजगार युवकों को रोजगार मुहैया कराने और कर्ज में डूबे लोगों को उभारने का भी आंदोलन चलाएंगे।
इसके लिए हमारे पास शब्द नहीं पर संकल्प जरूर है। उक्त आशय के विचार अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने स्थानीय होटल मोती महल के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में व्यक्त किया है। उन्होंने पत्रकारों को बताया है कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान देश के 35 लाख से ज्यादा लोगों को खाना खिलाया एवं 25 लाख से ज्यादा मास्क का वितरण किया है।
अब हमारा लक्ष्य हनुमान चालीसा केंद्र का संचालन करना है ताकि हिंदुओं की सुरक्षा की जा सके। हम देश के 20 करोड़ हिंदुओं को जोड़ने का काम कर रहे हैं, इसके लिए हमें आसाम से अपना दौरा शुरू किया है और गुजरात में हम इसे समाप्त करेंगे।
देश वर्तमान राजनीति के परिपेक्ष में तोगड़िया ने कहा है कि देश की सभी सरकारी बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार का काम करें। साथ ही देश के किसानों को फसलों का अच्छा दाम मिल सके। यह विडंबना है कि राम जी को 1000 करोड़ का घर मिला, मगर गरीबों का उत्थान ना हुआ।
देश की आर्थिक स्थिति पर सभी को ध्यान देने की जरूरत है। उक्त वार्ता में महाकौशल प्रांत मंत्री शक्ति सिंह चंदेल के पिता निरपत सिंह चंदेल द्वारा गणेश मंदिर के पीछे शहडोल में जो उनकी भूमि है उसे उन्होंने संगठन को मंदिर बनाने के लिए दान कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद् व राष्ट्रीय बजरंग दल के द्वारा मंदिर निर्माण एवं शक्ति केंद्र की जाएगी स्थापना इस हेतु निरपत सिंह चंदेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया के माध्यम से संगठन को बुढ़ार रोड गणेश के पीछे की भूमि दान किया। जल्द ही भव्य मंदिर का किया जाएगा निर्माण।
पत्रकार वार्ता में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद् के केंद्र मंत्री प्रदीप गौर, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद् क्षेत्र मंत्री बेटू सिंह चंदेल, प्रातं महामंत्री रमेश त्रिपाठी राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री शक्ति सिंह चंदेल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र अनुरागी,नगर अध्यक्ष अरुण यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पीली डैम पर संचालित तीन दिवसीय इन्टर स्टेट ओपन कयाकिंग कैनोइंग प्रतियोगिता का समापन

  • विजेताओं को प्रोत्साहित करने स्वयं पहुंचे राजीव कुमार बिश्नोई, सीएमडी डीएचडीसीआईएल तथा प्रशांत कुश्वाहा अध्यक्ष आईकेसीए

बिजनौर: बिजनौर की पावन धरती पर साहस और रोमांच से भरे कयाकिंग एंड कैनोइंग तीन दिवसीय इन्टर स्टेट ओपन कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता का भव्य रूप से समापन हुआ। कार्यक्रम में सीएमडी डीएचडीसीआईएल राजीव कुमार बिश्नोई, अध्यक्ष आईकेसीए, प्रशांत कुश्वाहा, सीईओ डी.के.सिंह, एसोसिएशन, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के पदाधिकारीगणों के अलावा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
बिजनौर में पहली बार जिला प्रशासन के तत्वाधान भारतीय कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन नई दिल्ली के सहयोग से 7 मई से 9 मई तक आयोजित स्थान पीली डेम जलाशय बिजनौर में तीन दिवसीय सीनियर पुरूष एवं महिला अंर्तराज्य केनॉय स्प्रिन्ट चैम्पियन शिप का सफलता पूर्वक समापन हो गया। समापन के साथ ही जिला बिजनौर में नियमित रूप से कयाकिंग एवं कैनोइंग की ट्रेनिंग के लिए स्थायी रूप से प्रशिक्षण केन्द्र बनाने की कार्यवाही जल्द शुरू कर दी जाएगी तथा प्रकृतिक वातारण से आच्छादित पीली डैम के आसपास पर्यटन की दृष्टि से पिकनिक स्पॉट, खेल एवं मनोरंजन पार्क का निर्माण भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सीएमडी, डीएचडीसीआईएल राजीव कुमार बिश्नोई स्वयं ली गई है। उन्होंने अपने सम्बोधन में बताया कि पीली डैम की शानदार लोकेशन उनकी परिकल्पना से परे मिली और प्रतियोगिता की सफलता भी उनके लिए विस्मयकारक रही। उन्होंने कहा कि ऐसोसिएशन द्वारा इस क्षेत्र को विकसित करने और पर्यटकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन को कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं तथा आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिल्सिला लगातार जारी रहेगा और वे स्वयं हर सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
अध्यक्ष, आईकेसीए, प्रशांत कुश्वाहा ने दिवसीय इन्टर स्टेट ओपन कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के समापन समारोह के अवसर पर उत्साहित होते हुए कहा कि उनको पीली डैम के अलौकिक एवं प्राकृतिक वातावरण में होने वाले कम्पटीशन की प्रतिदिन उनके अधिकारियों द्वारा सूचनाएं मिलती रहीं, जिससे उनकी जिज्ञास्या बढ़ती रही, अनन्तः यहां आकर न केवल उनको यहां के वातावरण ने प्रभावित किया बल्कि निश्चित रूप से डैम पर कयाकिंग एवं कैनोइंग की राष्ट्रीय एवं अंर्तराष्ट्रीय स्तर का स्थान भी देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता निरन्तर जारी रहेगी तथा एसोसिएशन द्वारा स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने में भरपूर सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा माननीय अतिथिगणों को विशवास दिलाते हुए कहा कि जिला बिजनौर को विभिन्न खेलों एवं पर्यटन की हब बनाने के लिए हर सम्भव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। अन्त में उन्होंने उक्त प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं जन सामान्य का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
तीन दिवसीय इंटर स्टेट कैनोइंग स्प्रिंट्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन प्रतियोगिताएं आयोजित हुई, जिसमें हरियाणा 3 गोल्ड 2 सिल्वर तीन ब्रोंज कुल 43 अंक के साथ ओवरऑल चैंपियन बना, उत्तर प्रदेश दो गोल्ड 2 सिल्वर तीन ब्रांच कुल 36 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार कैनोइंग पुरुष वर्ग में गोवा एक गोल्ड 3 सिल्वर कुल 22 अंक प्राप्त कर प्रथम रहा तथा पंजाब दो गोल्ड जीतकर दूसरे स्थान पर रहा कयाकिंग पुरुष वर्ग में पंजाब एक गोल्ड 2 सिल्वर दो ब्रांच कुल 20 अंक लेकर प्रथम तथा उत्तर प्रदेश दो गोल्ड 1 सिल्वर कुल 19 नंबर लेटर द्वितीय स्थान पर रहा।

