Wednesday, April 30, 2025
Home Blog Page 94

यज्ञ कर्म से जुड़ने से होगा मानव कल्याण:आचार्य गुरुवचन

  • लाक्षागृह पर चतुर्वेद पारायण महायज्ञ का शुभारंभ

बिनौली: बरनावा के लाक्षागृह स्थित श्री महानंद संस्कृत विद्यालय गुरुकुल परिसर में रविवार को आठ दिवसीय चतुर्वेद पारायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ।
महायज्ञ के ब्रह्मा आचार्य गुरुवचन शास्त्री ने वेदोपदेश देते हुए कहा कि ऋषियों की वैदिक विचारधारा को आत्मसात करने से मनुष्य लक्ष्य को प्राप्ति हो सकती है। यज्ञ हमारे लिए सर्वोपरि विधान है। यज्ञ ही जीवन है। यज्ञ संपूर्ण ब्रह्मांड का आयतन है। यज्ञ की वैज्ञानिक व आधयात्मिक उपयोगिता को जानकर जीवन मे क्रियान्वित करने पर ही मानव कल्याण संभव है। मुख्य अतिथि भारत सरकार के उपक्रम टीसीआईओएल के सीएमडी संजीव कुमार ने कहा कि पुनीत कार्य करने से ही जीवन सुखमय बन सकता है। आचार्य अरविंद शास्त्री, सोमदत्त भारद्वाज, सुनील शास्त्री, आचार्य गंगाशरण, रविदत्त शास्त्री, रोहित शास्त्री आदि विद्वानों ने भी वेदोपदेश दिया। प्रातः पराग शहकारी दुग्ध संघ सभापति योगेंद्र सिंह ने ओम पताका का आरोहण कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। बीएसएनएल पूर्व जीएम चंद्रहास दलाल, दिल्ली न्यायालय न्यायधीश राजीव मेहरा, डा.अनिल चौहान, राजपाल त्यागी, यशोधर्मा सोलंकी, कपिल शास्त्री, अशोक चौहान पानीपत आदि ने भाग लेकर पुण्यार्जन किया।

बहुजन शक्ति पार्टी को छोड़कर अपना दल (एस) का दामन थामा

मेरठ। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री अनुप्रिया पटेल से प्रभावित होकर बहुजन शक्ति पार्टी के पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, भंवर सिंह, देवेंद्र कुमार निवासी जाहिदपुर व सोमपाल निवासी चिंदोडी लावड़ ने अपना दल (एस) मेरठ के जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार के निवास स्थित कैंप कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार ने उन्हें पार्टी का पटका पहना कर पार्टी का प्राथमिक सदस्य बनाया।

ब्रह्मभोज में शामिल हुए मंत्री उपेंद्र तिवारी

बलिया: सिंहपुर निवासी स्वगीर्य कैलाश सिंह भूतपूर्व सचिव जिला सहकारी समिति के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शुक्रवार को माननीय उपेन्द्र तिवारी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), पंचायतीराज (राज्यमंत्री) उमेश कुमार सिंह  के पिताजी के निधनोपरांत तेरहवीं संस्कार में पहुँचकर परिजनों से मिलकर शोक-संवेदना व्यक्त की ।
इस तेरहवीं संस्कार में पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेम नाथ सिंह,धनंजय गिरी (मंडल‌ उपाध्यक्ष) राजेश, आनंद गुप्ता, अजय गुप्ता, टाइगर आदि मौजूद रहे।
शोक संतप्त परिवार रमेश सिंह, राघवेन्द्र सिंह मंडल उपाध्यक्ष चितबड़ागांव, रोशन सिंह, आदित्य सिंह, राजनदन सिंह को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।

चंदौली में सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- प्रदेश में माफिया अब बंदूक तानने की जगह रेंग रहे

चंदौली। उत्तर प्रदेश में सात मार्च को होने वाले विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले सभी दल के दिग्गज प्रत्याशियों के पक्ष में लगातार सभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को चंदौली में थे। उन्होंने यहां पर भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के साथ ही विपक्षी दलों की कार्यशैली तथा घोषणाओं पर प्रहार भी किया।
चंदौली के धानापुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आप सभी को पता होगा कि प्रदेश में प्रभावी सरकार होगी तो विकास होगा और एक साथ बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में अपराध करने वाले माफिया खुली जीप में घूमते थे, लेकिन अब जीप में बंदूक तानने के बजाय रेंगते दिख रहे हैं, हमारी सरकार ने उन्हें जेलों में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि छह चरणों के चुनाव रुझान बताते हैं कि भाजपा का स्कोर पौने 300 पार कर चुका है। दस मार्च को जब चुनाव परिणाम आएंगे तब पूर प्रदेश में सिर्फ भाजपा ही दिखाई देगी। भाजपा के आने के भय से समाजवादी पार्टी तथा बसपा के कई नेताओं ने अभी से विदेश भागने के लिए अपनी बुकिंग करनी शुरू कर दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिणाम आने के बाद चारों तरफ भाजपा का ही परचम लहराता दिखेगा। इस बार के चुनाव में जो माफिया विरोधियों के साथ रहे है वे चुनाव के बाद विदेश भागने में जुट गए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दस मार्च के बाद विकास व बुलडोजर साथ-साथ चलेगा। मऊ के दंगे में तमंचा लहराने वाला माफिया स्टेचर पर जेल में रेंगते नजर आता है। डबल इंजन की सरकार के दम पर विकाश की ऊंचाइयों को लोगो ने देखा है। उन्होंने कहा कि परिवारवादियों ने चंदौली के लोगों को अपने हाल पर जीने पर छोड़ दिया था। भेदभाव के चलते सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं को नहीं मिल पाता था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में यहां पर सर्वस्पर्शी विकास से खुशहाली का नया अध्याय लिख रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार पीएम नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर लगातार विकास का नया आयाम लिख रही है। प्रदेश के हर जनपद में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। हर जनपद में लगातार पांच वर्ष से बिजली मिल रही है। आज तो सूबे में बिजली का कोई जाति-मजहब नहीं है। कोरोना संक्रमण काल में सभी को फ्री वैक्सीन, फ्री राशन तथा फ्री इलाज मिल रहा है।

