Thursday, August 6, 2026
Home Blog Page 67

अपना दल (एस) की मासिक बैठक में बूथ स्तर तक गठन पर दिया गया जोर

मेरठ: अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक आज सुभाष नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई जिसमें विगत 2 जून को लखनऊ में पार्टी की प्रांतीय मासिक बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा लिये गए निर्णयों से जिला अध्यक्ष सुधीर पंवार ने सभी को अवगत कराया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्णय अनुसार अब प्रत्येक माह प्रांतीय मासिक बैठक 7 के बजाय 2 तारीख को हुआ करेगी। इसके अलावा जिला स्तरीय मासिक बैठक 12 के बजाय 7 तारीख को, विधानसभा बैठक 10 तारीख, ज़ोन की बैठक 12, सेक्टर की बैठक 15, बूथ की बैठक 18 तारीख को हुआ करेगी उसके बाद प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के लिए माह की 28 तारीख को बैठक हुआ करेगी उक्त प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह की 2 तारीख को राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखी जाया करेगी।
बैठक में चतरसैन, यामीन खान, गौरव व एहसान को पार्टी का पटका पहनाकर सक्रिय सदस्य बनाया गया। निर्णय लिया गया कि शीघ्र चौपाल बैठकें कर सक्रिय सदस्य बनाने व बूथ स्तर तक गठन करने का अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार, वीरेंद्र चौधरी, अलका पटेल, कृपाल सिंह, आरती लोधी, मनीष पटेल, मुरारीलाल, चिरंजीव सैनी, बलिचंद पाल, रविंद्र कुमार, सोमपाल, सोहन सिंह, समसुद्दीन अब्बासी, कुंवर जहीर अहमद, सुमित ठाकुर, चतुरसेन, गौरव, यामीन खान, अकरम कुरैशी, पवन वर्मा, बलराम चौधरी, सुनील दत्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।

शिक्षा संकाय एवं शारीरिक शिक्षा विभाग में फेयरवेल पार्टी का हुआ आयोजन

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के रंगीला सांस्कृतिक क्लब, शिक्षा संकाय, शारीरिक शिक्षा विभाग और शिक्षा विभाग में फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डा.जी.के.थपलियाल, प्रतिकुलपति डा.अभय शंकरगौड़ा, शिक्षा संकाय के डीन डा.संदीप कुमार, शिक्षा विभागाध्यक्ष डा.अनोज राज, डा.नीरज कर्ण सिंह, डा.महावीर सिंह ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कुलपति डा.जी.के.थपलियाल ने छात्रों को जीवन का बहुमूल्य पाठ पढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को सराहा।
फेयरवेल पार्टी का आयोजन धड़कते हुए माहौल, फुट-टैपिंग, संगीत और मंच प्रदर्शन के हुआ। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डा.रूबी, संगीता और निशा सैनी आदि निर्णायक रही। डा.संदीप कुमार ने छात्रों का मार्गदर्शन किया और उन्होंने आशीर्वाद के साथ बच्चों को सफलता का मंत्र भी दिय। कार्यक्रम के अंत में डा.अनोज राज ने कुलपति डा.जी.के.थपलियाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा.शल्या राज, शिक्षा संकाय के डीन डा.संदीप कुमार सहित सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। मिस फेयरवेल एमएड की छात्रा प्रियंका चौधरी, मिस्टर फेयरवेल एमएड के छात्र अभ्युदय कुमार, मिस फेयरवेल बी.एड की छात्रा लाइबा, मिस्टर फेयरवेल बी.एड के छात्र शुभम त्यागी, मिस फेयरवेल बी.ई.एल.एड की छात्रा रिया, मिस्टर फेयरवेल बी.ई.एल.एड के छात्र सूरज सिंह बने।

जिलाधिकारी ने किया आईटीआई साकेत स्थित ईवीएम वेयर हाउस का रूटीन निरीक्षण

मेरठ। जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा आईटीआई साकेत स्थित ईवीएम वेयर हाउस का रूटीन निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पार्टी के प्रतिनिधियो के साथ वेयर हाउस में रखी गयी ईवीएम मशीनों का विधानसभावार सुरक्षित होने के दृष्टिगत समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वेयर हाउस में ईवीएम मशीन सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखी हुयी पायी गयी तथा मौके पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है। इस अवसर पर उनके साथ अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रमुख राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जल संरक्षण के लिए मिलेगा राज्य भूजल पुरस्कार,मांगें आवेदन

हापुड़। उत्तर प्रदेश के भूगर्भ जल विभाग द्वारा सभी जनपदों से जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं से राज्य भूजल पुरस्कार के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
लघु सिंचाई के अधिशासी अभियन्ता एके वर्मा ने बताया कि जनपद में किसी व्यक्ति विशेष या संस्था द्वारा अगर भूजल या जल संरक्षण के लिए उत्कृष्ट कार्य किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा उनको राज्य भूजल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं से अपने साक्ष्य सहित आवेदन आमंत्रित किए गए।

