उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ मेरठ ने लगाया रक्तदान शिविर

0
6

मेरठ। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, मेरठ के तत्वावधान में लोक निर्माण विभाग परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद मेरठ के विभिन्न सरकारी विभागों के अभियंताओं एवं कर्मचारियों के साथ आसपास के जनपदों से आए अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। शहर के कई लोगों ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में योगदान दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह रहे। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों द्वारा रक्तदान किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है और जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाने में इसकी अहम भूमिका है।

महासंघ की ओर से प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को अभियंता दिवस (इंजीनियर्स डे) तथा महासंघ के प्रेरणास्रोत स्व. इं. आरके दत्त की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी महासंघ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर लोकप्रिय अस्पताल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम की देखरेख में आयोजित हुआ। रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच के बाद ही रक्तदान कराया गया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रशस्ति पत्र और डोनर कार्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही रक्तदाताओं के लिए पौष्टिक जलपान और आराम की समुचित व्यवस्था भी की गई।

शिविर के आयोजन में उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जनपद अध्यक्ष अंकित डांडी, उपमहासचिव पश्चिम इं. संदीप कुमार शर्मा, मंडल सचिव इं. राजेश कुमार, इं. शेरपाल शोलंकी, इं. कपिल, इं. दीपक, इं. अनिल और इं. अरविंद सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगरायुक्त सौरभ गंगवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, नगर निगम, जल निगम, इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल विभाग और लघु सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।