दिव्य प्रेम सेवा मिशन ने किया रुद्राभिषेक

बिजनौर: नगर की काकरान वाटिका में दिव्य प्रेम सेवा मिशन बिजनौर इकाई द्वारा एक दिवसीय विशेष साधना एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया| जिसमें परम श्रद्धेय डॉ आशीष गौतम अध्यक्ष दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार भी शामिल हुए। गौरतलब है कि दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार द्वारा विगत 27 वर्षों से कुष्ठ रोगियों की सेवा, बेसहारा बच्चों का पालन पोषण, शिक्षा के माध्यम से आध्यात्मिकता से जोड़ना, अनवरत रसोई, निःशुल्क चिकित्सा आदि कार्य किए जा रहे है। इसी के अंतर्गत संपूर्ण देश में चल रहे विशेष रुद्राभिषेक की कड़ी में बिजनौर इकाई द्वारा भी एक दिव्य व सुंदर साधना एवं रुद्राभिषेक का कार्यक्रम दिव्य सेवा मिशन हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे 25 करोड “ओम नमः शिवाय” मंत्र का जाप की श्रंखला में किया गया जिसमें 28 शिव साधकों ने संकल्प लिया। कार्यक्रम के संयोजक पंकज शर्मा, अमित राणा, डॉक्टर मोहित शर्मा व खिलेंद्र सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य मधुसूदन शास्त्री हरिद्वार के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुनेश शर्मा, सीताराम राणा, डा.संजीव दानी, अभिषेक मलिक, दिनेश चंद शर्मा, विनय, पुनीत, राजीव दानी, हरेन्द्र मलिक, आलोक भारद्वाज, दीपक कुमार, संजय टांक, माधव शर्मा, मनोज कुमार शर्मा व शौर्य प्रताप राणा आदि उपस्थित रहे।

निकाय चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार थमा, नौ मंडल के 37 जिलों में 11 मई को मतदान

यूपी नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 मई को 38 जिलों में होगा। वहीं 13 मई को इस चुनाव के नतीजे आ जाएंगे। मंगलवार शाम 6 बजे दूसरे चरण के चुनाव प्रचार पर रोक लग गई।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव को लेकर सत्ताधारी बीजेपी समेत सभी राजनैतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। निकाय चुनाव में नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत के लिए दूसरे चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को खत्म हो गया। आगामी गुरुवार यानी 11 मई 2023 को दूसरे चरण का मतदान होगा। वोटिंग के दिन सार्वजिनक अवकाश घोषित किया गया है। इस तरह 11 मई को मतदान वाले जिलों के सरकारी व निजी संस्थान बंद रहेंगे।
दूसरे चरण में इन नौ मंडल में होगा मतदान
दूसरे चरण की वोटिंग 11 मई को होगी, जबकि 13 मई को नतीजे आएंगे। दूसरे चरण का मतदान प्रदेश के 9 मंडलों में होना है। दूसरे चरण में प्रदेश के 38 जिलों में मतदान होंगे। इसके लिए मेरठ, बरेली, अलीगढ़, कानपुर, चित्रकूट, अयोध्या, बस्ती, आजमगढ़ और मीरजापुर मंडल में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी राजनैतिक दल इस निकाय चुनाव में एड़ी से चोटी तक का जोर लगा रहे हैं।
दूसरे चरण में किन-किन जिलों में होने हैं चुनाव
दूसरे चरण का मतदान मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, हाथरस, कासगंज, एटा, अलीगढ़, कानपुर, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, बांदा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सोनभद्र, भदोही और मिर्जापुर में होना है।
दूसरे चरण में कितने मतदाता
दूसरे चरण का चुनाव 07 नगर निगमों, 590 नगर निगम वार्डों पर कराया जा रहा है। साथ ही 95 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद, 2551 सदस्य नगर पालिका परिषद वार्ड, 268 अध्यक्ष नगर पंचायत एवं 3495 सदस्य नगर पंचायत पद पर चुनाव होगा। कुल 370 निकायों एवं 6636 वार्डों में 7006 पदों पर यह निर्वाचन कराया जा रहा है। दूसरे चरण में मत 19232004 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10216992 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 9015012 है।
किस पद पर कितने प्रत्याशी लड़ रहे चुनाव
सात नगर निगमों में मेयर पद पर 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के पद के लिए 1150 प्रत्याशी और नगर पालिका परिषद के सदस्य के लिए 14313 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए 3492 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायत सदस्य पद पर 42575 प्रत्याशी खड़ें हैं।