गौरीपुर मीतली का बाबा मोहनराम धाम बना लोगों की आस्था का केन्द्र

बागपत के गौरीपुर मितली गांव का बाबा मोहनराम धाम

बागपत। बागपत जनपद के गौरीपुर मीतली गांव में स्थित बाबा मोहनराम के चमत्कारी दिव्य धाम में हर वर्ष हजारों की संख्या में लोग दर्शनों के लिए आते है और भगवान की पूजा अर्चना करते है। गांव के पूर्व प्रधान वीरेन्द्र सिंह बताते है कि लगभग 350 वर्ष पूर्व बाबा मोहनराम ने त्रिवृक्षों के नीचे कठिन तप किया था। उनके तपोबल से यह धरती बड़ी दिव्य हो गयी। बाबा की तपस्या पूर्ण होने के उपरान्त वह यहॉं से विहार कर गये। इस स्थान पर चमत्कार होने लगे और इस स्थान की ख्याति दूर-दराज क्षेत्रों तक फैल गयी और श्रद्धालुगण इस स्थान के दर्शनों के लिए आने लगे और मनन्त मॉंगने लगे। जिस समय बाबा ने तप किया उस समय इस स्थान पर विशाल जंगल था और गांव मीतली के ग्रामवासी इस स्थान पर खेती किया करते थे। गांव के ठाकुर तरसपाल सिंह ने बताया कि बाबा मोहनराम के जाने के बाद इस दिव्य भूमि पर अनेकों सिद्ध साधु-संतो ने तपस्या की और इस दिव्य भूमि को अपनी कर्म स्थली बनाया। चबूतरे वाले बाबा इन्ही सिद्ध साधु-संतो में से एक है। डाक्टर कर्णवीर सिंह ने बताया कि बाबा ने जिन तीन वृक्षों के नीचे बैठ कर तपस्या की वह नीम, पीपल और बरना का पेड़ है। इन पेड़ों की खास बात ये है कि ये तीनों पेड़ एक ही स्थान से निकले है और वर्तमान ने इन पेड़ के मुख्य तनों का जो व्यास आप देखते है सैकड़ों वर्षो से इतना ही है। इन तनो के व्यास में कोई भी विस्तार नही हुआ है जो कि अद्धभुत और अकल्पनीय है। बताया जाता है कि मीतली गांव के किसान एक दिन आज के वर्तमान गौरीपुर मीतली गांव के आस-पास स्थित अपने खेतों में खेती कर रहे थे उस समय मां गौरी ने उनको दर्शन दिये और इस धरा की दिव्यता से अवगत कराया और इस स्थान पर स्वयं के आवागमन का वचन दिया। इसके उपरान्त मीतली गांव के वे किसान जिनकी भूमि वर्तमान गौरीपुर मीतली गांव के आस-पास थी, धीरे-धीरे इस स्थान पर आकर बस गये और इस गांव को गौरीपुर मीतली के नाम से जाना जाने लगा। गांव के ग्राम प्रधान छेदा सिंह, जीत सिंह, जयपाल सिंह आदि ने बताया कि बाबा मोहनराम की कृपा से गांव खुशहाल है और लोगों के दुख-सुख में गांव का हर व्यक्ति एक परिवार के सदस्य की तरह एक-दूसरे का साथ देता है।

हर महिला और बच्चे को अधिकार दिलाने को सरकार तत्पर: राखी त्यागी

  • महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चल रहा मिशन शक्ति का चौथा चरण

मेरठ। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) संस्था के सहयोग से सोमवार को जागरूक मीडिया कार्यशाला का आयोजन एक स्थानीय होटल में किया गया। कार्यशाला की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने कहा कि सरकार हर महिला और बच्चे को उसका अधिकार दिलाने के लिए तत्पर है। कोई भी महिला यदि अपराध का शिकार होती है तो सरकार का प्रयास रहता है कि कैसे पीड़िता को जल्द से जल्द मदद उपलब्ध कराई जाए और अपराधी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। उन्होंने कोविड-19 के दौरान मीडिया की सराहनीय भूमिका की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
उप निदेशक, महिला कल्याण विभाग शरद प्रकाश श्रीवास्तव ने विभाग द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रहीं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और पत्रकारों का आह्वान किया कि यदि उनके संज्ञान में महिला उत्पीड़न या बाल विवाह का कोई मामला आए तो वह विभाग को जरूर अवगत कराएं। इसके साथ ही उन्होंने मेरठ मंडल में आने वाले सभी जिलों के जिला प्रोबेशन अधिकारियों के मोबाइल नंबर मीडियाकर्मियों को उपलब्ध कराए।
कार्यशाला में राज्य सलाहकार, महिला एवं बाल विकास (यूनिसेफ) नीरज मिश्रा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए मिशन शक्ति का चौथा चरण चल रहा है। कोई भी महिला जरूरत पड़ने पर वन स्टॉप सेंटर पर शिकायत कर सकती है। सेंटर पर महिलाओं को चिकित्सा, आश्रय, परामर्श, पुलिस और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से संचालित मिशन शक्ति अभियान का आयोजन महिलाओं तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण एवं उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए किया जा रहा है।
सीफार संस्था की नेशनल लीडर रंजना द्विवेदी ने कार्यशाला के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला, साथ ही संस्था के कार्य, उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया मिशन शक्ति के चैथे चरण के अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
मेरठ के जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित सिंह और गाजियाबाद के जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रहीं कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला शक्ति केंद्र, उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं बाल सम्मान योजना और स्पॉसरशिप के अलावा सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेरठ मंडल में 57983 लाभार्थियों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिया जा चुका है। योजना के तहत छह चरणों में मिलने वाले 15 हजार रुपये मात्र रुपये नहीं हैं बल्कि बालिका जन्म को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य को प्रोत्साहन और शिक्षा को प्रोत्साहन का एक जरिया है। मंडल में विगत 3 वर्षों में 161 संभावित बाल विवाह रोके गए हैं।
कार्यशाला में खुले सत्र के दौरान अधिकारियों ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। एक सवाल के जवाब में डीपीओ गाजियाबाद ने बताया कि बजट में देरी होने के कारण मुख्य मंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को भुगतान होने में थोड़ा व्यवधान जरूर आया था लेकिन आगे से लाभार्थियों को नियमित मिलेगा। साइबर क्राइम संबंधित सवाल पर विभागीय अधिकारी का कहना था कि पुलिस के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करते हैं। यह विषय सीधे तौर पर पुलिस से ही संबंधित है। कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग की खुशबू ने किया।
कार्यक्रम में डीपीओ हापुड़ अभिषेक सरोज, प्रभारी डीपीओ बागपत तूलिका, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर से जिला प्रोबेशन अधिकारियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

मंजू जाटव बनी महिला कल्याण विभाग के एडवाइजरी बोर्ड की सलाहकार

मेरठ। महिला कल्याण निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा समस्त जनपदों के जिलाधिकारियों को आदेशित किया गया था कि दहेज प्रतिरोध अधिनियम-1961 की धारा-6B (4) के अंतर्गत एक एडवाइजरी बोर्ड के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा गया था। जिसके प्रतिउत्तर में जिलाधिकारी मेरठ के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग की ओर से एडवाइजरी बोर्ड का गठन किया गया। जिसमें जय भीम स्वयं सहायता समूह मुरलीपुर फूल, सेवा भारती तथा अन्य सामाजिक संगठनों के माध्यम से समाज सेवा में अग्रणी मंजू जाटव पत्नी डा. मनोज जाटव को सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया। महिला कल्याण अधिकारी खुशबू शर्मा ने अपने कार्यालय में नियुक्ति पत्र प्रदान किया। अंजू जाटव को सलाहकार नियुक्त होने पर छबिन्द्र सैनी महानगर अध्यक्ष सेवा भारती, सीमा सैनी, अनिता सैनी, रुकमणी देवी, डॉक्टर चरण सिंह लिसाड़ी, प्रतिक्षा तोमर, विमलेश देवी, राजेश देवी, गुड्डी तोमर आदि ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आईआईए भवन में किया गया सभा का आयोजन

  • उद्यमी और उनकी औद्योगिक इकाई की समस्याओ का निस्तारण करने का हर संभव प्रयास किया जायेगा: जिलाधिकारी
  • उद्यम और उद्यमी सरकार की प्राथमिकताओ में से एक: जिलाधिकारी