अमित शाह गाजीपुर में बोले- भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में माफिया राज की कमर तोड़ी

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गाजीपुर में डेरा डाल दिया। तीन में से पहले जनसभा में अमित शाह ने जखनिया में समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल से योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल की तुलना की।
अमित शाह ने इस दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने पांच वर्ष में बड़े से बड़े माफिया के साथ गैंगस्टर और अपारधियों पर नकेल कस उत्तर प्रदेश को भयमुक्त शासन दिया। जिसके कारण लोगों के साथ ही बाहर से आने वालों को भी प्रदेश में बड़ा बदलाव देखने को मिला। योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश से एक-एक अपराधी को चुन-चुनकर जेल में डालने का काम किया है। अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में लम्बे समय से चल रहे माफियाराज की कमर तोड़ दी। उत्तर प्रदेश को माफिया से मुक्त कराने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने माफिया के कब्जे से दो हजार करोड़ की भूमि को छुड़ाया। इतना ही नहीं भाजपा सरकार ने भूमि को माफिया के कब्जे से छुड़ाकर वहां गरीबों के आवास बनवाए हैं। कई जगह पर तो मुख्यमंत्री ने गरीबों के आवास बनाने के लिए भूमि तथा नींव का पूजन भी किया है। वहां पर निर्माण का काम भी शुरू हो गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव उत्तर प्रदेश के भविष्य का सवाल है। गरीब, पिछड़ों का भविष्य सुरक्षित करेगा। सबका साथ सबका विकास भाजपा ही कर सकती है। मैं आपको हिसाब देने आया हूं। भाजपा की केंद्र सरकार ने गरीबों के बारे में सोचा है। भाजपा की सरकार ने कानून व्यवस्था में सुधार किया। मुख्तार, अतिक व आजम खां को जेल पहुंचाया। भाजपा ने माफिया से उत्तर प्रदेश को मुक्त किया है। अखिलेश ने अपराध में प्रदेश को नंबर वन बनाया था। पूर्वांचल में विकास का पैसा सरकार ने दिया है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बना है।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में भाजपा सरकार बनने के बाद किसी किसान को बिजली का बिल नहीं देना होगा। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार ने उत्तर प्रदेश के करीब 82 लाख गरीबों को घर देने का काम किया है। इसके साथ ही प्रदेश के 2.54 करोड़ किसानों को पीएम किसान योजना के तहत हर साल 6,000 रुपये उनके बैंक खाते में दिए गए हैं।
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी के चश्मे से उन्हें सिर्फ जाति और धर्म ही दिखाई पड़ते हैं। एक लेंस से एक धर्म विशेष दिखाई पड़ता है, जिसमें आप और हम नहीं है। दूसरे लेंस से उन्हें एक जाति दिखाई पड़ती है, उसमें भी हम नहीं दिखाई पड़ते। सिर्फ भाजपा ही सबका साथ लेकर सबका विकास कर सकती है।

मऊ में मुख्तार अंसारी के बेटे के समर्थन में अखिलेश की सभा, बोले- कसम लेकर भी झूठ बोलते हैं भाजपा के नेता

मऊ। उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के प्रयास में लगे अखिलेश यादव ने शुक्रवार को अपने घोर विरोधी माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छोटे दलों को साथ लेकर उतरे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आज मऊ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी अब्बास अंसारी के समर्थन में मऊ में सभा के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में जब से समाजवादी पार्टी और छड़ी साथ आई है तभी से सभी विरोधियों के छक्के छूट गए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम लोग गंगा मैया का पानी उठाकर सच बोलने की कसम लेते हैं लेकिन भाजपा के सभी लोग गंगा मैया के पानी में जमकर स्नान करने और उसको छूने के बाद भी झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग तो कसम खाने के बाद भी झूठ बोलते हैं। आजकल तो भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ और बड़ा नेता बड़ा झूठ बोल रहा है।
घोसी विधानसभा के बापू इंटर कालेज के मैदान में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करते सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल की जनता मन बना चुकी है कि भाजपा को हटाना है। मैं तो सभी साथियों को इसके लिए बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में और खासतौर पर जबसे पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी साथ आई है योगी जी के छक्के छूट गए हैं। अब तो आपसे सहयोग मांगने आया हूं। छड़ी तथा साइकिल को चुनाव चिह्न को याद रखेंगे। यह चुनाव देश का सबसे बड़ा चुनाव है। संविधान व लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। भाजपा ने झूठ बोलने का काम किया है। उसका सफाया करना है। गंगा मैया का पानी छूने के बाद झूठ बोल रहे है। भाजपा झूठ की पार्टी है। भाजपा का छोटा नेता छोटा झूठ और बड़ा नेता बड़ा झूठ बोल रहा है। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई है। डीजल तथा पेट्रोल महंगा हो गया है।