गुरू तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में क्रान्ति दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

मेरठ: गुरू तेग बहादुर पब्लिक स्कूल मेरठ में आज क्रान्तिदिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर उत्सापूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों ने रैम्प पर अनोखी छटा बिखरते हुए वीरता के जज्बे के साथ नेशनल हिरोज के वेश में सुसज्जित होकर अपने अमर क्रान्तिकारियों को याद करते हुए अपनी भावनाओं को उजागर कर सबका मन मोहा। 10 मई 1857 की क्रान्ति की चिंगारी को याद कर स्लोगन बोलकर सभी के मन को जोश से भर दिया। वही बच्चों ने धन सिंह कोतवाल के बलिदान को भी याद किया तथा झांसी की रानी लक्ष्मीबाई किस तरह अंग्रेजों से अपने देश को आजाद कराने के लिए मैदान में टूट पड़ी थीं।
सानवी, मोक्ष भाटी, हया, नवजोत, मयूरी, अनम, वान्या, निकुंज, अवन्या, आरव साहु, आरव शर्मा, अब्दुल्लाह, उसमान, हर्ष आदि के कार्य को खूब सराहा गया। कार्यक्रम का संचालन हर्षल मित्तल व आस्था ने किया।
अध्यापकों में हेड मिस्ट्रेस प्रभा राॅव, जुवेरिया, नाजिश, हरविंदर कौर, हेमा मदान, शीरी, संगीता चैधरी आदि का कार्यक्रम को सफल बनाने में भरपूर सहयोग रहा। प्रधानाचार्य डा.कर्मेन्द्र सिंह ने नन्हें-मुन्ने बच्चों को क्रान्ति दिवस की शुभकामनाएँ दी और कहा क्रान्तिवीरों को जन्म देने वाली इस भूमि भारतमाता पर हमें गर्व है।

यूपी में भी ‘द केरल स्टोरी’ टैक्स फ्री: सीएम योगी 12 मई को कैबिनेट के साथ देखेंगे

मध्यप्रदेश के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी द केरल स्टोरी मूवी टैक्स फ्री होगी।

द केरल स्टोरी फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाएगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- ‘द केरल स्टोरी’ उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री की जाएगी। सीएम योगी खुद 12 मई को कैबिनेट के साथ मूवी देखेंगे। दोनों डिप्टी केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने फिल्म देखने की अपील की है। केशव ने कहा- मूवी पूरी तरह सच है।

लखनऊ: मध्यप्रदेश के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी ‘द केरल स्टोरी’ मूवी टैक्स फ्री होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मूवी को टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीएम योगी अपनी कैबिनेट के साथ इस फिल्म को देखेंगे। मुख्यमंत्री अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ 12 मई को लखनऊ में ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म देखेंगे।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने द केरल स्टोरी फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया था। अब योगी सरकार ने भी ऐसा ही फैसला किया है। हालांकि, फिल्म को लेकर विवाद भी हो रहा है। उधऱ, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में इस फिल्म को दिखाने पर रोक लगा दी गई है। पश्चिम बंगाल में ममता सरकार ने भी फिल्म को बैन कर दिया है। इससे पहले, तमिलनाडु में फिल्म के शो कैंसिल कर दिए गए थे।
इस मसले पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस फिल्म को टैक्स फ्री करना एक अच्छा फैसला है। उत्तर प्रदेश के लोग फिल्म देखना और समझना चाहते हैं कि किस तरह से हमारे भाई बहन को झेलना पड़ा है। हम लोग फिल्म दखेंगे। बंगाल में फिल्म पर बैन लगाना लोगों को रास नहीं आया है।
अनुराग ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बंगाल में फिल्म को बैन करने पर ममता सरकार पर निशाना साधा था। अनुराग ने कहा कि पश्चिम बंगाल फिल्म को बैन करके अन्याय कर रहा है। वहां हाल ही में मासूम बच्ची की रेप के बाद हत्या हुई, लेकिन इस पर ममता बनर्जी कुछ नहीं बोलती हैं। लेकिन फिल्म को बैन कर रही हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति का यह खेल भारत की बेटियों की ज़िंदगी की बर्बाद कर रहा है।
जमकर हो रहा विवाद
गौरतलब है कि रिलीज से पहले ही फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ विवादों में घिर गई थी। अदा शर्मा की इस फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर बवाल मचा गया था और मामला कोर्ट तक पहुंच गया, हालांकि बवाल के बीच फिल्म अच्छी खासी कमाई भी कर रही है।
फिल्म के निर्माता विपुल शाह ने बंगाल में फिल्म के बैन करने पर कहा, ‘अगर उन्होंने ऐसा किया है, तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। कानून के प्रावधानों के तहत जो भी संभव होगा, हम लड़ेंगे।’ विपुल शाह ने इसके साथ ही कहा, ‘हमारी फिल्म आतंकवाद पर है, जिसमें तीन लड़कियों की कहानी है। यह प्रॉब्लम सिर्फ इंडिया का नहीं है, पूरी दुनिया से लड़कियां जाती हैं।’