मेरठ। सोमवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा आईआईए भवन मेरठ में सभा का आयोजन किया गया। उद्यमियों द्वारा आयोजित सभा में जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा आईआईए की तरफ से नामित निवेशक उद्यमियो को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों द्वारा मेरठ के औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों की नगर निगम एवं एनसीआरटीसी आरआरटीएस से संबंधित विविध समस्याओं जल निकासी, जर्जर सड़कें, लंबित पड़ी हुयी निर्माणाधीन सड़कें, गृहकर नियमानुकूल न होना तथा प्रदूषण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में उद्यमियों को आने वाली समस्या इत्यादि के संबंध में अवगत कराया गया, जिसका संज्ञान लेते हुये जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त उद्यमियों को आश्वस्त किया गया कि उद्यमी और उनकी औद्योगिक इकाई की समस्याओं का निस्तारण करने का हर संभव प्रयास किया जायेगा।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुये कहा कि उद्योग बंधुओ की सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुये निस्तारण किया जाये तथा यह भी निर्देशित किया कि यदि उद्योग बंधु नगर निगम से संबंधित शिकायत को आसानी से कर सके इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यम और उद्यमी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। अभी हाल ही में उ.प्र. सरकार द्वारा मनायी गयी ग्राउंण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में मेरठ के उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन कृतसंकल्पित है। मेरठ में उद्यमियों और उद्योगो के उत्थान हेतु प्रत्येक स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जायेगा। कार्यक्रम के पश्चात् जिलाधिकारी द्वारा मोहकमपुर में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया गया। मौके पर उद्योग बंधुओं द्वारा शिकायती पत्र प्राप्त करते हुये कार्यवाही करने हेतु आश्वस्त किया गया।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह, उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र मेरठ वी.के. कौषल, आईआईए अध्यक्ष सुमनेश अग्रवाल, आईआईए के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य मंत्री सुनील भराला पहुंचे मेडिकल, धौलाना अग्निकांड के शिकार मजदूरों को देखा

मेरठ। उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन पंडित सुनील भराला सोमवार सुबह मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने धौलाना में फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड के शिकार घायल श्रमिकों को देखा और उनके परिजनों से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में गंदगी मिलने पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई और साफ-सफाई के साथ ही घायलों के उपचार को लेकर डॉक्टरों से बातचीत की। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डा.ज्ञानेश्वर टॉक से उन्होंने बातचीत की। उन्होंने अग्निकांड के शिकार घायल मजदूरों के परिजनों को आश्वस्त किया कि घायलों का उपचार होगा। साथ ही आर्थिक मदद दिलाने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य राजकुमार कौशिक और नमन भारद्वाज भी रहे।

