धूमधाम से मनाया सपाइयों ने मुलायम का जन्मदिन

0
228
मुलायम सिंह के जन्म दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पूर्व विधायक अजय यादव
  • सरकार बनाने का लिया संकल्प

एटा। समाजवादी पार्टी ने सोमवार को जनेश्वर मिश्र सभागार में मुलायम सिंह यादव का 83 वां जन्मदिवस धूम धाम से मनाया। केक काटा गया और कार्यकर्ताओं ने 2022 में प्रदेश में फिर से सरकार बनाने का संकल्प लिया।
जन्मदिन दिवस समारोह में पूर्व विधायक अजय यादव का कहना था कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा किसानों,गरीबों,मजदूरों और शिक्षकों के लिए संघर्ष किया। वह पार्टी के आयोजनों में आम कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन करते थे। पार्टी के लोगों का काफी सम्मान करते थे। वह तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और एक बार केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। प्रदेश में चुंगी समाप्ति,किसानों के कर्ज माफी जैसे कई ऐतिहासिक फैसले उन्होंने किए है। अजय यादव ने कहा कि वह 1991 में नेताजी मुलायम सिंह से जुड़े और उनके काम को देखते हुए तीन बार जिला पंचायत का अध्यक्ष बनाया गया। अजय यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील की 2022 के चुनाव में जिसेभी पार्टी टिकट दे,तन-मन-धन से चुनाव लड़ाया जाए। तभी सरकार बन सकती है। पूर्व सांसद कैलाश यादव ने मुलायम सिंह को बेहद जुझारू व्यक्तित्व का धनी बताया। उनका कहना था कि एक छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने बहुत मेहनत से इतनी बड़ी पार्टी बनाई और चार बार प्रदेश में सरकार उनकी वजह से बनी। आज समाजवादी पार्टी बहुत बड़ी पार्टी बन चुकी है और 2022 में निश्चित रूप से सरकार बनाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष चेयरमैन परवेज जुबेरी का कहना था कि सभी कार्यकर्ता नेताजी के जन्मदिवस पर संकल्प लें और हर हाल में 2022 में सरकार बनाने में जुट जाएं। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज में विघटन करने की कोशिश करेगी लेकिन कार्यकर्ता तत्परता से उसके मंसूबे नाकाम कर दें। कार्यक्रम को पूर्व ब्लॉक प्रमुख वजीर सिंह यादव और अनिल कुमार यादव, पालिका के पूर्व चेयरमैन राकेश गांधी, जसवीर सिंह, पूर्व विधायक रणजीत सुमन, पूर्व विधायक अमित गौरव, महिला सभा की जिला अध्यक्ष डा.राजकुमारी धनगर आदि कई नेताओं ने संबोधित किया।

Leave A Reply

Please enter your comment!
Please enter your name here