बिजनौर: विष्णु लोक पहुंची अभिनेत्री रुबीना दिलैक

  • पण्डित ललित शर्मा से लिया आशीर्वाद, परिवार भी साथ रहा मौजूद

बिजनौर: रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-14 की विजेता प्रसिद्ध अभिनेत्री रुबीना दिलैक एवं उनके पति अभिनेता अभिनव शुक्ला शहर की सिविल लाइन स्थित धार्मिक संस्थान विष्णुलोक पर आशीर्वाद लेने पहुँची। रुबीना दिलैक अपने पूरे परिवार ज्योतिका दिलैक, रोहिणी दिलैक, सार्थक त्यागी, रजत शर्मा, पिता गोपाल दिलैक एवं माता शकुन्तला दिलैक के साथ ज्योतिषविद् पण्डित ललित शर्मा से आशीर्वाद लिया। उनके पूरे परिवार ने कहा कि हमें यहां आकर आत्मिक शांति मिल रही है । पण्डित जी से मिलकर हमें बहुत साकारात्मक ऊर्जा मिली। उनके पति अभिनव शुक्ला ने कहा कि मुझे यहाँ आकर मन में शांति एवं आनंद की अनुभूति हुई। उनके पिता गोपाल दिलैक ने कहा कि पण्डित जी का मधुर व्यवहार मेरे हृदय को छू गया। पण्डित ललित शर्मा ने रुबीना दिलैक एवं उनके पूरे परिवार को तिलक वंदन करके मंत्रोच्चारण के साथ आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर वंदना त्यागी, सुरभि, गुंजन, युगान्तर, विकल त्यागी, अभिलाष शर्मा, सीमा शर्मा एवं ज्ञाना त्यागी आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने की निर्वाचन सुपरवाइजर के साथ बैठक

  • मतदाता पर्ची बांटने का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराये: जिलाधिकारी

मेरठ: नगर निकाय सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में निर्वाचन सुपरवाइजर के साथ बैठक आहूत की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त निर्वाचन सुपरवाइजर को निर्देश दिये गये कि मतदाता पर्ची बांटने का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण करा लिया जाये। उन्होने एसीएम को निर्देशित किया कि वह व्यक्तिगत रूप से मतदान केन्द्रो का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होने मतदान केन्द्रो पर सभी मूलभूत सुविधाओ को पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मा0 निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर अमित कुमार, उप जिलाधिकारी सदर ओजस्वी राज, एसीएम संगीता सहित अन्य संबंधित अधिकारी व निर्वाचन सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने किया प्राईमरी कन्या पाठशाला हरिनगर, प्राथमिक विद्यालय लखवाया तथा प्राथमिक विद्यालय पदमपुरा का निरीक्षण

मेरठ: जनपद में नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा के कुशल निर्देशन में लगातार कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा मतदान केन्द्र प्राईमरी कन्या पाठशाला हरिनगर, प्राथमिक विद्यालय लखवाया तथा प्राथमिक विद्यालय पदमपुरा का निरीक्षण किया गया। उन्होने संबंधित अधिकारियों को मतदान केन्द्रो पर सभी मूलभूत सुविधाओ को पूर्ण करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट जागृति अवस्थी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रक्तदान के साथ-2 अंगदान जागरुकता अभियान से देश में लाखो लोगो को प्रतिवर्ष मिल रहा है नया जीवन: डा.सुधीर गिरि

  • विश्व रेडक्रास दिवस पर वेंक्टेश्वरा में “वहृद रक्तदान शिविर/स्वैच्छिक रक्तदाता सम्मान समारोह एवं रक्तदान जागरुकता संगौष्ठी” मे रिकार्ड 242 लोगों ने रक्तदान कर ली लोगों के जीवन बचाने की शपथ
  • “विश्व रेडक्रास दिवस’” को उत्सव के रुप में मनाते हुए आज वेक्टेश्वरा समूह मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा, बागपत, बिजनौर समेत पश्चिमी यू.पी. के आधा दर्जन से अधिक जनपदो में लगा रहा है रक्तदान शिविर: डा.राजीव त्यागी
  • स्वस्थ व्यक्ति के नियमित रक्तदान से अकेले भारत वर्ष में प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओ, जटिल सर्जरी, प्रसव के समय होने वाले असामान्य रक्तसाव व अन्य कारणो से होने वाली पाँच लाख से अधिक मौतो को रोका जा सकता है: डा.गरिमा भटनागर