भगवान शंकर आश्रम, मसूरी में दिव्य-दुर्लभ ब्रह्मकमल इस वर्ष फिर से खिले

मसूरी(देहरादून)। देवभूमि हिमालय की प्राथमिक सीढ़ी मसूरी अपने सौंदर्य और अप्रतिम प्राकृतिक सुरम्यता हेतु जगप्रसिद्ध है। आजकल मसूरी एक और कारण से चर्चा में बनी हुई है, वह है यहाँ विस्तारित होता दिव्य आध्यात्मिक स्थल भगवान शंकर आश्रम। मसूरी के 200 वर्षों के इतिहास में पहली बार इस आश्रम में दुर्लभ पुष्प ब्रह्मकमल लगातार खिल रहे हैं। इन चमत्कारिक पुष्पों को देखने के लिए श्रद्धालु जीवन पर्यन्त प्रतीक्षा करते हैं और भी आश्चर्य की बात यह है कि ये पुष्प ज़्यादातर विशेष शुभ तिथियों में पल्लवित हो रहे हैं।
आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम अपनी बहुत सी आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए जाना जा रहा है।इसके संस्थापक प्रमुख परम प्रज्ञ जगतगुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम ने इस बारे में बताया कि हमने आश्रम के उद्घाटन अवसर पर वर्ष 2016 में यहाँ आनंद वाटिका के नाम से एक प्रकल्प प्रारम्भ किया था।इस वाटिका में धार्मिक, आध्यात्मिक और ज्योतिष के दृष्टिकोण से सैंकड़ों पौधे लगाए गए थे उनमें ही दो प्लांट ब्रह्मकमल के भी रौंपे गए थे।चार वर्ष पश्चात गत वर्ष आश्रम में प्रथम बार ब्रह्मक़मल बुद्ध पूर्णिमा को खिले थे। उसी क्रम में इस वर्ष ज्येष्ठ मास की चतुर्थी को तीन जबकि पंचमी अर्थात् भगवान शिव पार्वती के विवाह दिवस पर आठ, इस तरह कुल मिलाकर 11 ब्रहकमल खिल चुके हैं।देवी देवताओं के लिए पूजा प्रार्थना में बहुत से पुष्पों का अपना महत्व रहता है परंतु यह अकेला पुष्प है जिसकी पूजा की जाती है।
आचार्य श्री आर्यम के अनुसार देवताओं का प्रिय यह पुष्प स्वयं में अनूठा और दुर्लभ है। भाग्यशाली मनुष्य ही इस पुष्प को खिलते देखने का सौभाग्य प्राप्त कर पाते हैं।यह उत्तराखंड का राजकीय पुष्प है और हिमालयी पुष्पों का सम्राट। उत्तराखंड में इसे ‘ कौलपद्म’ के नाम से भी जाना जाता है। उत्तराखंड में ब्रह्मकमल की 24 प्रजातियाँ मिलती हैं। जबकि पूरी दुनिया में इससे मिलती जुलती 210 प्रजातियाँ प्राप्त होती हैं। सामान्यतः मैदानी क्षेत्रों में खिलने वाले अनेक पुष्पों को जो इससे काफ़ी मेल खाते हैं भ्रमवश वास्तविक ब्रह्मकमल मान लिया जाता है।उनके आकर और सुगंध के आधार पर इस पुष्प की पहचान की जाती है।असली ब्रह्मकमल में ब्रह्मा का रथ और सुदर्शन चक्र स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। कई बार ऐसा लगता है कि भगवान विष्णु उँगली में सुदर्शन धारण किए अपनी शैय्या पर विश्रामित हैं।यही नहीं उससे निरंतर शीशे की चमक वाला जल टपकता रहता है। चक्र को मादक गंध से आपूरित पराग छतरियाँ घेरे रहती हैं।अंदर से पुष्प की आभा चमकदार स्वर्ण जैसी होती है। यह पुष्प बहुत अधिक ऊँचाई पर खिलता है।अभी तक यह पुष्प साढ़े तेरह हज़ार फुट की ऊँचाई पर सुदूरवर्ती हिमालियन पर्वत शृंखलाओं में ही खिलता रहा है। केदारघाटी से ऊपर पिंडारी ग्लेशियर के समीप फूलों की घाटी और कैलास मानसरोवर मार्ग में स्थित ब्रह्म क्षेत्र में ही इसके खिलने के उल्लेख प्राप्त होते हैं।
मसूरी की ऊँचाई 6578 फुट है। लगभग आधी ऊँचाई पर मसूरी में ब्रह्म कमल खिलने से भगवान शंकर आश्रय आजकल चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पुष्प के खिलने का समय जुलाई से सितम्बर तक होता है लेकिन जून माह से पुष्पों का लगातार खिलना स्वयं में किसी चमत्कार से कम नहीं।
गुरुदेव श्री आर्यम महाराज ने बताया कि वेदों, पुराणों, उपनिषदों और हमारे प्राच्य धार्मिक ग्रंथों में इस पुष्प के उल्लेख मिलते हैं। वेदों में इंद्राणी द्वारा अपने पति देवता इंद्र को इस पुष्प को राखी के रूप में बांधें जाने के उल्लेख मिलते हैं। यहीं नहीं रामायण काल में जिस पर्वत से संजीवनी बूटी प्राप्त की गई वहाँ इसकी सुगंध से भगवान हनुमान के मदहोश होने का प्रसंग भी आता है।आकाशवाणी द्वारा सचेत करने पर हनुमान जी इस पुष्प का मोह त्याग कर अपने लक्ष्य पर अपना ध्यान केंद्रित करते हैं और समय से सुषेण वैध के पास संजीवनी लेकर पहुँचते है।महाभारत के वनपर्व में इस पुष्प का वर्णन आता है,जब द्रौपदी इस पुष्प की ज़िद करती हैं ,जिसे पूरा करने के लिए भीम हिमालय की तरफ़ चलते हैं ,जहां उनकी भेंट हनुमान जी से होने और उनकी पूँछ एक तरफ़ करने को कहकर भीम के अहंकार का मर्दन करने का प्रसंग आता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार पांडवों ने केदारनाथ में भगवान शिव की प्रसन्नता हेतु ब्रह्मक़मल अर्पित किए थे। आज भी केदारनाथ में इस पुष्प को अर्पित करके प्रसाद स्वरूप वितरित करने की परम्परा है। इस पुष्प की उम्र मात्र कुछ घंटे ही होती है और वर्ष में यह पुष्प बस एक बार ही अपनी निश्चित अवधि में खिलता है।
माँ पार्वती को यह पुष्प सर्वाधिक पसंद है । यही कारण है कि नंदा पारिजात यात्रा में इसी पुष्प से आदि शक्ति की उपासना का विधान है। एक अन्य प्रसंग हमारे धर्म ग्रंथों में मिलता है जब भगवान विष्णु देवादि देव महादेव भगवान शिव की प्रसन्नता हेतु 1000 ब्रह्मकमल पुष्पों से उनकी अर्चना का प्रण धारण करते हैं लेकिन पुष्पाअर्चन के समय एक पुष्प कम रह जाने से भगवान विष्णु अपनी एक आँख निकालकर शिवलिंग पर चढ़ा देते हैं।जिससे प्रसन्न होकर शिवजी वरदान देते हैं कि जो भी इस पुष्प को मुझे अर्पित करेगा उसकी मनोकामना पूरी होगी।इसी प्रसंग के उपरांत भोलेनाथ को कमलेश्वर और विष्णु जी को कमलनयन कहकर सम्बोधित किया गया। मान्यता है कि इस पुष्प को खिलते देखने वाले की सभी इच्छाएँ पूरी होती हैं। यह पुष्प मध्यरात्रि में खिलता है ।लगभग रात्रि 12 बजे यह अपने पूर्ण व्यास और दिव्य यौवन में होता है प्रायः चार बजते बजते यह मुरझाकर बंद हो जाता है। अधिकांश लोग इसको अगले दिन मुरझाया हुआ ही देख पाते हैं । तब इसका कोई महत्व शेष नहीं रह जाता।इसकी सुगंध अत्यंत तीव्र और मादक होती है। अधिक देर तक इसको सूंघने से बहुत सी परालौकिक अनुभूतियाँ होने लगती हैं।कुंडलिनी जागरण में इसकी उपस्थिति सोने पर सुहागा वाला काम करती है।जिस समय यह पुष्प खिलता है उस समय आसपास का वातावरण अलौकिक सुगंध की सुरभि से सुवासित हो उठता है।
श्री आर्यम के अनुसार भारत में ब्रह्मकमल की अनेक प्रजातियाँ मिलती हैं। वानस्पतिक विज्ञान में इसका वैज्ञानिक नाम Saussurea Obvallata तथा Epiphyllum Oxypetalum है।सबसे दुर्लभ पुष्प की आकृति भी एकदम दिव्य होती है।इसमें ब्रह्मा की साक्षात उपस्थिति अनुभूत होती है।इससे झरने वाली जल की बूँदें अमृतकण मानी गयीं हैं। आयुर्वेद में इस पुष्प का सौ से भी अधिक बीमारियों में प्रयोग का परामर्श है।जिसमें कैंसर आदि रोग भी आते हैं।इसको खिलते देखना एक स्वप्न जैसा है प्रायः सामान्य व्यक्ति इसको खिलने या मुरझाने के बाद ही देख पाते हैं। शिवसूत्र में इसको तोड़ने, देखने और छूने के पूरे नियम वर्णित हैं। पूर्ण सात्विक और शुद्ध चित्त वालों को ही इसके फल प्राप्त होने के उल्लेख मिलते हैं। जिन घरों में मद्द्यपान और अंडा आदि प्रयोग होता है वहाँ इस पुष्प के दर्शन भी वर्जित हैं।
श्री आर्यम महाराज ने इस पुष्प को मसूरी क्षेत्र के लिए एक वरदान की संज्ञा देते हुए समस्त मानवजाति के कल्याण और रक्षा हेतु समर्पित किया है।