मिर्जापुर में बोले पीएम नरेन्‍द्र मोदी – बेटे की तरह नमक का कर्ज चुकाता रहूंंगा

मिर्जापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिटी ब्लाक के बरकछा में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। प्रधानमंत्री के आगमन में पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम स्थल पर निजी हेलीकाप्टर से दोपहर 11.55 पर पहुंचें। केंद्रीय राज्यमंत्री कानून एवं न्याय एसपी बघेल भी आयोजन में शामिल हुए हैं। भारतीय जनता के पदाधिकारी जनसभा को सफल बनाने में तो प्रशासनिक अमला प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने में लगा रहा। इसके पूर्व भाजपा जिला कार्यालय बरौंधा कचार स्थित सभाकक्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसभा की तैयारी को लेकर राष्ट्रीय महासचिव भाजपा एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के नेतृत्व में समीक्षा बैठक की गई।
पीएम ने परिवारवाद पर विपक्ष को घेरा और वंदेभारत, देवीशक्ति और आपरेशन गंगा में देश के नागरिकों को वापस लाने के प्रयासों की जानकारी दी। कहा कि जिस अभियान से गंगा का नाम जुड़ा हो वह जरूर पूरा होता है। विंध्‍याचल का मानक समय पूरे देश का समय तय करता है। यहां का विकास देश को गति देता है। भारत का सामर्थ्‍य बढ़ाने के लिए मीरजापुर भदोही के लोगों का एक वोट भाजपा के पक्ष में पड़ना जरूरी है। भावना राष्‍ट्रभक्ति के साथ ईमानदार नेतृत्‍व चाहिए जो विकास के लिए मेहनत करे। यह घोर परिवारवादियों का पन्‍ना काली स्‍याही से रंगा हुआ है। इतिहास आप अच्‍छी तरह जानते हैं। इनका इतिहास हजारों करोड़ घोटाला और यूपी को लूटने के साथ आतंकियों और दंगाइयों को संरक्षण का है। अपराधियों को पालने पोसने का है। यह देश यूपी का भला नहीं कर सकते है। समाज को तोड़ा और बांटो करके यूपी को लूटने की मंशा रहती है। मेहतन करना, मदद करना, चिंता करना इनसे नहीं होता। यूपी और देश को ताकतवर यह नहीं बना सकते। इसलिए देश के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर सपने को साकार करना है। इस सदी में ताकत देश की बढ़ रही है। कोरोना काल में भी हमने देखा है। दुनिया के बड़े देश पस्‍त पड़ गए लेकिन भारत दो साल से 80 करोड़ ना‍गरिकों को मुफ्त राशन दे रहा है। गरीब का चूल्‍हा बुझना नहीं चाहिए। हमारी सरकार दो लाख साठ हजार करोड़ खर्च कर गरीबों का चूल्‍हा जला रही है। गरीब मां कह रही है मेरे लिए शब्‍द नहीं आशीर्वाद होता है। माताओं बहनों को कहता हूं नमक आपने नहीं खाया है नमक मैने खाया है। आपने मुझे जो नमक खिलाया है उसे जीवन भर बेटे की तरह कर्ज चुकाता रहूंंगा। लोगों के खाते में हजारों करोड़ रुपये कोरोना काल में भेजे हैं। किसानों के खाते में सीधे सवा लाख करोड़ रुपये दिए हैं। मीरजापुर के किसानों को 400 करोड़ से अधिक भदोही के किसानों को 250 करोड भेजे हैं। इससे गरीब को प्राथमिकता दी गई है। नागरिकाें को वैक्‍सीन के लिए विदेशों में हजारों खर्च करना पड़ रहा है। भारत में फ्री वैक्‍सीन लग रहा है।
भारत आज यह इसलिए कर पा रहा है क्‍योंकि आपने वोट देकर गरीब कल्‍याण को प्राथमिकता वाली सरकार बनाई है। मुझे खुशी है केंद्र यहां जो पैसा भेजती है तो योगी सरकार गरीबों पर ही खर्च करती है। पहले पीएम कहते थे दिल्‍ली से एक रुपया भेजने पर 15 पैसा हो जाता है। यह मोदी योगी हैं जहां पैसा सही जगह पूरा पहुंचता है। यूपी के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार लगातार चाहिए। घोर परिवारवादियों के कुशासन का नुकसान गरीबों, दलितों और पिछड़ों के साथ आदिवासियों और मां बहनों ने भुगता है। आपसे निवेदन है कि बहन बेटियों को सताने वालों को सजा देने का समय है। दोबारा कभी बहन बेटियों को कोई ताकि संकट न आए। इस धरती ने सोने लाल पटेल जैसे नेता दिए हैं। सरदार पटेल के सपनों को जीवन का संकल्‍प दिया और समर्पित किया है। गरीबों को परिवारवादियों ने लाभ नहीं पहुंचने दिया। गरीबों को घर के लिए वादा नहीं संकल्‍प है। करोड़ों घर बन चुके हैं, शेष भी हो रहे हैं।