मेरठ: विश्व रेडक्रास दिवस पर वेंक्टेश्वरा समूह के वेंक्टेश्वरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईंसेस एवं वी.जी.आई. मेरठ के संयुक्त तत्वाधान में आमजनमानस को “रक्तदान” के प्रतिजागरूक करने के उद्देश्य से मेरठ, अमरोहा, बिजनौर, बागपत, मुरादाबाद समेत आधा दर्जन से अधिक जनपदो में रक्तदान शिविर आयोजित कर रिकार्ड 242 यूनिट रक्त संचय किया गया। इस अवसर पर नियमित रुप से रक्तदान करने वाले 88 रक्तदाताओ को स्मृति चिन्ह एवं सर्टीफिकेट देकर सम्मानित भी किया गया।
वेंक्टेश्वरा संस्थान में विश्व रेडक्रास दिवस पर आयोजित रक्तदान जागरुकता संगौष्ठी एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का शुभारम्भ समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डा.राजीव त्यागी, पैथोलॉजी विभागाध्यश डा.गरिमा भटनागर, ब्लड बैंक इंचार्ज डा.नौशाद अंसारी, डा.एना ऐरिक ब्राउन आदि ने सरस्वती माँ की प्रतिमा के सन्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।
अपने सम्बोधन में समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरि ने कहा कि रक्तदान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ महादान है, इसी के साथ यदि देश के एक प्रतिशत व्यक्ति “अंगदान” की भी शपथ ले, तो अकेले भारतवर्ष में लाखो जरूरतमंद लोगो को नया जीवन मिल सकता है। संगौष्ठी को डा.गरिमा भटनागर, डा.सौरभ कंसल, डा.बी.बी.बोरा ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर सी.ई.ओ. अजय श्रीवास्तव, उत्तराखण्ड के पूर्व मंत्री डा.प्रदीप भट्, कुलपति डा.राकेश यादव, कुलसचिव डा.पीयूष पाण्डेय, डा.बी.बी. बोरा, डा.पंकज देओल, डा.इकराम ईलाही, डा.प्रतीक बाजवा, अभिषेक हुडडा, पोलीन, फरहीन जहां, दीपक वर्मा, डा.एना ऐरिक ब्राउन, एस.एस.बघेल, नीतू श्रीपाल, अरूण गोस्वामी, अखिल नायर, डा.प्रताप सिंह एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि लोग उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने किया विक्टोरिया पार्क का निरीक्षण

मेरठ: जनपद में नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा के कुशल निर्देशन में लगातार कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी ने विक्टोरिया पार्क का निरीक्षण कर वहां की जा रही तैयारियो का जायजा लिया व अधिकारियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मा0 निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।
इस अवसर पर सीडीओ शशांक चौधरी, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों व मतगणना स्थल का लिया जायजा

  • 11 मई को होगा मतदान 13 को होगी मतगणना

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बागपत: नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार दूसरे चरण में 11 मई को जनपद बागपत में सुबह 7 बजे से मतदान होना है, जिसके क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त बागपत प्रेक्षक सतीश पाल, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा प्राधिकरण व जिला निर्वाचन अधिकारी राजकमल यादव, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा आज राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, भाई यमुना इंटर कॉलेज के मतदान केंद्रों के स्थल का निरीक्षण किया और वहां पर मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मतदाता को किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए जो दिव्यांग मतदाता है उनके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था हो। मतदाता सरलता और सुगमता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
प्रेक्षक ने बागपत तहसील के मतगणना स्थल सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया, जिसके लिए नगर पंचायत अग्रवाल मंडी, टटीरी, अमीनगर सराय, नगर पालिका बागपत के लिए पोलिंग पार्टी रवाना होंगी और उक्त स्थल पर ही 13 मई को मतगणना की जाएगी जिसके लिए आरो टेबल सहित सभी टेबल लगा दी गई हैं। मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिस पर पुलिस बल मौजूद रहेगा। स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल संपन्न मतदान कराए जाने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। इस अवसर पर एसडीएम बागपत पूजा चौधरी, सीईओ विजय चौधरी सहित आदि उपस्थित रहे।

मतदान व मतगणना स्थलों का किया निरीक्षण

ब्यूरो चीफ विकास बड़गुर्जर
बागपत: अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल चौहान व अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्र ने जनपद बागपत में 11 मई को नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के होने वाले मतदान कि कि मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तहसील खेकड़ा के लिए रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों के व मतगणना स्थल लखमी चंद पटवारी कॉलेज का निर्माण किया। उसी क्रम में उन्होंने बड़ौत तहसील के मतगणना स्थल गुड मंडी का भी जायजा लिया और जो व्यवस्थाएं अधूरी दिखाई थी, उन्हें तत्काल संबंधित अधिकारी को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सुभाष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, एसडीएम खेकड़ा ज्योति शर्मा, अधिशासी अधिकारी अनिल पंडित सहित आदि उपस्थित रहे।

