मेरठ सहित वेस्ट यूपी में देर रात बदला मौसम:बारिश, हवाओं ने बढ़ाई ठंडक

0
242
देर रात मेरठ सहित वेस्ट यूपी के इलाकों में हुई बारिश से बदला मौसम

मेरठ: मेरठ सहित वेस्ट यूपी के जिलों में देर रात मौसम ने फिर करवट ली। देर रात मेरठ में हुई बारिश और ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गई। मेरठ के देहात और शहरी क्षेत्र में बारिश हुई, सुबह से लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए है। बसंत पंचमी के बाद मौसम में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा था। शुक्रवार रात को हवा और बरसात के बाद फिर से ठंड का अहसास होने लगा।
दिल्ली से वेस्ट यूपी तक गिरा तापमान, नोएडा में गिरे ओले
मेरठ सहित दिल्ली एनसीआर और वेस्ट यूपी के आसपास के जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसके चलते तापमान में भी गिरावट है। शनिवार की सुबह से मेरठ का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दिल्ली में 16 डिग्री, सहारनपुर में 14 और रामपुर में 14, मुरादाबाद में 16 डिग्री सेल्सियस सुबह का तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिनभर बारिश और ठंडी हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है। इसके चलते ठंडक रहेगी। नोएडा में भी रात 12 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छाने शुरू हो गए। रात करीब 9 बजे से हल्की-हल्की बूंदाबांदी जगह-जगह पर देखने को मिली, लेकिन उसके बाद अचानक रात 12 बजे के बाद मौसम और ज्यादा बिगड़ गया। जमकर बारिश शुरू हो गई और करीब एक बजे ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। बताया जा रहा है, करीब 10 मिनट तक जगह-जगह पर जमकर ओले बरसे।
आज 24 घंटे हवा, बारिश की संभावना
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक एन सुभाष के अनुसार शनिवार को पूरे 24 घंटे मेरठ सहित सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, नोएडा, गाजियाबाद में मौसम बदला रहेगा। बारिश की संभावना है। साथ ही हवाएं भी चलेंगी इसकी वजह से ठंड रहेगी। कहीं ओले भी गिर सकते हैं। एन सुभाष के अनुसार होली से पहले अक्सर मौसम में ये उतार चढ़ाव देखा जाता है। होली पर भी मौसम ठंडा रह सकता है। 24 घंटे तक घटाएं रहेंगी इसके बाद मौसम साफ होगा।

मेरठ में सुबह से ही छाए हुए हैं बादल

सरसों, चना, गेंहू के लिए नुकसानदायक बारिश
कृषि वैज्ञानिक डा.अनिल तोमर के अनुसार बेमौसम बारिश का बड़ा असर चना, सरसों और गेंहू की फसल पर होगा। होली के आसपास नया सरसों, चना और गेंहू तैयार होता है। इस समय कई खेतों में किसानों की ये फसल तैयार खड़ी है। बारिश, ओले और तेज हवाओं के कारण ये फसल गिर जाएगी। दाना खेतों में बिखरने से किसानो ं को नुकसान होगा। सरसों की फसल बिल्कुल कटने को तैयार थी, लेकिन ओलावृष्टि की वजह से सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं कई जगह पर तेज हवा की वजह से गेहूं की फसल भी गिर गई है।
शिवभक्त कांवड़ियों पर बरसी भोलेनाथ की कृपा
मौसम में हुए बदलाव से शिवभक्त कांवड़ियों की राह आसान हो गई है। 1 मार्च को महाशिवरात्रि है। महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ पर गंगाजल चढ़ाने के लिए कांवड़िए हरिद्वार की तरफ जल लेने निकल पड़े हैं। पैदल चलकर हरिद्वार, गोमुख तक जल लेने जा रहे कांवड़ियों के लिए मौसम की ठंडक अच्छी है। कांवड़ियों को धूप और गर्मी से बचाव होगा और आसानी से जल लेकर आ सकते हैं। शिवभक्त मौसम के बदलाव को भगवान की कृपा मान रहे हैं।

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here