गोरखपुर,बस्ती मंडल की 41 सीटों पर आज पड़ेंगे वोट,इन सीटों पर रहेगी सबकी नजर

गोरखपुर। गोरखपुर व बस्ती मंडल की 41 सीटों पर आज मतदान होगा। गोरखपुर की सदर विधानसभा सीट से सीएम योगी आदित्यनाथ स्वयं चुनाव लड़ने से सभी की नजर इस विधानसभा पर है। इसके अलावा चिल्लूपार,पडरौना,कैंपियरगंज,डुमरियागंज, फाजिलनगर,चिल्लूपार आदि सीटों पर भी सभी की नजर रहेगी।
गोरखपुर में नौ सीटों के लिए होगा घमासान
गोरखपुर में विधानसभा की नौ सीटों पर घमासान होगा। यहां जिले के सभी 4126 बूथों पर पोलिंग पार्टियां बुधवार की शाम तक पहुंच गईं। बूथ पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टियों ने मतदान से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दीं। बूथ पर ही उनके रुकने का इंतजाम किया गया है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक संदेश के माध्यम से लोगों से कहा है कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। इस महापर्व में लोक की सहभागिता अनिवार्य है क्योंकि हर वोट अमूल्य है। हर वोट प्रदेश के साथ-साथ देश की प्रगति को नई दिशा देने वाला है। मतदाता इस अहसास के साथ मतदान करने जाएं।
यहां वोट डालेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वोट पिछले चुनावों की तरह इस चुनाव में भी गोरखनाथ मंदिर रोड स्थित कन्या प्राथमिक पाठशाला में पड़ेगा। मुख्यमंत्री गुरुवार की सुबह मतदान शुरू होते ही अपना वोट डालने के लिए निर्धारित बूथ पर पहुचेंगे। वह सुबह सात बजे बूथ संख्या- 249 पर मतदान करेंगे। राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल सेंट एड्रयूज इंटर कालेज, नगर विधायक डा. राधा मोहन दास अग्रवाल जनता भारतीय जूनियर हाईस्कूल दाउदपुर, महापौर सीताराम जायसवाल, स्विंटन पब्लिक स्कूल मिर्जापुर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता स्विंटन पब्लिक स्कूल मिर्जापुर और उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष रामदेई इंटर कालेज में मतदान करेंगे।
बस्ती में 19 लाख मतदाता करेंगे 54 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
बस्ती जिले की पांचों विधानसभा सीटों के लिए कल मतदान होगा। दोपहर बाद से मंडी समिति परिसर से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। कुल 1908043 मतदाता तीन मार्च को सभी 54 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिले में कुल पांच विधान सभा क्षेत्र हैं। यह है बस्ती सदर, महादेवा, कप्तानगंज, हर्रैया और रुधौली। इन सभी सीटों पर इस बार कुल 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें सदर से 11,कप्तानगंज से 12, रुधौली से सर्वाधिक 14, हर्रैया से 09 और महादेवा सुरक्षित से सबसे कम आठ प्रत्याशी शामिल हैं।

पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से की फोन पर बात, खार्किव में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर हुई विशेष चर्चा

नई दिल्ली। यूक्रेन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की है। दोनों शीर्ष नेताओं ने यूक्रेन की स्थिति की समीक्षा की विशेष रूप से खार्किव में जहां कई भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। पीएम मोदी ने संघर्ष क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी पर भी चर्चा की है। यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले के बाद से यह पीएम मोदी और पुतिन के बीच दूसरी टेलीफोन पर बातचीत है। पीएम मोदी ने आक्रमण के अगले दिन 25 फरवरी को आखिरी बार रूसी राष्ट्रपति से बात की थी, जिसमें उन्होंने ‘हिंसा की तत्काल समाप्ति’ का आह्वान किया था।
भारतीय छात्रों की निकासी को लेकर चलाया जा रहा आपरेशन गंगा
26 फरवरी को भारत ने सभी फंसे हुए भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए अपनी निकासी योजना ‘आपरेशन गंगा’ की घोषणा की। 27 फरवरी को विदेश मंत्रालय ने ‘आपरेशन गंगा’ के लिए विशेष रूप से समर्पित एक नया ट्विटर हैंडल बनाया। ट्विटर हैंडल अकाउंट को माइक्रोब्लागिंग साइट द्वारा पहले ही सत्यापित किया जा चुका है।
दो हजार से अधिक भारतीय छात्रों का लाया जा चुका स्वदेश
भारत सरकार द्वारा चलाए गए आपरेशन गंगा के तहत 8 मार्च तक 46 उड़ानें निर्धारित की गई हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि नियोजित उड़ानों में से 29 बुखारेस्ट से, 10 बुडापेस्ट से, छह रेजजो से और एक कोसिसे से है। अब तक एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइस की 9 विशेष उड़ानें 2,012 से अधिक भारतीय नागरिकों को स्वदेश वापस ला चुकी हैं।

यूपी चुनाव का ट्रेंड और भाजपा की चुनौती, क्या है रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का इशारा

राजनाथ सिंह: फ़ाइल फोटो'

बलिया: यूपी में पांच चरणों के चुनाव हो चुके हैं। छठे चरण का चुनाव तीन मार्च को होगा। इससे पहले सभी पार्टियों ने ताकत झोंक दी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी लगातार चुनाव प्रचार में लगे हैं। बलिया में उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में पिछले तीन-चार दशकों से चले आ रहे ट्रेंड के बारे में लोगों को बताया। यह भी कहा कि भाजपा की रणनीति इस ट्रेंड को तोड़ने के लिए तैयार है।
रसड़ा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मतदाताओं से किसी के बहकावे में न आने या गुमराह होने का भी आग्रह किया और कहा कि मतदान करते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि देश सबसे ऊपर है। कहा कि पहले चरण से पांचवें चरण के रुझान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उत्तर प्रदेश के मतदाता एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं। पिछले 30 से 40 वर्षों में राज्य में लगातार दूसरी बार कोई भी पार्टी सरकार नहीं बना सकी है। इस बार भाजपा लगातार दूसरी बार अपनी सरकार बनाने जा रही है।
राजनाथ ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाषण देने से भ्रष्टाचार को दूर नहीं किया जा सकता है। व्यवस्था में बदलाव करके भ्रष्टाचार को रोका जा सकता है। सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लाचारी के साथ कहा था कि दिल्ली से भेजे जाने वाले 100 पैसे में से मुश्किल से 15 पैसे लाभार्थी तक पहुंचते हैं। भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ बिना किसी भ्रष्टाचार के लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। राजनाथ ने नरेंद्र मोदी सरकार की विदेश नीति की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र ने दुनिया में देश का सिर ऊंचा रखा है।
उन्होंने कहा कि पहले दुनिया भारत की बात को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन अब दुनिया सुन रही है कि भारत क्या कह रहा है। हम भारत का सिर झुकने नहीं देंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की।
राजनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले ‘बीमारू’ राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार के पांच वर्षों में यह अर्थव्यवस्था के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
सपा-बसपा और कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर निशाना साधते हुए कहा कि देवी लक्ष्मी साइकिल, हाथी पर सवार होकर किसी भी घर में नहीं आती हैं। और न ही वह अपना हाथ लहराते हुए आती हैं। वह कमल पर आती हैं।