 

भगवान शंकर आश्रम मसूरी द्वारा 17 निर्धन परिवारों को मई माह का राशन वितरित

आदित्य कुमार, सवांददाता
उत्तराखंड(मसूरी): देवभूमि अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा घोषित माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अन्तर्गत ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि को अनुराधा नक्षत्र की शुभवेला में राशन वितरण सम्पन्न हुआ।आज क्षेत्र के अतिनिर्धन और वंचित 17 परिवारों को मुफ़्त मई माह का मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया।
अधिशासी प्रवक्ता माँ यामिनी श्री के अनुसार ट्रस्ट के अध्यक्ष और आश्रम के मुख्य अधिष्ठाता परमप्रज्ञ जगतगुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के निर्णय के अनुसार आश्रम द्वारा समग्र मानवता के कल्याण हेतु यह अभियान गत दो वर्ष से संचालित है। आश्रम द्वारा संचालित मुफ़्त भंडारा कार्ड योजना के अंतर्गत आज मई माह का राशन 17 परिवारों को वितरित किया गया।
इस सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाता है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, 5 किलो चीनी, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, चायपत्ती, धनिया पावडर, लाल मिर्च, पिसी हल्दी प्रत्येक 250 ग्राम, एक किलो नमक आदि प्रदान किया जाता है। अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों ,निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ़ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।
आज के इस वितरण उत्सव में ज्ञानोदय वाटिका प्रमुख अविनाश सिंह अलग, अश्विनी कुमार, मनदीप, प्रीतेश, अजय त्यागी, जितेंद्र कुमार, अनिल रावत, सीमा श्रीवास्तव, हर्षिता आर्यम आदि का योगदान रहा।

सुभारती बुद्ध मेले में उत्साह के साथ उमड़ रहे लोग

मेरठ: त्रिपावनी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय परिसर स्थित बोधि उपवन में संघमाता डा.मुक्ति ग्लोबल बुद्धिस्ट फाउंडेशन के तत्वावधान में चल रहे बुद्ध मेले में परिवार के साथ लोग खूब आनंद कर रहे है। बच्चे झूलो का मज़ा लेने के साथ बड़े लोग बुद्ध विहार, बुद्ध संगीत, धम्मपद पाठ, धम्म दीप कार्यक्रम का प्रसारण, मत्स्य जलकुण्ड, बुद्ध वंदना, दीपशाला, पुस्तकें एवं अन्य धम्म सामग्री से लाभान्वित हो रहे है।
मेला समिति के अध्यक्ष डा.मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मेले में बुद्ध विहार, बुद्ध संगीत, धम्मपद पाठ, धम्म दीप कार्यक्रम का प्रसारण, मत्स्य जलकुण्ड, बुद्ध वंदना, दीपशाला, पुस्तकें एवं अन्य धम्म सामग्री, चित्र प्रदर्शनी, शरीर विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान प्रदर्शनी, तकनीकी विज्ञान प्रदर्शनी, चिकित्सा शिविर, लघु डॉक्यूमेंट्री, फोटो पाइन्ट, गुब्बारे पर निशाना, बच्चों के झूले, मिक्की माऊस, जादूगर, जलपान स्टॉल आदि बुद्ध मेले का मुख्य आकर्षण है। मेले में मेरठ व आसपास के क्षेत्र से लोग परिवार सहित पहुँच कर उत्साह के साथ मेले का आनंद ले रहे है। उन्होंने बताया कि मेला 09 मई तक चलेगा।

अयोध्या में में प्रशिक्षण देंगें जौहड़ी के कोच दो निशानेबाज भी जाएंगें साथ

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर 

बिनौली: जौहड़ी राइफल एसोसिएशन अध्यक्ष एवं बीपी सिंघल इंडोर शूटिंग रेंज संस्थापक निशानेबाजी प्रशिक्षक डॉ. राजपाल सिंह निशानेबाजों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षण देने अयोध्या जाएंगें। उनके साथ दो निशानेबाज भी जाएंगें।
अयोध्या जनपद स्थित अयोध्या शूटिंग रेंज अध्यक्ष शनि कुमार वर्मा ने निशानेबाजी गुरु डॉ.राजपाल सिंह को पत्र भेजा है। जिसमे उनको प्रशिक्षणरत प्रतिभाशाली निशानेबाजों को निशानेबाजी की बारीकियां सिखाने का आग्रह किया है। तीन दिन का यह प्रशिक्षण सत्र 13 मई से 15 मई तक चलेगा। डॉ. राजपाल सिंह ने बताया कि इस दौरान वे अयोध्या रेंज के प्रशिक्षु निशानेबाजों के अलावा जनपद के पुलिस अधिकारियीं को भी प्रशिक्षण देंगें। उनके साथ बीएसएफ के जवानों को प्रशिक्षण दे चुकी डोली जाटव व यशु सोलंकी भी जाएंगें। जो वहां के निशानेबाजों के साथ अनुभव साझा करेंगें। उन्होंने बताया 12 मई को वे अयोध्या पहुंच जाएंगें।कुछ दिन बाद अयोध्या के निशानेबाजों को जौहड़ी रेंज पर बुलाया जाएगा।