सरकारी योजनाएं पात्रों तक पहुंचाएं: योगेन्द्र उपाध्याय

हाथरस। उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव व वर्ष 2024 के लोक सभा चुनाव की तैयारियां पदाधिकारी व कार्यकर्ता अभी से शुरू कर दें। इसके लिए अपने बूथ स्तर तक पहुंच बनानी होगी। सरकारी योजनाओं, केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में लाभार्थियों से संवाद करना होगा। योगेन्द्र उपाध्याय भाजपा के जिला कार्यालय पर बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत पांच विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की कार्यशाला को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे सभी सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य भी क्षेत्र में जाकर केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं-उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताएं।
लोगों के सवालों का जवाब दें। शंकाओं का समाधान करें। जो पात्रता रखते हों, उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें। जिला प्रभारी चौ. देवेंद्र सिंह ने कहा कि आज की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कमजोर बूथों को सशक्त बनाना है। इसके लिए सभी प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में चर्चा करें और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
24 घंटे जनता की सेवा को उपलब्ध हैं सांसद
कार्यशाला में क्षेत्रीय सांसद राजवीर सिंह दिलेर ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए वह हर समय तैयार हैं। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने कहा कि जनपद में प्रथम बार मंत्री बनकर आए योगेंद्र उपाध्याय व एमएलसी विजय शिवहरे का स्वागत है। उनके द्वारा जो निर्देश मिले हैं, उनका पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। कार्यशाला में विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ के विधायक बीरेंद्र सिंह राणा, विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी, हरिशंकर राना उर्फ भूरा पहलवान, डा.मथुरा प्रसाद गौतम, शिव प्रताप सिसोदिया, दुर्गेश नंदनी, अविनाश तिवारी, नीरज गोयल, रजनीश चौहान, धीरेंद्र प्रताप, हरेन्द्र सिंह, हरिकेश शर्मा, जयशंकर, विद्याचरण सागर, संजीव वाल्मीकि, कुलदीप पाठक, अतुल गुप्ता, गिर्राज सिंह समेत तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

योगी आदित्यनाथ का 50 वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया

मेरठ। आज भाजपा व्यपार प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा जी के प्रदेश व्यापी आवाहन पर आज सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का 50 वां जन्मदिन मेरठ के मलियाना में भाजपा व्यपार प्रकोष्ठ ने बहुत धूम धाम से बुलडोज़र के प्रतीक के रूप में एवं केक काटकर एवं 50 kg मोती चूर के लड्डू बाज़ार में एक-एक दुकान पर जाकर मुख्य अतिथि भाजपा नेता विनीत शारदा ने सभी साथियों के साथ बांटे। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने सभा को सम्बोधित करते हुये कहाकि आज व्यापार प्रकोष्ठ पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री का जन्मदीन बना रही हैं। हमारे प्रदेश का सौभाग्य हैं। प्रदेश को मुख्यमंत्री के रूप में योगी मिले हैं। शारदा ने कहाकि योगी के बुलडोज़र ने प्रदेश के माफ़ियों/बदमाशों/अवैध भूमाफ़ियों/गुंडो को सही सबक़ सिखाया हैं।
आज उत्तर प्रदेश में व्यापारी/उधमी चैन-शान्ति से अपना व्यापार कर सकता हैं। माता-बहनें सड़कों पर रात को भी सुरक्षित चल सकती हैं। युवा को रोज़गार मिल रहा हैं, किसान खुश हैं। भाजपा नेता विनीत शारदा ने कहाकि प्रदेश में योगी सरकार से पहले सपा/बसपा की सरकारों में प्रदेश में गुंडा राज था,अपराधी भयमुक्त थे, प्रदेश में जंगल राज था। बिजली/सड़क नाम को चीज़ नहीं थी। हर व्यक्ति खौफ में अपना जीवन जी रहा था। प्रदेश को सपा/बसपा सरकार ने 25 वर्ष पीछे कर दिया था। बड़े-बड़े उधोगपति देश ल-विदेश के प्रदेश में उधोग डालने को तैयार नहीं थे। आज मोदी और योगी की सरकार में देश-विदेश का उधमी/व्यापारी हमारे उत्तर प्रदेश में करोड़ों रुपये का निवेश दिल खोल कर कर रहा हैं। आज प्रदेश में 24 घंटे बिजली उपलब्ध हैं। साफ़ सुथरी सड़के हैं, क़ानून व्यवस्था दुरुस्त हो चुकी हैं। शारदा ने कहा,आज प्रदेश में अपराधी जेल में हैं या प्रदेश छोड़ गया हैं या यमराज के पास पहुँचा दिया गया हैं।यह सब योगी के अपराधी एवं माफ़ियों पर चले बुलडोज़र का नतीजा हैं की आज हमारा उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन कर चहुंमुखी विकास कर रहा है। विनीत शारदा के साथ सैकड़ों व्यापारियों ने मेरठ सहित प्रदेश में अपने मुख्यमंत्री की लम्बी उम्र की भगवान से प्राथना की। साथ ही भगवान से निवेदन किया की देश में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार कम से कम 25 वर्ष काम करे। इन दोनो दिव्य पुरुष ने देश एवं प्रदेश को विश्व गुरु बना दिया हैं एवं जल्दी भारत सोने की चिड़िया इनके ही शासन में ही बनेगा।
मुख्यमंत्री के जन्मदिन की सभा में विशेष अतिथि सत्यप्रकाश अग्रवाल पूर्व विधायक मेरठ केंट, अनिल अग्रवाल महा नगर संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ, अनुज मित्तल सहसंयोजक, पुकार अग्रवाल बाजार संयोजक साबुन गोदाम बाजार, अमित तोमर मण्डल अध्यक्ष भाजपा, अमित मूर्ति पार्षद पति, कपिल राही, राजेन्द्र उपाध्याय, सुमित प्रधान, मोहन अग्रवाल, अशोक ताऊ आदि व्यापारी एवं कार्यकर्तायों ने भाग लिया ।