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक, विश्व कल्याण की कामना की

गोरखपुर: गोरक्षनगरी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के दिन अपने आवास में ही रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने देवाधिदेव भगवान शिव से संपूर्ण विश्व के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की। ट्वीट कर मुख्यमंत्री ने बताया कि रुद्राभिषेक करके उन्होंने महादेव से विश्व कल्याण की कामना की।
बता दें कि सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। आवास से निकलने के बाद सबसे पहले उन्होंने बाबा गोरखनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान के साथ बाबा की पूजा-अर्चना की। उसके बाद मुख्यमंत्री अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर गए और उनका आशीर्वाद लिया।
हमेशा की तरह उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। आधा घंटा गोशाला में गायों के साथ गुजारने के बाद उन्होंने पालतू कुत्ते गुल्लू को बिस्किट खिलाने के साथ ही उसे दुलारा-पुचकारा। उसके बाद मुख्यमंत्री रुद्राभिषेक के लिए अपने आवास के शक्तिपीठ में पहुंचे। वहां आचार्यगण पहले से तैयारी के साथ बैठे थे।
वह जनता दरबार में न जाकर सीधे ऊपर गए और कक्ष के पास स्थापित शक्ति पीठ पर लोक कल्याण के लिए रुद्राभिषेक किया। दुर्गा शक्ति पीठ के पास लोक कल्याण के लिए मुख्यमंत्री ने रुद्राभिषेक किया।
मंदिर के 11 आचार्य अरविंद त्रिपाठी व आचार्य रामानुज के नेतृत्व में मंत्रोच्चार करने के लिए बैठे थे। मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक शुरू किया गया। रुद्राभिषेक के लिए दूध, आम्र रस, गन्ने का रस के अलावा अन्य कई फलों का रस रखा गया था। सुबह सात 7 बजे से 9 बजे तक रुद्राभिषेक किया गया। उसके बाद हवन किया गया।

अखिलेश यादव की सपा गठबंधन के प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं से अपील, ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ाएं

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें जिससे कोई गड़बड़ी न होने पाए।
रमाबाई अंबेडकर मैदान में बने मतगणना स्थल पर बने स्ट्रांग रूम परिसर में सोमवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब मध्य विधानसभा सीट के रिटर्निंग अफसर गोविंद मौर्या की सरकारी गाड़ी में हथौड़ी, छेनी, ताले, प्लायर निकल आए। इस पर सपा व अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना पर मध्य सीट से सपा प्रत्याशी रविदास मेहरोत्रा भी पहुंच गए। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। संबंधित अधिकारी को चेतावनी देने के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है। यह भी बताया कि प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम परिसर का निरीक्षण करा दिया गया है। सभी अंदर की सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट हैं।
इस पर अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि लखनऊ में सभी के लिए प्रतिबंधित ईवीएम स्ट्रांग रूम में एक सरकारी अधिकारी के घुसने का प्रयास बेहद गंभीर मामला है।
सपा-गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो सभी जगह ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें। जब तक गिनवाई नहीं-तब तक ढिलाई नहीं!
ड्राइवर अपने इस्तेमाल के लिए रखते हैं औजार
एसीएम गोविंद मौर्या ने कहा कि औजार सीट के नीचे रखे हुए थे। छेनी, हथौड़ी ड्राइवर अपने इस्तेमाल के लिए रखते हैं। कहा कि जिस वोटर लिस्ट के गाड़ी में होने का आरोप लगा रहे हैं, वह कमिश्नरेट का प्लान है जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि के नाम-नंबर लिखे होते हैं। मैंने खुद कहा कि गाड़ी की जांच कर लीजिए। मैंने खुद कार्यकर्ताओं को गाड़ी की जांच करने दी। मुझे पता था कि गाड़ी में कुछ भी गलत नहीं है। बाकी जांच में सच सामने आ जाएगा।

खारकीव में रूस के हमले में एक भारतीय छात्र की मौत, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

यूक्रेन के खारकीव में हुई बमबारी में भारत के एक छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय छात्र की मौत की पुष्टि की है। बता दें कि यूक्रेन पर रूस के हमले का आज छठा दिन है।

नई दिल्ली: यूक्रेन पर रूस के हमले का आज छठा दिन है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाकों में हमला और तेज कर दिया है। रूस के हमले में यूक्रेन के कई नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। उधर, रूसी सेना की गोलीबारी में एक भारतीय छात्र की भी मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन के खार्किव में मंगलवार सुबह गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। विदेश मंत्रालय मृतक छात्र के परिवार के संपर्क में है।
बागची ने बताया कि विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों से भारतीय नागरिकों के लिए तत्काल सुरक्षित पैसेज की फिर मांग कर रहे हैं. जो अभी भी खार्किव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह की कार्रवाई रूस और यूक्रेन में हमारे राजदूतों द्वारा भी की जा रही है।

यूक्रेन में फायरिंग में एक भारतीय छात्र के मारे जाने की खबर।

कीव तत्काल छोड़ने की सलाह
इससे पहले मंगलवार सुबह भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से तत्काल कीव छोड़ने की अपील की थी। यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि सभी भारतीय नागरिकों और छात्रों को आज ही तत्काल कीव को छोड़ने की सलाह दी जाती है।
आपरेशन गंगा जारी
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे छात्रों और नागरिकों को वापस लाने के लिए ‘आपरेशन गंगा’ शुरू किया है। ‘आपरेशन गंगा’ मिशन के तहत एयर इंडिया द्वारा विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं। मंगलवार सुबह बुचारेस्ट से 182 भारतीय नागरिकों को लेकर फ्लाइट मुंबई पहुंची। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब तक 8 हजार से ज्यादा नागरिकों को निकाला गया है।