बैठक में पेंशनरों ने गिनाई समस्याएं

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: थाना परिसर में रविवार को पुलिस पेंशनर्स की बैठक हुई। जिसमे पेंशनरों ने अपनी समस्याएं गिनाई।
बैठक में इंस्पेक्टर एनएस सिरोही ने पेंशनरों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान पेंशनर्स ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा घोषणा की गई थी, कि पेंशनरों को पांच लाख तक का इलाज कैशलेस होगा, लेकिन यह अभी तक लागू नहीं किया गया। इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि पुलिस पेंशनरों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी पेंशनरों को अपना मोबाइल नंबर शेयर कहा कि उनकी जो भी समस्याएं होंगी उन्हें कॉल या वाट्सएप के जरिए अवगत कराएं। हम उनकी समस्याओं का समाधान कराएंगे। बैठक में एसआई जनार्दन प्रसाद, श्याम सिंह, रक्षपाल, अशोक कुमार, मंजीत आदि मौजूद रहे।

बरनावा डेरा आश्रम में कार्यकम में उमड़े अनुयायी

  • पक्षी उद्धार मुहिम के तहत बांटे 175 मिट्टी के सकोरे
  • 75 परिवारों को राशन और 75 जरूरतमंद बच्चों को दिए वस्त्र

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: बरनावा के शाह सतनाम आश्रम बरनावा में रविवार को सत्संग माह के उपलक्ष्य में हुए आयोजन में कई प्रांतों से अनुयायियों की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन हुआ।
सत्संग माह के उपलक्ष्य में हुई नामचर्चा में सेवादारों ने गुरु भक्ति से ओतप्रोत लिए जा प्रभु का नाम लिए जा अमृत रस घूंट पिए जा, प्रेम नशे की जिसे चढ़ जाए खुमारी है, कभी तेरे चरनन ना छोड़ेंगे हम, सतगुरु जी प्रेम तेरा बड़भागी जीव पावे, असां तैनू रब मनया आदि भजनों की श्रृंखला प्रस्तुत कर सबको भावविभोर किया। इस दौरान संगीत की धुनों पर अनुयायी नृत्य करते नजर आए। डेरा सच्चा सौदा द्वारा चलाये जा रहे 157 मानवता भलाई कार्यों के तहत गर्मी के मौसम को देखते हुए पक्षी उद्धार मुहिम के तहत बेजुबान पक्षियों के लिए चोगा-पानी के प्रबंध करने के लिए 175 मिट्टी के सकोरे बांटे गए।जिन्हें अनुयायी अपने घरों, प्रतिष्ठानों पर व सड़क किनारे वृक्षों पर लतकाएंगें व उनमें नियमित रूप से दाना-पानी डालेंगे। इसके अलावा फूड बैंक मुहिम के तहत 75 जरूरतमंद परिवारों को राशन तथा क्लॉथ बैंक मुहिम के तहत 75 जरूरतमंद बच्चों को वस्त्र वितरित किए गए। इस अवसर पर डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह के रिकॉर्डिड वचन बड़ी स्क्रीन पर दिखाए गए।

चौ.अजित सिंह को पुण्यतिथि पर किया नमन

ब्यूरो चीफ, विकास बड़गुर्जर
बिनौली: जिवाना के गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह की पुण्य तिथि पर यज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमें आहुति देकर उनकी आत्मा की शांति की कामना की गई।
इस अवसर पर हुई श्रद्धांजलि सभा में रालोद नेता डा.अनिल आर्य ने कहा कि देश के किसानों ने मुश्किल समय पर ऐसे किसान नेता को खोया है जिसकी इस समय किसानों को सबसे ज्यादा जरूरत थी, क्योंकि गत वर्ष किसान आंदोलन को मात्र चौधरी अजीत सिंह की दम पर ही जिंदा रखा गया था। अन्यथा केन्द्र सरकार ने राकेश टिकैत सहित किसान आंदोलन को उखाड़ने की भी रचना कर दी थी। पूर्व कैबिनेट मंत्री व रालोद के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने हमेशा किसानों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने गन्ना किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए लाभकारी मूल्य दिलवाने का काम किया। स्कूल संस्थापक प्रोफेसर बलजीत सिंह आर्य ने कहा कि किसानों के लिए किए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। वे हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगें।
इस अवसर पर प्रबंधक डा.सुनील आर्य, प्रधानाचार्य डा.राजीव खोखर, उपप्रधानाचार्य सुशील वत्स, जितेंद्र आर्य, ऋषिपाल सिंह वेदपाल, सुभाष राठी, दिनेश गुर्जर, जसरथ गुर्जर, मोनू, रोहित, निशांत, अरुण शर्मा, संदीप चौहान, ओमपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने गुरु गोरक्षनाथ स्मृति उत्सव में की बड़ी घोषणाएं: शिक्षण संस्थान का नाम गुरु गोरखनाथ के नाम पर रखा जाएगा