सेवा भारती के तत्वाधान में लगा नि:शुल्क चिकित्सा जाँच शिविर

मेरठ। सेवा भारती मेरठ महानगर ने आज दिनांक 05-06-22 क़ो सत्संग भवन,शिव मंदिर, गली नंबर 8,फूल बाग कॉलोनी, मेरठ में विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहयोग से एक निशुल्क चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया। चिकित्सा शिविर का शुभारंभ कमल दत्त शर्मा विधायक प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी, सतीश चंद्र जी विभाग अध्यक्ष सेवा भारती द्वारा एवं मयंक गुप्ता उपाध्यक्ष सेवा भारती द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया। उद्घाटन कार्यक्रम एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का संचालन फूल बाग कॉलोनी निवासी मनोज वर्मा द्वारा किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरो की टीम सेवा भारती के विशेष निमंत्रण पर सेवा भारती के शिविर में रोगियों की जांच के लिए आयी थी।
फिजिशियन द्वारा सामान्य रोगों की जांच की गई, ऑर्थोपेडिक डॉक्टर्स द्वारा 245 रोगियों की हड्डियों की जांच की गई, हड्डियों के कैल्शियम की जांच की गई कैल्शियम की जांच के लिए डॉक्टर्स क़ी टीम एक स्पेशल मशीन लेकर आई थी, शिविर में शुगर की 171 रोगियों की जांच की गई, ब्लड प्रेशर की जांच 194रोगियों की गई तथा चेस्ट स्पेशलिस्ट द्वारा फेफड़ों की जांच भी 173 रोगियों की गई, महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर द्वारा 106 रोगियों की जाँच की गयी, फिजिओथेरेपीस्ट डॉक्टर द्वारा 126 रोगियों की जांच की गयी जो सबसे डॉक्टर्स की टीम भी अपनी सारी मशीनें लेकर टीम में पहुंची। सभी रोगियों को उचित सलाह दी गई तथा आवश्यक दवाइयों का पर्चा डॉक्टर द्वारा दिया गया। डॉक्टर्स की टीम द्वारा उपरोक्त जांचो की रिपोर्ट तुरंत संबंधित व्यक्तियों को दी गई।
इसके अतिरिक्त मेरठ के तीन विशेषज्ञ डॉक्टर महिला रोग विशेषज्ञ एवं फिजियोथैरेपिस्ट डॉक्टर भी रोगियों की सेवा में उपलब्ध रहें।
कमल दत्त शर्मा ने कहा सेवा भारती द्वारा समय-समय पर मुफ्त चिकित्सा जांच शिविर पूरे भारतवर्ष में लगातार लगाए जाते हैं यह एक मानवीय पहल है। नर सेवा नारायण सेवा का मंत्र मानकर सेवा भारती वर्षों से जरूरतमंद लोगों की सेवा में कार्यरत है। इस तरह के निशुल्क शिविर लगाकर सेवा भारती लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। कमल दत्त शर्मा ने कहा सेवा भारती के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को मैं नमन करता हूं। मयंक गुप्ता ने कहा सेवा भारती के कार्यकर्ता का धर्म सेवा है। सतीश चंद्र जी ने कहा सभी को सुखी, सुरक्षित व निरोगी बनाना सेवा भारती का उद्देश्य है और यही हमारी प्राचीन परंपरा है, यही मानव धर्म है।
हड्डियों में कैल्शियम की जांच के उपरांत श्रीमती सरोज आयु 80 वर्ष ने बताया की सेवा भारती के डॉक्टर्स ने निशुल्क कैंप लगाकर हम गरीबों की मदद की है अब कैल्शियम बढ़ाने के लिए जो दवाईया लिखी हैं वह मैं अब ले लूंगी। शालिनी ने बताया कि आज मैंने पहली बार शुगर की जांच कराई है जो सही निकली है
सेवा भारती को में अच्छे कार्य के लिए धन्यवाद देती हूं। सेवा भारती महानगर उपाध्यक्ष विपुल सिंघल जी ने बताया शिविर में करीब 194 लोगों अपनी चिकित्सीय जांच कराई। फूल बाग निवासियों ने सेवा भारती व मैक्स हॉस्पिटल की भूरि भूरि प्रशंसा की।
शिविर में जयप्रकाश वर्मा, सुभाष चंद त्यागी, डा.मनोज जाटव, सुंदरलाल भुरंडा, नरेश वेद, दीपक सूद,अशोक अग्रवाल, वरुण अग्रवाल, आचार्य जितेंद्र चंडालिया, मुकेश सैनी, पी.एस.सैनी, गौरव प्रजापति, सुनील कक्कड़, सौरभ अग्रवाल, नीरज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

मानव जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण अति आवश्यक : राजा भारतेंद्र सिंह

नजीबाबाद। भाजपा किसान मोर्चा के द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद पूर्व राज्य मंत्री राजा भारतेंद्र सिंह ने कहा कि मनुष्य जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर नैनू में भाजपा किसान मोर्चा नगर मंडल नजीबाबाद व भाजपा किसान मोर्चा मंडल गजरौला पैमार ने केंद्र की भाजपा सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से अमृत सरोवर, श्रमदान, संवाद व वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सरदार मंगू सिंह की अध्यक्षता व संजय जैन पत्रकार के सशक्त संचालन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद पूर्व राज्य मंत्री राजा भारतेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी गलत नीतियों का ही परिणाम है कि जलवायु निरंतर खराब होती जा रही है। हमारे हिम ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा ही चलता रहा तो हो सकता है एक दिन गंगा, यमुना, कावेरी गोदावरी आदि नदियों में पानी ही नहीं रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व ब्लाक प्रमुख भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या के लिए हम स्वयं जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि हम अपने पशुओं की स्वयं देखभाल करें ना कि उन्हें छुट्टा छोड़ दें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा भाजपा किसान मोर्चा के निवेदन पर शीघ्र ही एक योजना तैयार की जा रही है जिससे छुट्टा पशुओं की समस्या से छुटकारा मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम को ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष व ग्राम प्रधान राहुल चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा नगर मंडल नजीबाबाद के नगर अध्यक्ष ललित पाल, मीडिया प्रभारी भाजपा किसान मोर्चा नजीबाबाद मंडल संजय जैन पत्रकार, डॉ धर्मवीर सिंह ,नरदेव सिंह, डॉ राम सिंह आदि ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में दीपक शर्मा, दीपक राजपूत, कपिल राजपूत, मनमोहन सिंह कश्यप, हरिश्चंद्र ग्राम प्रधान मौजमपुर, डॉ राम सिंह ग्राम प्रधान जक्खाकी आदि मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि राजा भारतेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा अवधेश कुमार, मंडल अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा गजरौला पैमार नरेश बिश्नोई, भाजपा किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी संजय जैन पत्रकार, प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राहुल चौधरी आदि ने सर्वप्रथम संयुक्त रूप से नगर पंचायत सचिवालय परिसर में पीपल के पौधे का रोपण किया तत्पश्चात 5 प्रगतिशील किसानों डॉक्टर नरदेव सिंह, पृथ्वी सिंह, मतलूब अहमद, तेजपाल सिंह, खुब्बन सिंह को फलदार वृक्ष भेंट कर उनसे संकल्प दिलाया कि वह उनकी परवरिश का पूरी तरह ध्यान रखेंगे। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर सभी अतिथियों व अन्य ग्राम वासियों ने श्रमदान कर अमृत सरोवर की दशा सुधारने का कार्य किया तथा अमृत सरोवर के तट पर ही कुछ किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रघुनाथ सिंह, नरपाल सिंह ,नरेश, मनोज कुमार, अरविंद सिंह आदि का सराहनीय योगदान रहा।

