- लुधियाना कोर्ट परिसर में धमाका होने से महिला समेत 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। इस धमाके में एक दीवार भी गिर गई।

चंडीगढ़: लुधियाना कोर्ट परिसर में धमाका होने से महिला समेत 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। इस धमाके में एक दीवार भी गिर गई। धमाका इतना तेज था कि काफी दूर तक उसकी आवाज सुनाई दी। पुलिस की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। इस मामले की जांच जारी है।
धमाके में दो लोगों की मौत की खबर
इस बीच ताजा जानकारी के मुताबिक लुधियाना कोर्ट की तीसरी मंजिल में हुए इस ब्लास्ट में दो लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की खबर है। धमाका होते ही कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। घायलों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले देश की राजधानी दिल्ली की एक कोर्ट में धमाका हुआ था। तब वहां मौजूद नायब घायल हो गया था।
धमाके के पीछे देश विरोधी ताकतें: मुख्यमंत्री
इस धमाके को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री का बयान आया है। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि इस धमाके के पीछे देश विरोधी ताकतों का हाथ है। उन्होंने ये भी कहा कि बेअदबी मामले के बाद अब धमाके के जरिए साजिश रची गई है इसलिए पंजाब के लोगों को सावधान रहना चाहिए।
‘चुनाव से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश’
सीएम चन्नी ने ये भी कहा कि प्रदेश में चुनाव से पहले सूबे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। वहीं लुधियाना के पुलिस कमिश्नर जीपीएस भुल्लर ने भी धमाके पर लोगों को जानकारी दी है।
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जताई चिंता
धमाके के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की प्रतिक्रिया भी आई है। उन्होंने ट्वीट करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है।