हरियाणा के करनाल जिले पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अनाज मंडी में राज्य स्तरीय गुरु गोरखनाथ स्मृति उत्सव में शिरकत की। इस समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कई बड़ी घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने गुरू गोरक्षनाथ स्मृति उत्सव में की बड़ी घोषणाएं

  • नगर निकायों में बीसी (ए) वर्ग को दिया जाएगा आरक्षण
  • एक शिक्षण संस्था न का नाम गुरू गोरखनाथ के नाम पर रखा जाएगा
  • बाबा मस्त नाथ विश्वविद्यालय में गुरू गोरखनाथ के नाम पर स्थापित की जाएगी शोध पीठ (चेयर)
  • नाथ संप्रदाय के लोगों को पुजारी-पुरोहित कल्याण बोर्ड में किया जाएगा शामिल
  • गुरू गोरखनाथ की जीवनी व शिक्षाओं का स्कूली पाठ्यक्रम में किया जाएगा उल्लेख

आदित्य कुमार, सवांददाता
करनाल: हरियाणा सरकार की संतों व महापुरुषों की राज्य स्तर पर जयंती मनाने की परंपरा की कड़ी में आज करनाल में गुरु गोरक्षनाथ स्मृति उत्सव भव्य तरीके से मनाया गया। इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणाओं की झड़ी लगाकर योगी समाज को कृतार्थ किया। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में एक शिक्षण संस्थान का नाम गुरु गोरखनाथ के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा, बाबा मस्तनाथ विश्वविद्यालय, अस्थल बोहर, रोहतक में गुरु गोरखनाथ के नाम पर एक पीठ (चेयर) स्थापित की जाएगी, जो उनके जीवन और उनकी शिक्षाओं पर शोध करेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि नाथ संप्रदाय के लोगों को पुजारी-पुरोहित कल्याण बोर्ड में शामिल किया जाएगा।
मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में बीसी (ए) वर्ग को आरक्षण प्रदान किया था। अब नगर निकायों में भी इसी तर्ज पर बीसी (ए) वर्ग को आरक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को बाबा गोरखनाथ की शिक्षाओं से अवगत करवाने के लिए गुरु गोरखनाथ की जीवनी व उनकी शिक्षाओं का उल्लेख स्कूली पाठ्यक्रम में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारंपरिक वाद्य यंत्र वादक, जो एक आयु के बाद वाद्य यंत्रों को बजाने में सक्षम नहीं रहते, उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार विशेष रूप से पेंशन योजना तैयार कर रही है, जिसका जल्द ही उन्हें लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि योगी समाज जहां सहमति प्रदान करेगा, उन शहरों में गुरु गोरखनाथ के नाम पर चौक या मार्गों का नाम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी समाज के लोग अपनी धर्मशालाओं की सूची प्रदान कर दें, जहां भी जो आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी या घुमंतु समाज के जिन परिवारों में किसी सदस्य की सरकारी नौकरी नहीं है, ऐसे परिवारों के बच्चों को सरकारी नौकरी में अतिरिक्त 5 अंक देने का प्रावधान किया गया है।
समाज की कुरीतियों को दूर करने में संत-महापुरुषों का अतुलनीय योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की कुरीतियों को दूर करने में हमारे संत-महापुरुषों का सदैव अतुलनीय योगदान रहा है। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, इसलिए समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने संत-महापुरुषों की शिक्षाओं का प्रचार करने हेतु संत-महापुरुष सम्मान एवं प्रचार-प्रसार योजना बनाई है। इस योजना के तहत सभी संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी तौर पर मनाई जा रही हैं। आज का यह स्मृति उत्सव भी इसी कड़ी में आयोजित किया गया है।
बेटियों को बचाने व उनकी शिक्षा के लिए किए अथक प्रयास
मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार ने बेटियों को बचाने व उनकी शिक्षा के लिए अथक प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को आगे बढ़ाकर प्रदेश सरकार ने लिंगानुपात में सुधार लाया है। बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने 72 कॉलेज खोले हैं, जिनमें से 42 केवल महिलाओं के लिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति के आत्मसम्मान को बढ़ाने का काम किया है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत उनके अति गरीब परिवारों के आर्थिक उत्थान के लिए कार्य किया गया है। हम लोगों को स्वाभिमानी बना रहे हैं। इसलिए काम के बदले वोट, इस प्रकार की परंपरा को तोड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए पूरे समाज को एक साथ एक नेतृत्व में आगे बढ़ना होगा।
इस अवसर पर योगी तेजपाल सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अभायोनाउ), अलवर से सांसद महंत बालक नाथ तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया और इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया।
उत्सव में हिमाचल प्रदेश विधानसभा सदस्य डा.हंसराज, महंत शिवनाथ, घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण, भाजपा विधायक मोहन बड़ौली, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, मीडिया कोर्डिनेटर जगमोहन आनंद, पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज, मा.जगमाल सिंह सहित बड़ी संख्या में हरियाणा सहित अन्य प्रदेशों से आए योगी समाज के लोग उपस्थित रहे।