समाजवादी सरकार में गुर्गे खा जाते थे गरीबों का राशन-महराजगंज में बोले मुख्यमंत्री योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले बिजली की जाति और मजहब हुआ करती थी… मोहर्रम में बिजली आती थी, लेकिन होली और दीपावली में नहीं आती थी… आज सबको पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल रही है…
महराजगंज: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज महराजगंज जनपद के पनियरा विधानसभा स्थित परतावल बाजार में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित एक रैली को संबोधित किया। जनसभा के दौरान सीएम योगी सपा-बसपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे। सीएम ने भाजपा सरकार की विकास की नीतियों पर चर्चा करते हुए भाजपा प्रत्याशी को भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की।
पहले बिजली की होती थी जाति और मजहब
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले बिजली की जाति और मजहब हुआ करती थी। मोहर्रम में बिजली आती थी, लेकिन होली और दीपावली में नहीं आती थी। आज सबको पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल रही है। जिस गरीब के पास बिजली लेने की क्षमता नहीं थी उसको मुफ्त में बिजली का कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम किया है। कोरोना के कठिन समय में मुफ्त में टेस्ट और उपचार के साथ ही फ्री में वैक्सीन लगाने का भी काम किया है।
कोरोना की वैक्सीन बाजार में ब्लैक हो जाती थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अगर सपा बसपा की सरकार होती तो कोरोना की वैक्सीन बाजार में ब्लैक हो जाती। केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार में राशन के भी डबल डोज मिल रहे हैं। सपा की सरकार में यह सुविधा नहीं थी उनकी सरकार में सारा राशन खा जाते थे। बहन जी के हाथी का पेट इतना बड़ा है कि पूरा राशन ही उसमें समा जाता था। भाजपा ने बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं को हर गरीब किसान नौजवान और महिलाओं तक पहुंचाने का काम किया है अभी तो शुरुआत है 10 मार्च के बाद जब फिर से भाजपा की सरकार बनेगी तब उज्जवला योजना के लाभार्थियों को होली और दीपावली में फ्री गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाएंगे।

केसरिया हुए शिवालय, हर तरफ बम-बम: आज दो लाख शिवभक्त करेंगे भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक

मेरठ में महाशिवरात्रि पर मंगलवार को औघड़नाथ सहित सभी मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हो गया है। मंदिरों में बड़ी संख्‍या में शिवभक्‍त पहुंच रहे हैं। वहीं बागपत के पुरा महादेव मंदिर में भी रात से ही लोगों का तांता लगा है।

मेरठ: मेरठ शहर में बाबा औघड़नाथ मंदिर सहित अन्य देवालयों में त्रयोदशी का जल चढ़ाया गया। मंगलवार को चतुदर्शी पर महाशिवरात्रि पर्व मनाया जा रहा है। इस पर्व पर करीब दो लाख शिवभक्त भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करेंगे। जय भोले जय भंडारी, तेरी है महिमा न्यारी सहित अन्य भजनों और बोल-बम के जयघोष के साथ शिवभक्त भगवान शिव की आराधना करेंगे। वहीं पश्चिमी यूपी के अन्य जिलों में भी शिवालयों पर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी हुई हैं।
बाबा औघड़नाथ मंदिर सहित अन्य देवालयों को भव्य तरीके से सजाया गया है। सोमवार को ही यहां मेले जैसा माहौल रहा। फूलों के साथ रंगीन लाइटों से सजावट की गई। मेले में झूलों के साथ सामाजिक धार्मिक संगठनों के द्वारा भंडारे लगाए गए हैं। अन्य मंदिरों में भी सजावट के साथ इंतजाम किए गए हैं। हरिद्वार से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या इस बार 5 हजार से अधिक रही है।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी : बाबा औघड़नाथ मंदिर में मंगलवार को सुबह चार बजे से जलाभिषेक शुरू हो गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. महेश बंसल और महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर के मुख्य द्वार पर रविवार रात ही गंगाजल के कैंटर पहुंच गए थे।
प्रथम प्रहर : शाम 6:21 से 9:27 बजे तक
द्वितीय प्रहर : रात 9:27 से 12:31 बजे तक
तृतीय प्रहर : रात 12:31 से सुबह अल सुबह 3:32 बजे तक
चतुर्थ प्रहर : अल सुबह 3:32 से 6:34 बजे तक
शिवरात्रि व्रत पारण समय : 2 मार्च को सुबह 5:34 से 6:02 बजे तक
राजराजेश्वरी मंदिर में शिव के साथ शक्ति है विराजमान
शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर की स्थापना 1989 में ज्योतिष और द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वरूपानंद जी महाराज ने की। मंदिर में प्रधान देवी भगवती राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी के साथ चौसठ योगिनी माता भी विराजमान हैं। यहां स्फटिक मणि का शिवलिंग भक्तों की सभी मनोकामना को पूर्ण करने वाला है। 2000 गज जगह में बने मंदिर में बाग और छोटे मंदिर भी हैं। मंदिर में जगद्गुरु शंकराचार्य जी का आश्रम भी है। मंदिर में सभी धार्मिक और व्यवस्था संबंधी कार्य राधिकानंद ब्रह्मचारी जी महाराज के द्वारा की जाती है। ब्रह्मचारी जी 2019 से यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मंदिर शंकराचार्य जी के साथ विभिन्न पीठों से संत और महात्मा भी नियमित रूप से आते रहते हैं। मंदिर में सभी पर्वों पर आयोजन होते हैं। महाशिवरात्रि पर चार प्रहर की पूजा की जाती है।