भगवान शंकर आश्रम, मसूरी द्वारा 12 निर्धन परिवारों को जून माह का राशन वितरित

मसूरी। उत्तराखंड। देवभूमि अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा घोषित माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अंतर्गत आज विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्र के अतिनिर्धन और वंचित 12 परिवारों को मुफ़्त जून माह का मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया।
अधिशासी प्रवक्ता माँ यामिनी श्री के अनुसार ट्रस्ट के अध्यक्ष और आश्रम के मुख्य अधिष्ठाता परमप्रज्ञ जगतगुरु प्रोफ़ेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के निर्णय के अनुसार आश्रम द्वारा समग्र मानवता के कल्याण हेतु यह अभियान गत वर्ष से संचालित है।
आश्रम द्वारा संचालित मुफ़्त भंडारा कार्ड योजना के अंतर्गत आज जून माह का राशन 12 परिवारों को वितरित किया गया।
इस सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा गया है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, 5 किलो चीनी, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, चायपत्ती, धनिया पावडर, लाल मिर्च, पिसी हल्दी प्रत्येक 250 ग्राम, एक किलो नमक प्रदान किया जाता है।अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों, निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ़ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।
आज के इस वितरण उत्सव में ज्ञानोदय वाटिका प्रमुख अविनाश सिंह अलग, आश्रम प्रबंधन समिति की ओर से माँ यामिनी श्री, अश्विनी कुमार, अजय त्यागी, कल्याणी श्री ,शिवम् आर्य, आदि का योगदान रहा।

विश्व तम्बाकू निषेध दिवस अभियान के उपलक्ष्य में जनपद स्तरीय प्रवर्तन दल द्वारा चलाया गया तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान

मेरठ। आज राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व तम्बाकू निषेध दिवस अभियान के उपलक्ष्य में जनपद स्तरीय प्रवर्तन दल के द्वारा तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान के तहत छिपी टैंक, कचहरी, आर०जी० इंटर/डिग्री कॉलेज व मेरठ कॉलेज, मेरठ के आस पास छापेमारी की गयी और सभी तम्बाकू वेंडर्स व स्कूल/ कॉलेज को कोटपा-2003 अधिनियम की धाराओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी एवं धारा-6बी का अनुपालन करने हेतु शिक्षण संस्थान के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री न करने हेतु कड़ी चेतावनी दी गयी। साथ ही सभी दुकानों पर सिगरेट व तम्बाकू उत्पादों के पैकेटों की जांच की गयी।
उक्त के क्रम में आज इफोरमिट कार्यक्रम में सम्मिलित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा स्कूल/कॉलेज व बाजारों में छापेमारी कर तबाकू उत्पादों को बेचने वाले दुकानदारों पर कोटपा 2003 अधिनियम के उल्लंघन करने व बिना वैधानिक चेतावनी वाले तंबाकू उत्पाद बेचने के कारण उन्हें चेतावनी देते हुए उनसे जुर्माना वसूला गया एवं सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पादों को बड़ी मात्रा में ऑन-स्पॉट नष्ट भी किया गया। साथ ही सभी दुकानदारों को भविष्य में बिना वैधानिक चेतावनी वासे तंबाकू उत्पाद को न बेचने व दुकानों पर 18 वर्ष से कम उम्र वाले बच्चों को तबाकू उत्पाद नहीं देने वाले बोर्ड को लगवाने हेतु भी कहा गया एवं वेंडर लाइसेंसिंग की कार्यवाही के क्रम में भी उन्हें फूड व नॉन फूड प्रोडक्ट्स को एक साथ न बेचने व लाइसेंसिंग प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की गयी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से नोडल अधिकारी डा.पूजा शर्मा, श्रम विभाग से चन्द्र प्रकाश उच्च शिक्षा विभाग से नरेंद्र कुमार, पुलिस विभाग से सारिका त्यागी व सतेन्द्र शर्मा, शिक्षा विभाग से आशीष प्रधानाचार्य व जनपद तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ से मोहित भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

विकास भवन सभागार में अध्यक्ष उ.प्र.माटीकला बोर्ड की अध्यक्षता में संपन्न हुयी समीक्षा बैठक

  • कारीगरों को बैकों से ऋण दिलाने में अधिकारीगण सहयोग करे: अध्यक्ष उ.प्र. माटीकला बोर्ड
  • जिन कारीगरों का कार्य उत्तम है उनको सम्मानित भी किया जाये: अध्यक्ष उ.प्र. माटीकला बोर्ड
  • मिटटी के बर्तन में खाना स्वास्थवर्धक, प्लास्टिक के बर्तन में खाना हानिकारक: अध्यक्ष उ.प्र. माटीकला बोर्ड ओम प्रकाश गोला प्रजापति

मेरठ: शनिवार को अध्यक्ष उ.प्र. माटीकला बोर्ड ओम प्रकाश गोला प्रजापति द्वारा विकास भवन सभागार में माटीकला से जुडे कामगारो को आवंटित पट्टो की वस्तुस्थिति, उनकी संख्या एवं उन पर हुये अवैध कब्जो के संबंध में अधिकारियों एवं माटीकला बोर्ड के लाभार्थियों के साथ समीक्षा बैठक आहूत की गयी। बैठक का उद्देश्य माटीकला का कार्य कर रहे कारीगरों को अनिवार्य रूप से मिटटी की उपलब्धता हेतु पटटो के आवंटन उनके कौशल विकास एवं उत्पादित सामाग्री की बिक्री तथा बैकों के माध्यम मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अन्तर्गत स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करना एवं निःशुल्क विद्युत चलित चाक वितरण है तथा माटीकला योजना का प्रचार-प्रसार एवं कामगारों को पुरस्कार दिलाना आदि है।
उल्लेखनीय है कि उ.प्र.प्रदेश शासन द्वारा माटीकला कारीगरों को प्रदेश निःशुल्क विद्युत चलित चाक वितरित किए जा रहे है तथा उनके कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अन्तर्गत माटीकला कारीगरों को बैको के माध्यम से वित्त पोषण कराकर अनुदान शासन द्वारा दिया जा रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि कारीगरों को बैकों से ऋण दिलाने में अधिकारीगण सहयोग करे। माटीकला से संबंधित कारीगर एवं लाभार्थियों की शिकायत निस्तारण में शिथिलता एवं लापरवाही की शिकायत पायी जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने कहा कि कारीगरो की शिकायतों का निस्तारण सदस्य माटीकला बोर्ड संजय प्रजापति द्वारा अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कराया जायेगा। उन्होने अधिकारियों से कहा कि जिन कारीगरों का कार्य उत्तम है,उनको सम्मानित भी किया जाये।
अध्यक्ष ने कारीगरों से कहा कि मिटटी के दीयों में मोम भरकर उसमें बत्ती लगाकर बेचा जाये जिससे परिवार की आय को बढ़ाया जा सके। उन्होने कारीगरों से कहा कि अपने उत्पादो की गुणवत्ता का ध्यान रखें तथा जिससे आय में बढोत्तरी हो सके। उन्होने कहा कि मिटटी से बनने वाले उत्पादो की संरचना सही होगी तो उसका दाम भी अच्छा मिलेगा। उन्होने कहा कि मिटटी के बर्तन में खाना स्वास्थवर्धक होता और प्लास्टिक के बर्तन में खाना हानिकारक होता है। उन्होने कहा कि कुल्हड ही एक ऐसा बर्तन है जो चाय पीते समय मिट्टी चूमने का एहसास कराता है। उन्होने कहा कि स्कूलों में जाकर बताये एवं लोगो को जागरूक किया जाये कि मिटटी के बर्तन में खाना फायदेमंद होता है तो मिटटी के बर्तनों का बाजार खुदबखुद बढ़ जायेगा।
बैठक में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी एव अपर जिलाधिकारी वित्त तथा अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक कारीगर को मिटटी की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये तथा माटीकला कारीगरों को मिटटी के नए-नए उत्पाद विकसित करने हेतु प्रोत्साहन किया गया ताकि उनके उत्पादों का अच्छा मूल्य बाजार मे मिल सके, उनके द्वारा सहकारी समितियों का गठन कर काॅमन फैसेलिटी सेन्टर की स्थापना कर शासन की योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया तथा नई पीढ़ी को मिटटी के बर्तन के स्वास्थ्य वद्र्वक लाभ एवं पर्यावरण संरक्षण मे उपयोगी होने के सम्बन्ध मे जागरूक होने के निर्देश दिए गए तथा बैकों को प्राथमिकता के आधार पर माटीकला के कार्यो को करने के इच्छुक अभ्यार्थियों को ऋण स्वीकृत करने के निर्देश भी दिये गए।
इस अवसर पर माटीकला बोर्ड के सदस्य संजय प्रजापति, सीडीओ शशांक चौधरी, अपर जिलाधिकारी वित्त पंकज वर्मा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र वी.के. कौशल, अग्रणी जिला प्रबंधक एस.के.मजुमदार तथा सम्बन्धित सहसीलों से प्रतिभागी तहसीलदार व विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता उपस्थित रहे।

