मसूरी(देहरादून)। उत्तराखंड। देवभूमि उत्तराखण्ड में अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फ़ाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा घोषित माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अन्तर्गत आश्लेषा नक्षत्र की षष्ठी को क्षेत्र के अतिनिर्धन और वंचित 21 परिवारों को जून माह का निःशुल्क मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया।
आधुनिक युग में अन्नदान का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है। तकनीकी प्रगति के कारण अन्न दिन-रात उत्पादित हो तो रहा है किंतु समाज का एक बड़ा वर्ग कुपोषण जैसी समस्याओं का शिकार है। भौतिक चीज़ों की अतिशयता है किंतु देने का भाव और क्रिया विलुप्त होती जा रही है। इन भावरहित परिस्थितियों में आर्यम जी महाराज का या कार्य अद्वितीय है। अन्नदान न केवल ज़रूरतमंदों की भूख मिटाता है, बल्कि उन्हें गरिमा और आत्मसम्मान का अनुभव भी कराता है। समाज में करुणा, सहानुभूति, संचार और सहयोग की घटती भावना को प्रबल कर, सामाजिक एकता और भाईचारे को मज़बूत बनाता है। संकट के समय, जैसे महामारी या प्राकृतिक आपदाओं में, अन्न दान समाज के लिए संबल बनकर उभरता है और निर्धनों को आशा व सुरक्षा प्रदान करता है।
कोरोना काल में श्री गुरुदेव के सानिध्य में भगवान शंकर आश्रम ने प्रति सप्ताह सवा सौ परिवारों को राशन वितरित किया था।
अन्न दान भारतीय संस्कृति में सर्वोच्च दान माना गया है, क्योंकि यह निःस्वार्थ सेवा और मानवता का प्रतीक है। गुरुदेव श्री आर्यम का कथन है कि जब आप छोड़ते हैं तभी पाते हैं। दान पुण्य का कर्म कर आप अपने व्यक्तित्व में विनम्रता, त्याग और सेवा की भावना विकसित करते हैं, जो आपके आत्मिक और नैतिक विकास के लिए आवश्यक है। जब लोग अन्न दान जैसे पुण्य कार्यों में भाग लेते हैं, तो वे दूसरों को भी प्रेरित करते हैं और सामाजिक ज़िम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देते हैं।
भंडारा कार्ड धारक व्यक्तियों को दी जाने वाली सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाता है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, 5 किलो चीनी, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, चायपत्ती, धनिया पावडर, लाल मिर्च, हल्दी प्रत्येक 250 ग्राम, एक किलो नमक आदि प्रदान किया जाता है। अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों ,निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ़ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।
आज के इस वितरण कार्यक्रम में हरीश त्यागी, सोमलता दलाल, अजय त्यागी, प्रीतेश आर्यम, संतोष, सतीश, अरविंद शर्मा, अंजलि सोनकर, रुचि, रीना चौहान, कविता मलिक, रेणु सचदेवा, इंदिराबेन मिश्रा आदि का सहयोग रहा।
Copyright 2021 @ Divyavishwas News | All Rights Reserved