डिंपल यादव के बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ का पलटवार, बोले- हां, मैं भगवाधारी हूं…

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के बढ़ते चरणों के साथ नेताओं की जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है। चुनावी सभा के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ के कपड़ों के रंग की तुलना लोहे पर लगे जंग से की थी। डिंपल के इस बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है। उन्होंने इस टिप्पणी को सनातन धर्म और संत समाज का अपमान बताया है।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- ‘एक बात मुझे बहुत अटकी। आपने समाजवादी पार्टी के कुछ लोगों के बयान सुने होंगे। वह बयान सृष्टि का भी अपमान है। सनातन धर्म का भी अपमान है। भारत के संत समाज का भी अपमान है। उन्होंने क्या कहा? यानि उन्होंने भगवा को जंग के साथ जोड़ा है, लेकिन हां मैं कह सकता हूं कि मैं भगवाधारी हूं, और मुझे लगता है हर गोरखपुरवासी भगवाधारी है।’ इस संबोधन के बाद सीएम योगी ने इस संबंध में लगातार कई ट्वीट भी किए। उनका हर ट्वीट भगवा रंग के महत्व को बता रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सभी को कहना चाहिए कि वो भगवाधारी है। योगी आदित्यनाथ के संबोधन के दौरान भीड़ से जय श्री राम के नारे और तालियां दोनों सुनाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हर उत्तरप्रदेशवासी कहेगा कि हम भगवाधारी हैं और इसलिए बोलेंगे क्योंकि ये भगवा सृष्टि की उर्जा का रंग है। सीएम योगी ने कहा कि जब सुर्योदय होता है ना तब सूर्य भी भगवा ही होता है। उन्होंने कहा कि जो अग्नि हम सबका उर्जा का कारण है, उसका रंग भी भगवा है। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी ‘मैं भी भगवाधारी हूं’ का नारा लगाया।
बता दें कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव ने बीते शुक्रवार को कौशांबी जिले के सिराथू विधानसभा क्षेत्र से सपा गठबंधन की उम्मीदवार पल्लवी पटेल के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोहे में लगने वाले जंग को भगवा से जोड़ा था। उन्होंने कहा था कि इंजन तो लोहे का होता है, लेकिन उस पर जो जंग लगता है उसी रंग का कपड़ा मुख्यमंत्री पहनते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि जंग के रंग वाले इंजन को हटाना जरूरी है, जंग वाले इंजन को हटाने के लिए यह चुनाव जनता लड़ रही है।

जयकुमार नारंग बने सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष

मेरठ: परीक्षितगढ़ ग्राम नारंगपुर निवासी जयकुमार नारंग को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ राहुल भारती ने सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है। उनके मनोनयन पर सपा के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, पूर्व विधायक गोपाल काली, पूर्व विधायक प्रभुदयाल बाल्मीकि, पूर्व विधायक गुलाम मौहम्मद, रफीक अंसारी, पूर्व राज्य मंत्री प्रशांत गौतम,सपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, रविंदर प्रेमी, रणवीर जिटोला,डा.विनेशपाल आदि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर गुडनैस पब्लिक स्कूल में विज्ञान के महत्व कार्यक्रम का आयोजन

परीक्षितगढ़: परीक्षितगढ़ नेहरू युवा केन्द्र के तत्वधान में इकला रसूलपुर के गुडनैस पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अधयापक कपिल कुमार ने सर वी.रमन के  प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए विज्ञान का महत्व बताया। प्रबंधक फखरे आलम ने युवाओं को विज्ञान के अविष्कारों के बारे बताते हुए नेहरू युवा केन्द्र का आभार व्यक्त किया। युवाओं सामिया, हिफजा, सनाउररहमान ने बेनर के माध्यम से विज्ञान का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा सयंम सेवक मुहम्मद सालिम व अधयापक मुहम्मद वसीम ने किया। कार्यक्रम में दानिश रजा, जुहैद अली, मोहसीन, साजिया, कुरबान, सरीता आदि मौजूद रहे।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर वेंक्टेश्वरा में क्विज,पोस्टर मेकिंग,मॉडल प्रदर्शनी,आम आदमी साईन्स,समेत एक दर्जन से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित

  • चार दिनों से चली आ रही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विश्वविद्यालय प्रबन्धन/प्रशासन ने सर्टिफिकेट एवं स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
  • विज्ञान रटने की नहीं, बल्कि आत्मसात करने की विधा: डा.सुधीर गिरि
  • शोध एवं विज्ञान को बढावा देने के लिए विश्वविद्यालय अबतक सौ से अधिक अन्तर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयो/संस्थानो के साथ कर चुका शैक्षणिक अनुबन्ध: डा.राजीव त्यागी