विश्व साइकिल दिवस पर दिया साइकिल चलाने का संदेश

बागपत के साइकिलिस्ट अवनीश भारद्वाज व अभिनव भारद्वाज

बागपत। बागपत के साइकिलिस्ट नितिन कुमार, अवनीश भारद्वाज व अभिनव भारद्वाज ने सभी लोगों को विश्व साइकिल दिवस की बधाइयां दी है।
इस मौके पर नितिन कुमार ने कहा कि साइकिल हमें स्वस्थ रखती है। इससे हमारे फेफड़े, दिल व शरीर सब मजबूत होता है। साथ ही साइकिल चलाने से हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। अवनीश भारद्वाज ने कहा कि साइकिल चलाने से हमारा शरीर स्वस्थ व फिट रहता है। साइकिल हमारी बहुत सारी बीमारी जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर, डिप्रेशन, भूख न लगना, नींद न आना, बेचैनी आदि को दूर करती है। साथ ही ईंधन की भी बचत होती है और यह पर्यावरण को भी शुद्ध बनाती है, संरक्षित रखती है। अभिनव भारद्वाज ने कहा कि जमाने के साथ साइकिल का चलन कम हो गया था। लोग ज्यादातर आने-जाने में बाइक व स्कूटी को तरजीह देने लगे थे, लेकिन अब उन्हें साइकिल के महत्व के बारे में पता चला है। अब देखा जाए तो ज्यादातर लोग अपने शरीर को फिट रखने के लिए साइकिल चला रहे हैं जो बहुत अच्छा है। साइकिल के जरिए जहां बिना खर्चे के आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाया जा सकता है, वहीं यह हमारे शरीर को फिट रखने में भी काफी मददगार साबित हो रही है, इसलिए सभी को प्रतिदिन साइकिल जरूर चलानी चाहिए।

प्रदेश सरकार जातिगत जनगणना बिहार राज्य की तर्ज पर कराये

बागपत। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अशोक कश्यप ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ से जातिगत जनगणना कराने की मांग की है।अशोक कश्यप ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार जानबूझकर जातिगत जनगणना नही कराना चाहती है, क्योंकि सरकार की मनसा पिछड़ो के प्रति ठीक नही है।
अशोक कश्यप ने यह भी कहा कि यदि सरकार की मनसा पिछड़ो के प्रति ठीक है तो बिहार राज्य की तर्ज पर उत्तर प्रदेश सरकार को अपने स्तर से जाति आधारित जनगणना करानी चाहिए, जिससे प्रदेश के सभी धर्मो ओर समुदाय की गिनती हो सके और यह पता चल सके की किस समुदाय की कितनी संख्या है। जिसके अनुसार जिसकी जितनी संख्या भारी,उतनी ही सरकार में भागीदारी दर्ज हो सके।

वैदिक कन्या डिग्री कॉलेज में छात्राओं को बांटे मोबाइल फोन

भारत के टटीरी स्थित वैदिक कन्या डिग्री कॉलेज में छात्राओं को मोबाइल फोन बांटते सांसद प्रतिनिधि

बागपत। वैदिक कन्या डिग्री कॉलेज अग्रवाल मंडी टटीरी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्राओं को उच्च शिक्षा में सहयोग प्रदान करने के लिए उच्च क्वालिटी के 94 मोबाइल सेट भिजवाए हैं।
जिनको कॉलेज के बीए तृतीय एवं बीएससी होम साइंस तृतीय की छात्राओं को बागपत के सांसद डा.सत्यपाल सिंह के प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने अपने कर कमलों से वितरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार आपकी उच्च शिक्षा के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। आपको इसकी सहायता से शिक्षा में उन्नति करके अपने परिवार एवं जिले का नाम रोशन करना है। इस अवसर पर कॉलेज के सचिव अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि इस मोबाइल के सदुपयोग से आप दुनिया भर का ज्ञान गूगल के माध्यम से प्राप्त कर अपनी उन्नति के द्वार खोल सकते हैं। अध्यक्षता चौधरी ईश्वर सिंह ने की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के परीक्षा पर्यवेक्षक डा.अमित कुमार जैन, स्टेट बैंक की ब्रांच मैनेजर अर्पणा जैन, प्रबंध समिति के अशोक कुमार, जय श्रीराम, अनिल कुमार गांधी, प्राचार्य डा.कमला अग्रवाल, डा.निर्मला, शिल्पा वर्मा, ममता आर्य, प्रवीण कुमार, ममता रानी, संजय कुमार सैनी, नितिन वशिष्ठ, रामकिशोर, प्रेमवती, अनिल कुमार आदि मौजूद थे।