मेरठ। वेंक्टेश्वरा संस्थान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर 4 दिनों से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओ के समापन पर उनके विजेता छात्र-छात्राओ को स्मृति चिन्ह एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न वरिष्ठ वैज्ञानिको/शिक्षाविदो ने विज्ञान को रटने के बजाय जीवन में आत्मसात करने पर बल देते हुए नवाचारो के साथ रिसर्च को बढावा देने का आवाहन किया।
संस्थान के डा.सी.वी.रमन केन्द्रीय सभागार में “राष्ट्रीय विज्ञान दिवस” पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ समूह चेयरमैन डा. सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डा.राजीव त्यागी,कुलपति प्रो. पी.के.भारती, निदेशक एकेडमिक डा.राकेश यादव, डीन एप्लाईड साईन्स डा.सी.पी.कुशवहा आदि ने सरस्वती माँ की प्रतिमा के सन्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया।
अपने सम्बोधन में समूह चेयरमैन डा.सुधीर गिरि ने कहा कि आज विज्ञान एवं तकनीक के दम पर कई यूरोपीय देश दुनिया के सिरमौर बने बैठे है। हमे भी नयी शिक्षा निति के अनुरूप विज्ञान को रटने के बजाय आत्मसात करने की आवश्यकता है।
प्रतिकुलाधिपति डा. राजीव त्यागी ने कहा कि वेंक्टेश्वरा ने विज्ञान में शौध एवं अनुसंधान को बढावा दने के लिए अभी तक दुनिया के सौ से अधिक ख्याति प्राप्त अन्तर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयो/संस्थानो के साथ “शैक्षणिक अनुबन्ध” किया है। हम रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओ ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के समापन पर संस्थान प्रबन्धन ने विजेता छात्र-छात्राओ को स्मृति चिन्ह व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मेरठ परिसर निदेशक डा.प्रभात श्रीवास्तव, कुलसचिव डा. रविशंकर, निदेशक एडमिशन अलका सिंह, कार्यक्रम संयोजक डा.सी.पी.कुशवाहा, डा.विवेक सचान, डा.एना ब्राउन,डा. वर्षा यादव, डा.ललिता नेगी, आँचल चौधरी, डा.एस.एन.साहू, डा.योगेश्वर, डा.अनिल जयसवाल, एस.एस.बघेल, जी.डी. कटियार, मारूफ चौधरी, अरूण गोस्वामी, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि लोग उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवसः आईआईएमटी विश्वविद्यालय में वेबिनार का आयोजन

  • पत्रकारिता विभाग में आयोजित वेबिनार में वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने समझाया कल का विज्ञान और विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के उपाय

मेरठ। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के मौके पर आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में वेबिनार का आयोजन किया गया। जिसमें देश के चोटी के लोक संचारक वैज्ञानिकों ने छात्रों के साथ बातचीत करते हुए विज्ञान से जुड़े सवालों का जवाब भी दिया।
महान वैज्ञानिक और नोबेल पुरस्कार विजेता रहे वैज्ञानिक सर सीवी रमन की याद में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। आसमान या समंदर नीला क्यों दिखाई देता है। उनके इस सिद्धान्त को रमन प्रभाव का नाम दिया गया था। इसी सवाल की खोज के लिए 1930 में उन्हें नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस बार राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की थीम ‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान और तकनीक का दृष्टिकोण’ रखी गई है। इस विषय पर छात्रों से बात करने के लिए बीएसाईपी लखनऊ के पूर्व वैज्ञानिक डाॅ सीएम नौटियाल और सुप्रसिद्ध विज्ञान लेखक प्रोफेसर मनोज कुमार पटेरिया वेबिनार में मौजूद रहे।
डाॅक्टर सीएम नौटियाल ने विज्ञान की जटिलताओं को बेहद आसान भाषा में समझाते हुए विज्ञान के सही स्वरूप को जनता के बीच पहुंचाने की जरूरत जताई। उन्होंने जनता के बीच वैज्ञानिकों की गलत छवि पर अफसोस जताते हुए साफ किया कि आज के दौर में वैज्ञानिकों का मतलब सिर्फ परमाणु बम या बंदूकें बनाने वालों से लिया जाता है। जबकि रोजाना की जिंदगी को आसान बनाने के पीछे भी वैज्ञानिकों की ऊर्जा और मेहनत ही लगी है। कुदरत से हद से ज्यादा छेड़छाड़ के गंभीर नतीजों के लिए आगाह करते हुए डा.नौटियाल ने कुदरत को बचाए रखने और विज्ञान का सकारात्मक पक्ष जानने पर जोर दिया। उन्होंने निकट भविष्य में आईआईएमटी विश्वविद्यालय में पत्रकारों और वैज्ञानिकों को एक मंच पर लाने के लिए कोई कार्यक्रम तैयार करने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि समाज में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने की जरूरत है।
भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सलाहकार और साइंटिस्ट ‘जी’ प्रोफेसर मनोज कुमार पटेरिया ने छात्रों से संवाद करते हुए आज के संदर्भ में विज्ञान की जरुरत समझाई। प्रोफेसर मनोज कुमार पटेरिया भारत सरकार के साइंस एंड टेक्नालाॅजी विभाग में साइंस एंड इंजीनियरिंग काउंसिल डिपार्टमेंट में सलाहकार और साइंटिस्ट ‘जी’ के तौर पर रहे हैं और वर्तमान में भारतीय विज्ञान लेखक संघ के अध्यक्ष हैं। सेशन में छात्रों ने अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए अतिथि वैज्ञानिकों से सवाल भी किए जिनका डा.सीएम नौटियाल ने धैर्य पूर्वक जवाब दिया।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रोफेसर और डीन डा.सुभाष चंद्र थलेड़ी ने आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर डा.मयंक अग्रवाल, विश्वविद्यालय की कुलपति डा.दीपा शर्मा का, प्रति उपकुलपति डा.सतीश बंसल का आभार जताया कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की गतिविधयां सभी क्षेत्रों में जारी हैं। डा.थलेडी ने डा.मनोज कुमार पटेरिया और डा.चंद्रमोहन नौटियाल को विश्वविद्यालय परिवार की ओर से धन्यवाद दिया और वेबिनार में उनकी प्रतिभागिता के लिए आभार जताया
पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष विशाल शर्मा ने दोनों अतिथि वैज्ञानिकों के अलावा कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम से जुड़े छात्रों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन विभोर गौड़ ने किया। विभाग के वरिष्ठ शिक्षक डा.नरेंद्र कुमार मिश्रा, पृथ्वी सेंगर, निशांत सागर, डा.विवेक सिंह और सचिन गोस्वामी ने कार्यक्रम में सहयोग दिया।